Showing posts with label मेरी कविताई : जीवन की धुनाई-विचारों की कताई- सपनों की बुनाई. Show all posts
Showing posts with label मेरी कविताई : जीवन की धुनाई-विचारों की कताई- सपनों की बुनाई. Show all posts

Friday, January 16, 2026

चाहतों का क्या!

 

चाहतों का क्या है! 

चाहतें तो पागल होती हैं। 

जैसे अक्सर मैं चाहती हूँ कि

नंगे धूसर पहाड़ों को

बसंत के हरेपन से ढँक दूँ, 

नदियों को प्रदूषणमुक्त पानी से

लबालब भर दूँ, 

घाटी के सूख चुके सोतों को

फिर से जीवित कर दूँ। 

चाहती हूँ कि उत्पादन, राजकाज और समाज के

पूरे तंत्र पर उत्पादन करने वाले क़ाबिज़ हों

और फ़ैसले की पूरी ताक़त

उनके हाथों में हो। 

चाहती हूँ बराबरी और आपसी सम्मान से

भरा ऐसा प्यार जो मुक्ति का पर्याय हो

और जिसकी मौन उपस्थिति में

आत्माएँ संवाद करें कविता की भाषा में। 

जो नहीं है और जिसे होना ही चाहिए

उसकी कामना में खरचती हूँ जीवन

और सोचती हूँ कि दुनिया में अगर

नहीं हुआ करतीं कुछ पागलपन भरी चाहतें

तो मनुष्यता का भविष्य क्या होता! 

लेकिन सिर्फ़ चाहने से क्या होता है! 

इसलिए दीवारों पर नारे लिखती हूँ, 

पोस्टर चिपकाती हूँ, 

नये-नये पर्चे तैयार करती हूँ, 

अध्ययन-चक्रों और रात्रि-पाठशालाओं में

सपने और विचार बाँटती हूँ

और आदतन कविताएँ भी लिखती हूँ। 

अब तुमसे क्या बात करूँ मेरे भाई! 

तुम तो जो है उसे ही स्वीकार करके

जीने को जीना समझते हो, 

बदलाव की हर कोशिश की निरर्थकता पर

वैचारिक ग्रंथ और महान कविताएँ लिखते हो, 

हत्यारों की सत्ता से मिले तमगों को 

छाती पर सजाये इतराते हुए घूमते हो

और जब अकेलेपन से त्रस्त हो जाते हो

तो अध्यात्म की गुफा को शरण्य बनाते हो। 

बेहतर है कि तुमसे संवाद करने की जगह

तुम्हारी सच्चाई बताई जाये उन लोगों को

जो विचारों की दुनिया में जब आँखें खोलते हैं

तो तुम्हारे शब्दों के ऐन्द्रजालिक आकर्षण में

उलझ जाते हैं। 

**

(16 जनवरी 2026)


Tuesday, November 18, 2025

पराजय के दिनों में सर्वहारा राजनीति का क़सीदा

 

तुम नहीं गाती हो

खोयी हुई चीज़ों का शोकगीत।

बस उन्हें स्मृतियों में सुरक्षित रखती हो। 

जो निर्माण किया जाना है भविष्य में

तुम उसकी कविता सुनाती हो

कभी एक सहज बयान

तो कभी एक फंतासी की शैली में। 

तुम पूर्वजों के आख्यानों में

जीवितों की साँसें पिरोती हो

और यूटोपिया को विज्ञान में

बदल देती हो। 

तुम जीने के लिए मरना सिखाती हो, 

धरती के अभागों को 

सपने देखना सिखाती हो, 

और दबे-कुचले लोगों को

बग़ावत में उठ खड़े होने में

मनुष्य होने का अहसास कराती हो। 

तुम्हारी संगत में हमने जाना कि 

बुराइयों से नफ़रत किये बिना

अच्छाइयों से प्यार नहीं किया जा सकता

और तुमसे ही हमने जाना कि

बार-बार के विपर्ययों 

और अंधकार युगों की वापसी के बावजूद इतिहास का अंत कभी नहीं होता

और रोटी, इंसाफ़ और बराबरी के लिए

जारी लड़ाई से जो कभी पीछे नहीं हटते

उनके जीवन में अकथ दुख आते हैं

लेकिन रंगों की कभी मृत्यु नहीं होती। 

आततायी बागों को उजाड़ते रहते हैं

लेकिन फूल अपने लिए खिलने की जगह

ढूँढ़ ही लेते हैं। 

**

(18 Nov 2025)

Wednesday, October 01, 2025

एक सुबह ऐसी ...

 

कहीं सूखे काठ पर चल रही है आरी। 

सड़क पार झोपड़ी के सामने बैठी एक औरत

मोढ़े की बुनाई कर रही है। 

हरे पत्तों के झुरमुट में ठुनक रही है गिलहरी। 

प्रेमातुर बुलबुल चीख रही है। 

चिलकती धूप में भटकते हुए इधर-उधर

बहुत दिनों से नहीं देखा था सूरज का उगना। 

हत्या और आतंक के मौसम में 

बस एक ज़िद थी न झुकने की

और घृणा, बस घृणा

तमाम समझौतों और दुरभिसंधियों से। 

इस बीच बादल आते रहे और

बरस-बरस कर जाते रहे। 

ऐतिहासिक दुर्दिनों से गुज़रते हुए

फिर भी कहीं दबी रही ज़िन्दगी के

कोमल हाथों की छुअन। 

फुर्सत की इस विरल सुबह

जैसे कि युगों बाद

सुन रही हूँ जगती हुई ज़िन्दगी की आवाज़ें। 

देख रही हूँ सूरज का उगना। 

परे हटो तुच्छ चाहतों और कलंकित प्रसिद्धियों से

मण्डित महत्वाकांक्षी छायाओ! 

सुबह की धूप आने दो

मेरी कोठरी और दिल के कोने-कोने तक। 

ज़िन्दगी मुझे बहुत सुन्दर लग रही है

और संघर्ष का संगीत मेरे पोर-पोर को

संतृप्त कर रहा है। 

**

(1 Oct 2025)

Saturday, August 30, 2025

मैं ग़ज़्ज़ा हूँ

 

मैं ग़ज़्ज़ा हूँ

मैं ग़ज़्ज़ा हूँ

आउश्वित्ज़ और तमाम गैस चैम्बरों का

एक जीवित स्मृति स्तंभ। 

मेरे भीतर साँस लेते हैं

भस्मीभूत हिरोशिमा और नागासाकी। 

मैं वियतनाम में कार्पेट बॉम्बिंग की

जीती-जागती मिसाल हूँ। 

हड्डियों, राख, रक्त और लाशों के

चीथड़ों और खण्डहरों और 

जैतून के ठूँठों से भरी मेरी छोटी सी धरती पर

इतिहास की तमाम यातनाएंँ एक साथ

निवास करती हैं। 

मैं विश्वासघातों और आत्मसमर्पणों के साथ ही

जिजीविषा, युयुत्सा और मुक्तिस्वप्नों के

अमरत्व का भी सबसे विश्वसनीय

और प्रामाणिक गवाह हूँ। 

जब भी तुम समझोगे

एक आततायी समय में जीने के लिए

ज़िन्दगी दाँव पर

लगाकर लड़ने की ज़रूरत, 

ख़ुद को मेरे साथ खड़ा होने के लिए

मजबूर महसूस करोगे।

#ग़ज़्ज़ा

(30 Aug 2025)

Friday, August 22, 2025

#ग़ज़्ज़ा


 वहाँ इन्द्रधनुष उगता है

लहूलुहान। 

मौत की बारिश के बीच

ज़िन्दगी साँस लेती रहती है। 

#ग़ज़्ज़ा

(22 Aug 2025)

Monday, August 11, 2025

ज़ुल्म की बारिश के दिनों में प्यार की बातें


आतंक और निराशा के 

ऐतिहासिक दिनों से गुज़रते हुए

एक दिन मैंने पूछा उससे, तुम प्यार में 

कब पड़े पहली बार

और फिर कितनी बार? 

उसने बताया कि वह प्यार में पड़ता नहीं, 

उठता रहा। 

जब भी पड़ने को हुआ प्यार में, 

प्यार ने उसे ऊपर उठा दिया

और ऊँचाई से ज़िन्दगी उसे 

और साफ़ नज़र आने लगी। 

फिर बताया उसने कि

प्यार करने की चन्द सफलताओं 

और बहुतेरी विफलताओं के बीच

वह आम लोगों से उम्मीदों और सपनों की

सौगातें हासिल करता रहा

और ज़िन्दगी को प्यार करना सीखता रहा

जैसे इंसाफ़ को और आज़ादी को प्यार करते हैं

 ग़ज़्ज़ा के रहवासी 

मौत की दिन-रात जारी बारिश के बीच।

**

(11 Aug 2025)


Sunday, July 06, 2025

शीर्षकहीन एक कविता

 

इक सुनहली याद

जैसे खेत में छूटी पके दानों  की इक बाली। 

कि जैसे भोर के धुँधले क्षितिज पर

उभरती लाली। 

कि जैसे रात में बांदल नदी यह दून घाटी की

और इसके किनारे 

बिना पत्तों का खड़ा यह पेड़। 

उदासी रात सी निस्तब्ध। 

लेकिन इस अँधेरे में कहीं से आ रही है रोशनी

लम्बा सफ़र तय करके। 

रक्तवर्णी फूल हँसते हैं

 वहाँ निस्संग डालों पर। 

हिलते हैं, उमगते हैं

लपकते पास आने को। 

**

(6 Jul 2025)


Sunday, June 08, 2025

कविता मुहावरा मसाला श्रृंखला में चौथी कविता

 

बहुत हुआ जब इज़्ज़त का फालूदा। 

कहने लगे लोग कि न छाती छप्पन इंच की

न भेजे में गूदा। 

तब विश्वगुरू ने पूछा एक सनातन सवाल

फिर क्या था, पूरी दुनिया में मच गया बवाल। 

पूछा कि कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा? 

चक्कर खा गया पुतिन

भकुआया ताकता रह गया

गुड फ्रेंड दोलाण्ड ट्रम्प बेचारा। 

*

(8 Jun 2025)

Friday, June 06, 2025

कविता मुहावरा मसाला श्रृंखला में तीसरी कविता

 


मथुरा में रहती है। 

मध्यकाल और आधुनिक काल के बीच

आवाजाही करती है। 

राधा कालेज स्कूटी से आती है। 

लौटानी में डोमिनोज़ का पिज़्ज़ा खाती है। 

फिर वृंदावनबिहारी के आश्रम में जाती है।

भजन गाती है

भागवत कथा बाँचती है। 

नौ मन तेल पेरने पर भी मेरे लिए

राधा नहीं नाचती है। 

मइया कसम, अब तो

बजरंग दल में जायेंगे। 

जिनके लिए राधा नाचती है

उनके पिछवाड़े लट्ठ बजायेंगे। 

**

(6 Jun 2025)

Thursday, June 05, 2025

कविता मुहावरा मसाला श्रृंखला में दूसरी कविता

 


हरदम उत्पात मचाते हैं। 

तर्क-विवेक से जानी दुश्मनी निभाते हैं। 

अदरक का स्वाद

उन्हें भाता नहीं । 

लेकिन उनका कहना है कि

बन्दरों से उनका कोई नाता नहीं। 

उनकी तो एक भारत माता 

और दूजी गोमाता है। 

इससे ज़्यादा उन्हें कुछ नहीं आता है। 

**

(5 Jun 2025)

Tuesday, June 03, 2025

कविता मुहावरा-मसाला श्रृंखला


 

लगभग दूध का धुला

लोग कहते थे कि हालाँकि कोई

एकदम दूध का धुला नहीं होता

लेकिन वह काफ़ी हद तक

कहे जा सकते हैं। 

मैं मिली तो वाक़ई उनको लगभग

दूध का धुला पाया। 

वह काफ़ी चिपचिप कर रहे थे। 

उनकी बातें भी काफ़ी चिपचिपी थीं

और कविताएँ तो इतनी कि बस

पूछिए ही मत! 

**

(3 Jun 2025)


Saturday, May 31, 2025

चमकती चीज़ों के युग में एक मृत्यु

 


अपनी मृत्यु के समय तक वह क़रीब-क़रीब

बीते हुए ज़माने के स्मृतिचिह्न बनकर

रह गये थे और शहर के संवेदनशील लोगों को

बीच-बीच में अचानक याद आता था कि अरे! 

अभी वह जीवित हैं! 

उनका इतिहास गौरवशाली कहा जा सकता था

लेकिन वर्तमान में उनकी उपयोगिता के बारे में

ज़्यादातर लोगों को संदेह था

जो ज़्यादातर प्रकट नहीं होता था

सार्वजनिक तौर पर

या छिपा होता था औपचारिक सम्मान-प्रदर्शन

के पुष्पगुच्छों की ढेरी के नीचे। 

उनकी विद्वत्ता पर संदेह करने वाले

या कम से कम उसकी सीमा बताने वाले

तो उनके कुछ समकालीन भी हुआ करते थे

लेकिन उनकी मनुष्यता के सभी क़ायल थे

यहाँ तक कि उनके दुश्मन भी। 

फिर यह समय आया धीरे-धीरे कि

मनुष्यता के साथ विद्वत्ता का संयोग

विरल होता चला गया और लोग यह मानकर

चलने लगे कि जहाँ विद्वत्ता होगी वहाँ दुष्टता

अनिवार्यतः उपस्थित होगी, ख़ास तौर पर 

हिंस्र, दुर्निवार महत्वाकांक्षा की शक़्ल में। 

आश्चर्य था कि कुटिलता, निराशा और

व्यवहारवाद के वर्चस्व के नये युग में भी

वह बरसों जीते रहे एक शापित सा जीवन

और महत्वाकांक्षाओं से चमकती

सोने के सिक्के जैसी आँखों वाले 

प्रभावशाली स्त्री-पुरुष निश्चिन्त थे

कि वह जीवित ही इतिहास बन चुके थे। 

फिर भी इतना तो था कि जिस दिन वह मरे

उस दिन पूरे शहर में उनकी चर्चा हुई 

और लोगों ने कुछ इसतरह की बातें कीं कि

बहुत बढ़िया इंसान थे और विद्वान भी थे

और उनका भी एक ज़माना था 

और वह भी क्या ज़माना था! 

*

हालाँकि उनकी शवयात्रा में श्मशान तक 

कुल तैंतीस लोग ही गये थे

लेकिन यह संख्या गर्मी और लू के मौसम को

देखते हुए सन्तोषजनक कही जा सकती थी। 

श्मशान तक तो गाड़ियों में ही जाना था सबको

और अन्तिम यात्रा में शववाहन में उनके

पार्थिव शरीर  के साथ बैठने के लिए

बस थोड़ी ही धक्कामुक्की हुई। 

जाहिर है कि सफलता उन्हें मिलनी  थी

जो पहले से तैयार थे, 

प्रत्युत्पन्नमति से सम्पन्न थे

और सही समय पर सही कदम उठाने की

योग्यता थी जिनके पास। 

फिर शववाहन से अर्थी उतारकर

कंधे पर उठाने में और आगे-आगे चलने में भी

वे ही आसानी से सफल हुए

जिनके पास योजना थी कि यथासमय

अपने को उनका सुयोग्य उत्तराधिकारी

सिद्ध कर सकें। 

अन्तिम क्रिया सम्पन्न हुई विद्युत शवदाह गृह में

आनन-फानन में। 

कई लोगों ने फेसबुक पर शोक संदेश

भेज दिया था वहीं से माला लदे

पार्थिव शरीर के साथ अपनी तस्वीर लगाते हुए।

अगले दिन शोकसभा में कुल इक्यासी लोग

उपस्थित थे और हर्षदायी होने की हद तक

सन्तोषजनक बात यह थी कि ढाई घण्टे के 

कार्यक्रम के दौरान कोई मजबूरी बताकर

बीच से उठकर जाने वाले सिर्फ़ तेरह थे। 

बाकी बचे अड़सठ लोगों में से

सत्ताइस वक्ता थे जिनके पास

एक से एक मार्मिक यादें थीं

जो दिवंगत से उनकी बेहद क़रीबी दिखलाती थीं। 

इसतरह नये ज़माने से पुराने ज़माने की

विदाई हुई और सभागार से बाहर निकलते हुए

किसी एक ने कहा दूसरे से, "चलिए, इसी बहाने

मिलना तो हो गया आपसे। 

कभी घर आइए न, 

थोड़ी बातें करेंगे तसल्ली से।"

**

(31 May 2025)

Monday, May 19, 2025

एक बेचैन नींद का क़सीदा

 


मेरी बाँयी ओर

पड़ी है धूल-धूसरित  नींद

ख़ून में लथपथ

बेचैन छटपटाती हुई

एक अधूरी छूट गयी कविता की तरह

अंजाम तक न पहुँचे किसी अफ़साने की तरह

बरसाती नदी में बह गये डाकिये के थैले में

क़ैद किसी बेचैन प्रेमपत्र की तरह

छत पर पड़ी एक घायल पतंग की तरह

बीच-बीच में हवा के झोंकों से सिहरती

आसमान में अपनी फड़फड़ाहट को याद करती। 

तानाशाह अत्याचार करते-करते 

थककर निढाल हो जाते हैं

लेकिन षड्यंत्र और विद्रोह के भय से

सोते नहीं। 

कुचल दिये गये लोग

जबतक जागने की आदत न डालें

तबतक एक सुकूनतलब नींद 

उन्हें नसीब नहीं होती। 

जागने और सोने के बीच झूलने को

अभिशप्त होते हैं वे लोग तबतक

जबतक कि फिर से उठ खड़े होने के बारे में

सोचना शुरू नहीं कर देते। 

एक सच्चे कवि की बेचैन नींद भी

जागती रहती है

अँधेरे जैसे उजालों में

जब लोग जगे रहते हैं

सोने रहने की तरह। 

**

(19 May 2025)


Sunday, May 04, 2025

कविता_रोशनाबाद

 

मुहब्बत का शजरा 

इलाही मियाँ, साकिन गाँव निजामपुर, ब्लॉक हसनपुरा, जिला सिवान, बिहार 

अब्बू की पिटाई और पढ़ाई के ख़ौफ़ से 

भागकर गये थे कलकत्ता 

जब मुल्क इमरजेंसी के ख़ौफ़ के साये तले

जी रहा था।

चटकल में जल्दी ही डबल ताँत चलाने लगे

और घर भेजने लायक कमाने लगे।

कलकत्ता में इश्क़ हुआ उनका 

एक मछली बेचने वाली बंगालन से।

बताते चलें कि इलाही मियाँ के अब्बू 

रज्जाक मियाँ भी नामी-गिरामी आशिक थे 

अपने ज़माने के।

सत्रह के थे जब अपने मामा की शादी में 

गये थे तरवारा बाज़ार से पचरुखिया।

फिर मामा से भी अधिक जाने लगे

उनके ससुराल और एक दिन 

मामी की छोटी बहन को ही भगा ले आये

निजामपुर।

फिर क्या था, निकाह होना ही था।

वापस लौट चलें इलाही मियाँ की दास्तान पर।

उन्नीस सौ अस्सी की दहाई में  कलकत्ता के 

चटकल जब बन्द हो रहे थे एक के बाद एक 

तो अपनी बंगालन बीवी और आठ साल की

बेटी सकीना को लेकर गाँव आ गये इलाही मियाँ 

और बटाई पर खेती करने लगे।

सकीना करने लगी दूसरों के खेतों में मजूरी 

अपनी माँ के साथ।

सत्रह की उम्र में 

निकाह हुआ सकीना का पास के गाँव के 

एक दुहाजू भट्ठा मालिक के साथ 

लेकिन वह दस दिनों बाद ही मायके भाग आयी।

पूछने पर बस इतना ही बताया कि मुआ

लगता भर साँड़ है, वैसे है पूरा बैल।

चन्द दिन ही गुज़रे थे कि 

सकीना का दिल जा लगा इमरान डफाली से 

जो ख़ानदानी पेशा छोड़ 

अब चूड़ियांँ बेचता था गाँव-गाँव घूमकर।

फिर सकीना ने घर बसाया उस छैल-छबीले

 इमरान मसूदी के साथ।

दोनों ने खोल ली चूड़ी-टिकुली की एक दुकान 

हसनपुरा बाज़ार में।

इधर गाँव वाले करते रहे तरह-तरह की बातें 

और बीवी के ज़ोर देने पर

इलाही मियाँ फिर चले गये कलकत्ता 

जो अब कोलकाता कहलाता था।

दिसम्बर 1992 में जब गिरायी गयी बाबरी मस्जिद 

उसी रात इमरान और सकीना की

झोंपड़ी जला दी गयी 

और लूट ली गयी दुकान।

इमरान के मामू जान लाये फिर दोनों को 

देवबंद अपने साथ।

सकीना की बेटी मुनीजा तब दो साल की थी।

आगे का किस्सा बस इतना रहा कि

इमरान मरा एक रोड एक्सिडेंट में 

और तीन साल बाद डेंगू ने जान ले ली सकीना की 

मुनीजा जब सोलह की थी।

इमरान के मामू मुनीजा की शादी 

करवाना चाहते थे अपने नवासे से 

लेकिन मुनीजा का दिल लगा था अनवर से

जो यतीम था और ख़ादिम था 

मदरसा मदनिया में तालीम देने वाले 

एक मौलवी साहिब का।

मौक़ा देख अनवर के साथ भाग आयी 

मुनीजा रोशनाबाद 

और पठानपुरा बस्ती में आ बसी जिसे सभी 

छोटा पाकिस्तान कहते हैं।

मुनीजा दवाइयों की एक फैक्ट्री में 

पैकिंग का काम करती है 

और अनवर मुलाज़िम है एक कूरियर कम्पनी में।

मुनीजा हँसोड़ है और हाज़िर जवाब भी।

कहती है,"मैं तो ख़ानदानी दिलफेंक हूँ आपा!

इश्क़ और मेहनत-मशक़्क़त - ये दो चीज़ें 

मेरे ख़ून में हैं!

मेरा शजरा मुहब्बत का शजरा है।"

**

डफाली - उप्र और बिहार में ओबीसी में वर्गीकृत एक मुस्लिम जाति जो पारम्परिक तौर पर सूफ़ी दरगाहों के बाहर या शादी-ब्याह और पारिवारिक उत्सवों के मौक़े पर डफ़ या डफ़ली बजाया करती थी।

शजरा - वंशवृक्ष।

(4 May 2025)


Monday, April 28, 2025

बर्फ़बारी के मौसम का क़सीदा


बाहर बर्फ़बारी जंगल को

यंत्रणा दे रही है। 

असम्पृक्त भालू अपनी खोह में

शीतनिद्रा में पड़ा हुआ है। 

परिचित दुखों के आदी लोग

अपरिचित दुखों के दुर्गम प्रदेश से

गुज़र रहे हैं। 

मध्यकालीन मन्दिर का पुराना विशाल घण्टा

बजा रहे हैं जश्न मनाते हुए 

नये ज़माने के हत्यारे। 

हिम के बोझ से पुराने पत्ते गिर रहे हैं। 

बीज इन्तज़ार कर रहे हैं बर्फ़ की परत के नीचे

तापमान के बढ़ने का। 

**

(28 Apr 2025)

Saturday, April 05, 2025

बेवजह, बेतरतीब सवालों का क़सीदा

 

('सवालों की किताब' पढ़ने के बाद नेरूदा से चन्द सवाल) 

लोहे की साँस कहाँ है? 

क्या लुहार की भाथी में? 

और उसकी ताक़त? 

क्या भट्ठी की आग में? 

जीवन में कितनी हो कविता

कि कविता में धड़कता-थरथराता 

रहे जीवन? 

विद्वानों के हृदय 

क्या अबाबील के अण्डे जैसे होते हैं? 

क्या आसमान में उड़ती पतंगें

छतों पर वापस आना चाहती हैं

या परिन्दों के साथ उड़ते हुए

दूर देश चली जाना चाहती हैं? 

क्या सच्ची कविताएँ और निश्छल हँसी

चीलें उठा ले जाती हैं इनदिनों? 

क्या लकड़बग्घों को

शेयर बाज़ारों की जानकारी होती है? 

या वे कला-वीथिकाओं में पाये जाते हैं

इनदिनों? 

क्या सपनों की चोरी दिन-दहाड़े हो सकती है

या उन्हें गिरवी रखकर जीवन बीमा की

पालिसी ख़रीदी जा सकती है? 

क्या उदासी की कविताओं के बिना भी

उम्मीदों की कविताएँ हो सकती हैं? 

क्या मरुथलों के सपनों में

हरा रंग होता है? 

नदियाँ सागर से मिलने के लिए

बेचैन अधिक रहती हैं

या अपने उद्गम ग्लेशियर की याद में

उदास अधिक रहती हैं? 

क्या कोई आत्मीय दुख अनावृत्त होकर

अपनी रहस्यमय आभा खो देता है

और कविता के प्रदेश से 

बहिर्गमन कर जाता है?

ध्रुव प्रदेशों के सफ़ेद भालू क्या कभी

देख सकेंगे रंग-बिरंगी तितलियों की दुनिया? 

सहजता का स्वाद क्या कभी

चख सकेगी विकट विद्वत्ता? 

अपनी सींगों की जटिलता के बारे में क्या

कभी सोचता है बारहसिंगा? 

क्या बुद्ध कभी भी क्रुद्ध नहीं हुए होंगे? 

क्या बिल्लियाँ मनुष्यों के सपने

देख सकती हैं? 

क्या दरवाज़े भी इन्तज़ार करते हुए

थक जाते होंगे? 

कला वीथिका की भीड़ से बेपरवाह

बैंगनी रंग का घाघरा पहने

हेनरी मतीस की स्त्री

कौन सी किताब पढ़ रही है? 

इस मायूसी भरी रात में

बीथोवेन की सिम्फ़नी 'एरोइका'

कहाँ बज रही है?

**

(5 Apr 2025)

Sunday, March 30, 2025

एक सपने का क़सीदा जिसमें शहतूत का कटा हुआ पेड़ पड़ा था रक्तरंजित

 

शहतूत के कटे हुए तने से बहता हुआ रक्त

मेरे हृदय में प्रवाहित हो रहा था। 

उसके फलों के कत्थई गुच्छों पर 

मँडराती मधुमक्खियाँ

मद्धम गुनगुन स्वर में विलाप कर रहीं थीं। 

हवा की सांत्वना की शान्तिवादी कोशिशें

विफल हो चुकी थीं। 

सोशल डेमोक्रेटिक  बकरियों को उम्मीद थी कि

फिर भी कुछ हरी पत्तियाँ बची रह जायेंगी

चबाने के लिए

अगर कुछ प्रार्थना पत्र लिखे जायें

मिमियाहट की विनम्र भाषा में। 

कविगण ख़ुशहाली के नये उद्यानों की ओर

प्रस्थान कर चुके थे सुन्दर कविताओं के साथ

फौजी बूटों तले कुचले गये फूलों से भरी

सड़कों पर सफ़र करते हुए। 

जलकुम्भी के विस्तार ने सोख लिया था

पानी के ऑक्सीजन का बड़ा हिस्सा। 

तालाब में जहाँ कमल खिले थे

वहाँ कुछ लाशें तैर रही थीं। 

सौन्दर्यशास्त्र की सुनहरी जिल्द वाली

किताबों पर बैठे थे चितकबरे बिसखोपरे। 

नींद के दरवाज़ों  पर कोई लगातार

दस्तक दे रहा था

इस सपने के क़ैदख़ाने से

बाहर आने के लिए आवाज़ लगाते हुए। 

**

(30 Mar 2025)


Monday, March 24, 2025

एक अकेले दुख का क़सीदा

 

मृत निजी क्षणों की अवांछित संतान था वह। 

एक अकेला दुख। अनाथ। 

उगा था दिल के नीमअँधेरे, सीलनभरे कोने में। 

एक मटमैले मशरूम की तरह। 

किसी लापरवाही का नतीजा। 

कुपोषित। क्षयग्रस्त। पीतमुख।

घाटी के छोटे से वीरान रेलवे स्टेशन पर अक्सर

घूमता मिलता था निरुद्देश्य। 

मध्यकालीन पत्थर की सीढ़ियों के

हर मोड़ पर ठहरकर

आसपास उदास नज़रें डालता हुआ

वापस लौटता था

घरों के पीछे की गलियों से होकर

लोगों से बचता-बचाता

अपने खण्डहर हो रहे निवास तक जाता था

जब घुग्घू रातों की रहस्यमयी यात्राओं पर

निकल चुके होते थे। 

सामूहिक दुखों के संग-साथ से

अपरिचित वह एकान्तिक निजी दुख

एक रात अपने असह्य अकेलेपन से त्रस्त

किसी विरल आपवादिक क्षण में

बस्ती की मुख्य सड़क पर आ गया हठात्

या शायद अनायास। 

एक घर का दरवाज़ा थोड़ा सा धकेल

झाँका उसने अन्दर। 

वहाँ शोर था एक-दूसरे से अपरिचित लेकिन

नितान्त आत्मीय सामूहिक दुखों का

और जीवन के अनन्त उल्लास का

और उम्मीदों का समूह नृत्य चल रहा था।

ये भाप की तरह उड़कर आये थे

रोज़मर्रा की ज़िन्दगी के समन्दर से

और उस कमरे में उमड़-घुमड़ कर बरस रहे थे। 

घबराकर झट दरवाज़ा भेड़ दिया उसने। 

बेइख्तियार उमड़ आये आँसुओं की तरह

वह फिर अपने कोटर में वापिस 

लौट जाना चाहता था लेकिन

अपनी उत्सुकता दबा नहीं पाया और

पीछे की ओर जाकर एक बन्द खिड़की की

झिरियों से भीतर झाँकने लगा। 

उसे ख़ुद भी पता नहीं चला कि कब 

एक साँप की तरह रेंगता हुआ वह खिड़की से

अन्दर घुसा और कोने में रखे धूल-गर्द से ढँके

पुराने पियानो में समा गया। 

जब भी मामूली लोगों की ज़िन्दगी के

सामूहिक दुखों या उल्लास का शोर 

शिखर पर होता था

पियानो रोता था चुपचाप।

**

(24 Mar 2025)

Sunday, March 16, 2025

पहाड़ों की सर्दियों की कठिन रात का क़सीदा

 

 इस चोटी से उस चोटी तक

घाटी के आरपार फैले

विशाल काले कम्बल के किस कोने में

सुनहरी नागिन 'हिस्स-हिस्स' कर रही है?

ओ सुनहरी नागिन! यहाँ नहीं मिलेंगे तुम्हें

बिल्लौरी आँखों वाले घमण्डी हरे मेढक

और मुझे डँसकर तुम विषरिक्त हो जाओगी। 

मैं तो बची रहूँगी फिर भी

लेकिन तुम कहाँ जाओगी अपने सन्देहों

और अपनी प्यास  के साथ? 

सो जाओ इस  विशाल अँधेरे

विस्तार के किसी कोने में। 

देखो, उधर इतिहास से डरी हुई

चितकबरी बिल्ली सो रही है

भविष्य की अनिश्चितता के बारे में आश्वस्त 

बूढ़े भूरे खरगोश के साथ। 

महत्वाकांक्षी घुग्घुओं का आकलन है कि यह

लम्बी रात उनकी प्रसिद्धि का युग है। 

नदी के इस पार से बेचैन चकवी पुकार रही है

पिछले पहर से

और मर्दवादी चकवा नहीं दे रहा कोई जवाब। 

इतनी रात को सफ़ेद चाँदनी की सिसकियों के बीच

किसके लिए चमक रही हैं हिममण्डित चोटियाँ

और आसमान से झरते दूध की फुहारों में

भीग पा रहे हैं कितने शोकसंतप्त हृदय?

नीचे घाटी की कटोरी में तैर रहे हैं जो जुगनू

कहीं डूबकर मर तो न जायेंगे? 

सारे आदमखोर गुलदार तराई के साल के

जंगलों की ओर चले गये हैं। 

क्या वे आगे मैदानों की ओर जायेंगे? 

वहाँ तो पहले से ही आदमखोरों का 

आतंक है  इनदिनों! 

उधर राजधानी की हवा में इतना प्रदूषण है

कि किसी भी तरह से देखी नहीं जा सकतीं

पहाड़ों पर टिमटिमाती बत्तियाँ। 

और हमें भी तो नहीं पता कि कितनी दूर तक

जाती है इन जलती बत्तियों की रोशनी

सघन कोहरे को भेदती हुई। 

हठी बत्तियाँ फिर भी जलती रहती हैं हर रात।

मैदानी महानगरों के कलाकेन्द्रों में 

रूपवादी कछुए

खुर्दबीनों पर झुके हुए नयी कला-सामग्रियों की

जाँच-पड़ताल में डूबे रहते हैं। 

**

(16 Mar 2025)


Saturday, March 08, 2025

एक नीले सपने का क़सीदा

 

काले-भूरे राजकीय हिंसा के घटाटोप में

लाल रक्त घुल रहा था अँधेरे में। 

सड़कों पर फ़ासिस्ट शोर का साम्राज्य था

मन्दिरों के घण्टे पूरी ताक़त के साथ 

बज रहे थे

और क़ब्रिस्तान में रात की वीरानगी में

पीले जुगनू चमक रहे थे।

पीछा करते हत्यारों से बचने के लिए मैं

तंग घुमावदार अँधेरी गलियों से होकर

भाग रही थी कि सहसा

नींद में या कि जागे में

खुला एक दरवाज़ा

और मैं वास्तविक या कि अवास्तविक

किसी और दुनिया में प्रवेश कर गयी। 

वहाँ एक सपने के नीलेपन में

सबकुछ नहाया हुआ था। 

एक काव्यात्मक नीले आवेग में। 

उम्मीदों से लबरेज़

निर्भीक तरुणाई के निष्कलुष नीलेपन में। 

चाँदनी भी बरस रही थी नीली। 

वनस्पतियों ने इजाज़त माँगी थी वहाँ उस रात

कि नीली हो जायें। 

नीलेपन के उस स्वप्निल विस्तार में

मैंने एक लाल रंग का सपना देखा। 

शायद सपने में एक सपना

और ख़ुशी से मर गयी। 

नीला पड़ गया मेरा शरीर

और नीले सपने में घुल गया।

फ़र्श पर पड़ा था पराजित,  किंकर्तव्यविमूढ़

इस्पात का वही चमकता हुआ चाकू

जो मेरी पीठ में धँसा हुआ था। 

**

(8 Mar 2025)


Tuesday, March 04, 2025

पहाड़ों में बर्फ़बारी का क़सीदा

 

ओ सफ़ेद झबरे पिल्ले! 

आओ लुकाछिपी खेलें। 

तुम्हारी ऊब की उधड़ी हुई गेंद लेकर

मैं हरे पत्तों में छुपा दूँगी। 

तुम उसे ढूँढ़ते-ढूँढ़ते पानी बन जाओगे। 

ऐसे ही मैंने छुपा कर रख दी थीं

सालों पहले की एक नीरस बर्फ़बारी में

पाला मारे पत्तों की ढेरी में

अपनी कुछ गुप्त चीज़ें

कुछ ख़ुद की कमाई और कुछ विरासत में हासिल, 

और वे मुझे फिर कभी नहीं मिलीं। 

लेकिन मुझे मिलती रहीं कुछ दूसरी 

नयी-नयी चीज़ें, मसलन, 

एक हरी गेंद, 

एक गुलूबंद, 

बारहसिंगे के सींग, 

स्की की एक जोड़ी, 

बर्फ़ काटने की कुल्हाड़ी, 

चिट्ठियों और मानचित्रों से भरा एक थैला, 

उपजाऊ मिट्टी में बदलने को तत्पर

राख की एक ढेरी जो पिछली गर्मियों की

जंगल की आग की निशानी थी, 

और ऐसी ही कुछ दूसरी चीज़ें। 

इनका बेशक़ एक संग्रहालय भी

बनाया जा सकता था

लेकिन ऐसी चीज़ों को, जैसे कि किताबों को, 

या कविताओं को, या सपनों को 

इकट्ठा करने पर

आतंकवादी क़रार दिया जा सकता था

और जलावतनी की सज़ा सुनाई जा सकती थी। 

तेजाब की तरह मैदानों में बरसती हैं 

आदमखोर बुराइयाँ बारहों मास। 

जानलेवा बाढ़ का पानी कभी उतरता ही नहीं। 

भोर के तारे ख़ून से लाल उगते हैं। 

हवा रुदालियों की तरह रोती है। 

पहाड़ों की बर्फ़बारी की 

नीरवता में होना भी

माना जाता है राज्यसत्ता के ख़िलाफ़।

चलो हम और ऊँचाइयों की ओर चलें

यूँ ही लुकाछिपी का नाट्य रचते हुए

एक-दूसरे को दौड़ाते हुए

और अपनी तमाम बटोरी हुई चीज़ें

बर्फ़ में गहरे गाड़ दें 

कहीं ऐसी जगह

जहाँ सिर्फ़ साहसी खोजी यात्री ही

पहुँच सकते हों 

आने वाले समय में। 

चाँदनी में रुई के फाहे की तरह 

उड़ रहा है

नटखट सफ़ेद झबरा पिल्ला। 

चाँद हँस रहा है 

टेढ़ा उगते इकलौते दाँत वाले 

शिशु की तरह। 

पीछे छूट गयी कविताओं की डायरी

एक हिम तेंदुआ 

चबा-चबाकर खा रहा है। 

तीन हरी-कत्थई कलगियों वाले 

भोजपत्र के ठूँठ पर बैठी

मैं एक नयी कविता लिख रही हूँ। 

**

(4 Mar 2025)

Saturday, March 01, 2025

पहाड़ों में सर्दियों के मौसम का क़सीदा

 

रोशनी की पीली चमकती कुल्हाड़ी से

इस पारदर्शी बर्फ़ की सिल्ली को काटो

वीराने के मुसाफ़िर! 

बहने दो मेरे नीले पड़ते

सिकुड़ते हृदय से रक्त अविरल। 

वनस्पतियों की प्यासी जड़ों को

पीने दो उसे। 

मेरे कराहते फेफड़ों को

बाँज के घने हरे पत्तों से

छनकर आती हवा को सोखने दो। 

बस मुझे सोने मत देना इस बीच

जगाये रखना 

सड़कों से बटोरकर लायी गयी

दुख भरी आवाज़ों के शोर से

और शिशुवत चमकते धूप के सपने

और साँवले गर्दो-गुबार की 

लौकिक जीवंतता से। 

सुदूर उत्तर से आये प्रवासी पक्षियों ने

ढूँढ़ लिये हैं अपने मौसमी ठिकाने

और ऊँचे पहाड़ों की ढलानों से उतरकर

बकरियाँ तराई के साल वनों में

मटरगश्ती कर रही हैं। 

अप्राकृतिक झीलों में तैर रही हैं चिन्तनरत

 चार-पाँच शान्तिप्रिय बौद्धिक बत्तखें

और चंद कर्तव्यनिष्ठ आज्ञाकारी घोड़े 

पर्यटकों को पीठ पर लादे

सुनसान पहाड़ी सड़कों पर चले जा रहे हैं। 

मुझे बेचैनी भरा संगीत आत्मा के कोटरों में

भर देने वाले बनजारों के कारवाँ का

इन्तज़ार है। 

उनके साथ मुझे उन ग्लेशियरों तक जाना है

जिन्होंने सदानीरा नदियों के लिए

पानी सँजो रखा है। 

रंगहीन पारदर्शी बर्फ़ की सिल्ली पर

नहीं सोना है मुझे। 

सफ़ेद कुदरती बर्फ़ के विस्तार में

चलते हुए निष्प्राण होकर गिर पड़ना 

मेरा चिरसंचित सपना है। 

**

(1 Mar 2025)

Thursday, February 27, 2025

पहाड़ों की शाम की बहुरंगी उदासी का क़सीदा

 

सुरमई रंग की एक चादर 

मन्द-मंथर गति से लहराती हुई

हरी कच्ची बालियों वाले गेहूँ के 

सीढ़ीदार खेतों पर उतर रही है। 

रोशनी पीली पड़ती हुई

ऊपर चोटियों की ओर

खिसकती जा रही है। 

सामने आग का लाल गोला

नीचे की ओर तेज़ी से

लुढ़कता जा रहा है। 

चारे का गट्ठर लिये एक बूढ़ी स्त्री

चढ़ रही है ऊपर बस्ती की ओर। 

एक पुरानी उम्मीद की मद्धम पड़ती पुकार। 

निरुद्देश्य सड़क पर चहलकदमी

कर रहा है  काला भोटिया कुत्ता। 

एक उत्तर-आधुनिकतावादी विचार। 

अखरोट के सख़्तजान दरख़्त से 

बदन रगड़ रही है एक बूढ़ी गाय। 

प्राच्य निरंकुशता का सीपिया रंग

चमकता हुआ सबाल्टर्न कोलाहल में। 

आसमान के अदृश्य आँसुओं से

भीग रहा है

एकाकी शापित देवदारु तले बैठी लड़की का

नीला स्कार्फ

और वह बेख़बर माल्टा चूस रही है

जैसे पिछली सदी का कोई सपना। 

प्यार पर एक अराजनीतिक कविता। 

सहसा बुरांश के झुरमुट से 

उड़ता है एक मुनाल

और इम्प्रेशनिस्ट पेंटिंग के फ्रेम से

बाहर निकल जाता है। 

क्लोद मोने झुँझलाते हुए ब्रश और पैलेट

ढलान पर फैली झाड़ियों में फेंक देते हैं। 

रंग बिखर जाता है इधर-उधर

पत्तों और घास पर। 

जल्दी ही चाँदनी का अवाँगार्द हिरन

इन्हें चर जायेगा

और धूसर विचारों में सराबोर

स्वप्नहीनता के शिकार 

रात के सभी स्वच्छंदतावादी पखेरू 

इस दुखद घटना के बारे में चुप रहेंगे। 

एक अनुर्वर  शाम 

निर्दोष भोली आत्माओं के  शिकार के लिए

घात लगा रही है। 

रात में डोलेंगी बेरहम बुराइयों की

रहस्यमय परछाइयाँ

और  पंचायत घर की कोठरी में बैठे सयानों को

सबकुछ पता होगा

कि कल कब-कब कहाँ-कहाँ

कितनी हत्याएँ होंगी! 

अच्छी ख़बरों की उम्मीद इनदिनों भला

कहाँ किसी को होती है? 

हर स्टिललाइफ़ पेंटिंग में

अदृश्य होती है जीवन की गति। 

विचारों के पहरे में

जो कविताएँ जागती रहती हैं सारी रात

वही कई-कई रातों और दिनों के

गुज़रने के बाद

किसी एक सुबह

जीवन का एक नया जादुई आख्यान

लेकर आती हैं। 

**

(27 Feb 2025)

Tuesday, February 25, 2025

बेसबब ख़्वाहिशों का क़सीदा


ओ बूढ़े पेड़! 

मुझे पकी लकड़ी से पहले

कुछ हरी पत्तियाँ दो

और कुछ कत्थई कोंपलें। 

सपनो! 

मुझे अपने भीतर ले लो। 

यादो! 

मुझे भूल जाओ। 

दरवाज़ो! 

मुझे अन्दर आने दो! 

प्यार! 

तुम एक नयी शुरुआत बनकर

फिर आओ अचानक एक दिन

चकित करते हुए। 

पानी! 

मेरी आत्मा में बहो चुपचाप। 

आँधियो! मुझे उड़ा ले चलो अपने साथ

अज्ञात प्रदेशों की ओर। 

आत्मा के घावो! 

तुम हरे बने रहो। 

आग! 

तुम अभी राख में छिपी प्रतीक्षा करो! 

रोशनी! 

तुम आविष्कार की तरह आओ! 

किस्सो! 

मेरे मरने का इन्तज़ार करो! 

कविता! 

तुम बरसो! ख़ूब बरसो! 

मुझे तरबतर कर दो! 

आँसुओ! 

अभी रुके रहो! 

मैं अभी ख़ूबसूरत रंग-बिरंगे 

पत्थरों के बाज़ार में खड़ी हूँ। 

**

(25 Feb 2025)


Monday, February 24, 2025

पहाड़ों के बुरे सपनों का क़सीदा

 

लो, मैंने रख दिया है

पूरब से लाया हुआ यह घायल, मूर्छित 

लाल गुलाब

इस निर्जन पर्वत शिखर पर

एकाकी उदास सरू वृक्ष की

संरक्षणशील छाया में

ध्यानमग्न पुरातन चट्टान के पास

पवित्रता के मिथकों और

प्यार के काले-भूरे ध्वंसावशेषों से दूर। 

यहाँ छलना ऋतुओं के मोहक वायदों पर

भरोसा करने की कोई बाध्यता नहीं है। 

हवा हाँफती हुई ढोकर ला रही है नीचे से

किसी ऐतिहासिक पियानो का प्रदीर्घ शोकगीत। 

बहते जल में वैराग्य जगा रही हैं

प्राचीन मन्दिर की हिलती घण्टियाँ।

स्मृतियों में सोयी  हैं कितनी अपरिहार्य

और नैसर्गिक ग़लतियाँ

आसमानी रंग की चादर ओढ़े हुए। 

कहाँ हैं महान पवित्र अपराधों के 

पुरातात्विक प्रमाण? 

बसन्त की कविताएँ चुरा लेने वाला इन्द्रधनुष

कब आने वाला है इकतारा बजाते 

बस्ती-बस्ती भटकते जोगी के

अधूरे प्यार की कथा सुनाने? 

ओ सुदूर घाटियों से आये बूढ़े चरवाहे! 

तुम्हारी बाँसुरी कहाँ है और तुम्हारा कम्बल?

घायल सूरज लुढ़कने ही वाला है 

शिखर से उस पार की ढलान पर

चारों ओर अपना गाढ़ा लाल ख़ून फैलाते हुए। 

तुम्हारी बकरियाँ सोयेंगी कहाँ

ऐसी डरावनी रातों में

जब मक्कार हिमालयी तेंदुए की परछाइयाँ

सपनों तक में डोलती रहती हैं

और बुरे वक़्तों की फ़तहयाबी का सिलसिला

जारी रहता है। 

**

(24 Feb 2025)

Wednesday, February 19, 2025

हुकूमत की ओर से जारी कुछ निर्देश

 (घटिया लोगों के बारे में एक घटिया कविता) 


मत करो अपने अधिकारों के लिए फाइट। 

सारी समस्याओं की जड़ हैं मुल्ले

हम उनको कर रहे हैं टाइट। 

लव जेहाद लैंड जेहाद मज़ार जेहाद

चलाने वाले घुसपैठियों के घरों पर

चला रहे हैं बुलडोज़र

आपकी ज़िन्दगी में फैला रहे हैं लाइट। 

भूल जाओ बेरोज़गारी, मँहगाई और

नागरिक स्वतंत्रता को

देखो हिन्दू-धर्म-ध्वजा की लगातार बढ़ती हाइट। 

खोदेंगे हम मस्जिदों को

मंदिरों के निशान ढूँढ़ने के लिए

छोड़ेंगे नहीं कोई साइट। 

भारत को फिर से बनायेंगे सोने की चिड़िया और

इतिहास में सैकड़ों साल पीछे जाकर

गजनवी, गोरी और बाबर को देंगे

ज़बरदस्त फाइट। 

महाबली डोलाण्ड है हमारा जिगरी दोस्त

जूते भी मारेगा भिगोकर तो बड़े प्यार से

फिर एफ-35  उड़ायेंगे हम जैसे काइट। 

और ये देखो, जल्दी ही राजधानी में उतरने वाली है

पुतिन की भी फ्लाइट। 

इन्तज़ार करो फिर से नयी ख़ुशियों का

टीवी चैनलों पर प्रसारित होने वाली है

 नॉनबॉयोलॉजिकल हिन्दू-हृदय-सम्राट की 

एक नयी बाइट। 

और तुम्हें क्या चाहिए भूखे नंगे नामुरादो! 

देखो इक्कीसवीं सदी में विश्वगुरू भारत की

बढ़ती हुई माइट। 

भक्त बनो, भीड़ बनो, रेवड़ बनो भेड़ों के

यह सोचना तुम्हारा काम नहीं कि 

क्या है रांग और क्या है राइट। 

**

(19 Feb 2025)


Monday, February 17, 2025

भगदड़

 (कविता के रूप में न स्वीकारना चाहें तो इस एक कवितानुमा बयान, या एक गद्यगीत या एक राजनीतिक विचार-कविता के रूप में पढ़ सकते हैं) 


भगदड़ हमारे समय का राष्ट्रीय रूपक है। 

कुम्भ मेले में भगदड़

स्टेशनों पर भगदड़

सड़कों पर भगदड़

सपनों में भगदड़

विचारों में भगदड़

कला और साहित्य में भगदड़

बाज़ार में भगदड़

शेयर मार्केट में भगदड़... 

भगदड़ एक राष्ट्रीय और वैश्विक परिघटना है। 

भगदड़ एक भेड़िया है जो कभी

मनुष्य का शिकार करती है तो कभी मनुष्यता का। 

*

अराजकता अन्तर्निहित अभिलाक्षणिकता है

माल-उत्पादन की प्रणाली की। 

संकट जब बढ़ता है 

मुनाफ़े की दर के गिरने की आम प्रवृत्ति के कारण

और मन्दी गहराती है तो भगदड़ मच जाती है

भूमण्डलीय बाज़ार में। 

भगदड़ मच जाती है तब समाज में, सड़कों पर 

जब सबसे ऊपर बैठे हुए लोग पूँजीवादी

संकट का विकट बोझ डाल देते हैं

नीचे के लोगों पर। 

लोग भागते हैं सड़कों पर 

पाँच किलो अनाज, या बेहद छोटी-छोटी चीज़ों, 

या कुछ बुनियादी ज़रूरतों, 

या अपने दुखों से मुक्ति, 

या मोक्ष-प्राप्ति के लिए

अपने जैसे ही लोगों को कुचलते हुए

और जो सबसे कमज़ोर होते हैं

वही सबसे पहले मौत का निवाला बनते हैं। 

जब संकट के दीर्घायु दौर जारी रहते हैं

तो सत्ता के शीर्ष पर जा बिराजते हैं

आधुनिक बर्बर

चाहे वे फ़ासिस्ट हों या निरंकुश स्वेच्छाचारी,

चाहे वे जनवाद का मुखौटा भर लगाये रहें

या चाहे उसे भी उतार फेंकें। 

ये आधुनिक बर्बर सुव्यवस्थित ढंग से पैदा करते हैं

सड़कों पर अव्यवस्था

और इनकी सुचिन्तित नीतियांँ 

सड़कों पर, जीवन में, नानाविध रूपों में

भगदड़ को जन्म देती हैं। 

*

जैसे शान्त, सुसज्जित, भव्य मंत्रणा कक्षों में

होने वाले कारोबारी सौदों से

सड़कों पर आतंक और मौत का खेल 

खेलने वाली बर्बरता का जन्म होता है, 

उसीतरह योजनाबद्ध ढंग से निर्मित नीतियाँ

सड़कों पर जानलेवा भगदड़ को जन्म देती हैं। 

निराशा और दिशाहीनता के नये-नये आधुनिक

और उत्तर-आधुनिक विचारों के साथ ही

पुरानी मूर्खताएँ भी उन्नततम संचार-माध्यमों पर सवार

दिग-दिगंत की यात्रा करती रहती हैं। 

नये नशों के साथ पुराने नशे भी

बिकते रहते हैं नये चलन के खाद्य पदार्थों में मिलाकर

आकर्षक पैकिंग में लपेटकर। 

कथित धर्मनिरपेक्षता के साम्राज्य में

आला अदालत का जज ईश्वर के परामर्श से

कथित विवादित पूजास्थल के बारे में

फ़ैसला सुनाता है

बहुसंख्यक धार्मिक आबादी के पक्ष में

और एक धार्मिक मेले के प्रचार में

कथित धर्मनिरपेक्ष राज्य मशीनरी अरबों-खरबों रुपये झोंक देती है। 

ऊपर जो नीतियांँ बनती हैं व्यवस्थित ढंग से

वही कई बार सड़कों पर जनसंहारकारी

भगदड़ों को जन्म देती हैं

और हत्यारे कहीं नज़र नहीं आते

और बहुत सारे चतुर सुजान अपने सुरक्षित घरों में बैठे

जनता को ही दोषी ठहरा देते हैं कि

वही अपनी रूढ़िवादी मूर्खता के चलते

आत्मघात के रास्ते पर चल पड़ती है। 

अपने हरावल के नेतृत्व में ही जनता

करती है इतिहास का निर्माण

और क्रान्तिकारी वैज्ञानिक चेतना

उसके भीतर से स्वत: नहीं पैदा होती

बल्कि बाहर से डाली जाती है। 

बेशक़ जनता की पिछड़ी चेतना की भी

की जानी चाहिए मित्रतापूर्ण आलोचना

लेकिन जनता इस आलोचना पर तभी कान देगी

जब आलोचना करने वाला उसका भरोसेमंद साथी हो, 

उसकी लड़ाइयों का सहभागी हो। 

उसी शिक्षक से सीखता है विद्यार्थी

जो ख़ुद सीखता है उनसे जिन्हें सिखाता है, 

जो बोलने से पहले सुनता है

और सिखायी हुई चीज़ों को अमल में

लाने के दौरान भी साथ खड़ा रहता है। 

*

तो भगदड़ में मरने वाली जनता को

उसकी पिछड़ी चेतना और धार्मिक कूपमण्डूकता के लिए

कोसने वाले वैज्ञानिक चेतना वाले बुद्धिजीवियों से

यह सवाल तो बनता ही है

कि तुम जिन चीज़ों को जानने का दावा करते हो

उसे जनता को बताने के लिए

अबतक तुमने क्या किया, 

कितना रहे और लड़े आम लोगों के साथ, 

जीवन क्या जिया? 

लेकिन उससे भी पहले सवाल यह भी किया जा सकता है कि

क्या वास्तव में चीज़ों को जानते हो तुम भी

या मुग़ालते में जीते हो? 

क्या आभासी सतह को भेदकर

सारभूत सत्य तक पहुँच है तुम्हारी

या बस यूँ ही चुबलाते और उगलते रहते हो

जुमले और मुहावरे भारी-भारी? 

**

(17 Feb 2025)

Saturday, December 14, 2024

खोना-पाना


देखो, मैंने सारे प्यार खो दिए

जैसे बचपन में सिक्के खो देती थी रास्ते में। 

और अब मैं नहीं पहुँच सकती तुम तक। 

बीते दिनों के रास्ते मुझे याद नहीं 

और दूर से आती प्रेमविह्वल पुकारें

डूब रहीं हैं

जलती हुई बस्तियों से उठते शोर में। 

यह चीज़ों को खोने और पाने की 

एक नयी कथा है

और मैं उम्र का एक बड़ा हिस्सा 

ख़र्च कर चुकी हूँ। 

वक़्त के गिद्ध ने चेहरे पर पंजों के निशान

छाप दिये हैं लेकिन हाँ, हृदय तक वह 

नहीं पहुँच सका है अबतक। 

मैंने अपने सपने छुपा कर रख दिये हैं

फ़लाकत-ज़दा लोगों की बस्ती में

और अब प्यार के मायने बदल चुके हैं

मेरे लिए। 

और वैसे भी मैं बेहद साफ़-सुथरी जगहों 

और दिलों में

व्यवस्थित नहीं हो सकती। 

मेरा हृदय ख़ून में लथपथ है और

ख़ून सनी मिट्टी और लम्बे सफ़र की थकान से

लिथड़ी हुई हैं मेरी जर्जर जूतियाँ जिन्हें पहने हुए

 मैं किसी सुसंस्कृत-सम्भ्रान्त नागरिक के घर

भला कैसे जा सकती हूँ! 

वापस बुला लो तुम अपनी पुकार। 

प्रतीक्षा के पतंग की डोर लपेट लो। 

मैं जीवन की तलाश में किसी नये

नक्षत्र मण्डल की यात्रा पर

जा रही  हूँ। 

**

(14 Dec 2024)

Wednesday, December 11, 2024

ऐसी ट्रैजेडी यह नीच...

 

 कालेज के दिनों में बढ़िया गाते थे, 

आन्दोलनों में आगे-आगे चलते हुए नारे लगाते थे, 

मुहब्बत और इंक़लाब की कविताएँ भी

लिखते-सुनाते थे मनोहर लाल शर्मा जी। 

गुज़रे दिनों को वह याद करते हैं

नास्टैल्जिक और उदास होकर

और फिर सब्ज़ीबाड़ी में निराई-गुड़ाई करने

चले जाते हैं। 

वर्तमान समय के बारे में चुप रहते हैं

या क्षुब्ध। 

भविष्य की बात आती है तो सिर्फ़

अपने बच्चों के बारे में सोचते हैं

आशंका और अनिश्चितता से भरे हुए। 

एक सपना था पुराना कि फिर से कविता लिखेंगे

जो हो नहीं सका। 

फिर ख़याल आया एक दिन कि कविता नहीं

कुछ गद्य-वद्य ही लिखें

और काग़ज़-कलम लेकर बैठ गये डाइनिंग टेबल पर। 

असम्भव सा लग रहा था फिर भी जमे रहे। 

इतने में पत्नी ने आकर कहा,"मिर्चे का अँचार

भरने के लिए मसाला चाहिए, आनलाइन

मंँगाने में शुद्धता की कोई गारंटी नहीं होती। 

शनिवारी बाज़ार लगा है, चलो चलकर लाते हैं।"

सहसा जैसे हलक़ में कुछ अँटक गया। 

फूटने को हुई बरसों से दबी हुई रुलाई। 

तेज़ी से उठकर भागे बाथरूम की ओर

मनोहर लाल शर्मा जी। 

**

(11 Dec 2024)


Sunday, December 01, 2024

एक मध्यवर्गीय विद्रूप काव्यात्मक विडम्बना

 

एक मध्यवर्गीय विद्रूप काव्यात्मक  विडम्बना  

कायरता तो जैसे हमारे ख़ून में थी

और इन्तज़ार करना हमारा जीवन था।

प्रार्थना पत्रों और निवेदनों की भाषा 

हमें घुट्टी में पिलायी गयी थी 

और मामूली लोगों के प्रति थोड़ी दया और कृपालुता ही

हमारी प्रगतिशीलता थी।

हमारी  दुनियादारी को लोग

भलमनसाहत समझते थे।

संगदिली हमारी उतनी ही थी 

जितनी कि तंगदिली।

अत्याचार और मूर्खता से उतने भी दूर नहीं थे हम

जितना कि दिखाई देते थे और दिखलाते थे।

जब ज़ुल्म की बारिश हो रही हो

और कुछ भी बोलना जान जोखिम में डालना हो

तो हम चालाकी से अराजनीतिक हो जाते थे

या कला और सौन्दर्य के अतिशय आग्रही,

या प्रेम, करुणा, अहिंसा, मानवीय पीड़ा,

ख़ुद को बदलने आदि की बातें करने लगते थे।

और लोग इसे हमारी सादगी और भोलापन 

समझते थे या अतिसंवेदनशीलता।

न जाने हम दुर्दान्त तपस्वी थे वनवासी 

या कला की असाध्य वीणा के अप्रतिम साधक

या अपना हृदय किसी ऊँचे शमी वृक्ष के कोटर में 

रखकर भेस बदलकर बस्तियों में घूमने वाला

कोई मायावी अमानुष

या महज एक दीर्घजीवी कछुआ, 

लेकिन इतना तय था कि कुछ भी 

मनुष्योचित नहीं रह गया था 

हमारे भीतर।

हमारी आत्मा की आँखें नहीं थीं

और न ही कान।

हाँ लेकिन कविताएँ हम

बहुत सुन्दर लिख लेते थे।

**

(1 Dec 2024)

Saturday, November 23, 2024

कविता की एक रात

 

कविता की एक रात

सुदूर उत्तर-पूर्व से बहती हुई

रक्त-रेखा चुपचाप एक नदी बनती 

आगे बढ़ रही थी। 

मानचित्र के शीर्ष पर केसर के खेतों में

राइफलें खड़ी थीं। 

मध्य क्षेत्र में जंगल कटे पड़े थे

और लाशें गिर रही थीं

कटे पेड़ों की तरह। 

हवा में जो प्रदूषण था उसमें

ज़हरीली गैसों से अधिक दमघोटू

आतंक की गंध थी। 

उन्मादी शोर का ध्वनि प्रदूषण चरम पर था। 

समंदर की छाती पर टिमटिमाती बत्तियांँ

अनुपस्थित थीं उस रात

और सिर्फ़ कुछ आवाज़ें थीं रहस्यमय

अँधेरे में। 

चाँद गहरी नींद सो रहा था

और तारे शोकाकुल थे। 

बस कुछ कवि जग रहे थे

रात्रि के इस बेचैन प्रहर में

उद्विग्नचित्त, 

दुनिया की सबसे ख़ूबसूरत, 

सर्वप्रिय कविता लिखने की कोशिशों में

डूबे हुए। 

दरबार से बुलावा आया था। 

अगले दिन ही रवानगी थी। 

**

(23 Nov 2024)


Tuesday, November 19, 2024

उदासी के गीत और प्रेम की कविताएँ मेरे लिए

 

उदासी के गीत और प्रेम की कविताएँ मेरे लिए

वह कच्ची समझ का एक रूमानी ज़माना था

जब मेरे पास भी उदासी के गीतों

और प्रेम की कविताओं का एक पूरा खजाना था। 

दुनिया-ज़माने के तमाम दुख तब हाशिये पर

निवास करते थे

और अक्सर तो अपने ही दुख और राग-विराग

समूची दुनिया के लगा करते थे। 

उदासी के गीतों और प्रेम की कविताओं की

कभी गिनती नहीं की मैंने

न उनके बारे में किसी को राज़दार बनाया। 

फिर कवियों के हिसाब से जब प्यार में

डूब मरने के दिन थे

तब मैंने देखा अपने देश में राख-अँधेरे की बारिश

और नेरूदा से ही यह नज़र मिली कि जब

गलियों में लहू बह रहा हो

तो कविता में फूल-पत्ती और मौसम की बातें

भला कैसे कर सकता है कोई सच्चा कवि

और यह भी कि, 

दिल को सच्ची कविता का आवास बनाये बिना

भला कैसे हो सकता है कोई सच्चा प्रेमी! 

इसतरह जब कविताओं और सच्चे प्यार के

दिन आये तो पुरानी रूमानियत से लबरेज़ डायरियों

और पुरानी प्रेम कविताओं के साथ

पुराने प्रेमपत्रों को भी जलाने के दिन आ गये। 

और नये प्रेम की नयी तलाश भी यहीं से शुरू होनी थी। 

प्रेम आया भी बहुत सारा, और बहुत सारे रूपों में

लेकिन नयी दुविधाओं और समस्याओं के साथ। 

मेरी चाहतों और सपनों की राह 

उन घाटियों से होकर जाती थी

जहाँ ज़िन्दगी की ख़ूबसूरती पर

राख बरसती रहती थी

और इंसाफ़पसंदगी को दहशतगर्दी का

दरजा दे दिया गया था। 

इसी राह मैं चली लेकिन चाँद और इन्द्रधनुष

और चुम्बनों की चाहत से सराबोर मेरे किसी भी

प्रेमी को ज़िन्दगी जोखिम में डालना

मंजूर नहीं था। 

प्यार हो या इंसाफ़, इनकी क़ीमत

ज़िन्दगी से अधिक नहीं, उनका कहना था। 

जाहिर है कि मैंने नहीं बदला अपना फ़ैसला

क्योंकि मैं प्यार के लिए भी ज़िन्दगी दे सकती थी

और इंसाफ़ और आज़ादी के लिए  भी

और शेली से भी मुझे प्यार था

और वाल्ट ह्विटमन से भी

और नाज़िम हिकमत और नेरूदा से भी। 

एक लम्बा बीहड़ रास्ता तय करते हुए

बरसों का वक़्त गुज़ारने के बाद

एक दिन अचानक पाया कि

उदासी के कुछ गीत

और प्रेम की ढेर सारी कविताएँ

इस पूरे सफ़र के दौरान

मेरे पीछे-पीछे चलती रहीं थीं

चुपचाप, 

जैसे ख़ुद ही मोल ली गयीं

कुछ ख़ूबसूरत और प्यारी मुसीबतें

बग़ावत की ज़िन्दगी के तमाम

अपरिहार्य जोखिमों के साथ-साथ। 

**

(19 Nov 2024)

__________________________

(एक नोट: आम तौर पर कविताओं को किसी टिप्पणी के साथ देना अच्छी बात नहीं। लेकिन फिर भी मुझे ज़रूरी लगा। इस कविता की ज़मीन के बारे में मैं कुछ बातें करना चाहती हूँ।

इधर मैं हिन्दी के युवा कवियों में युवा नेरूदा की कविताओं के पहले संकलन 'बीस प्रेम कविताएँ और उदासी का एक गीत' के प्रति अद्भुत दीवानगी का मंज़र देख रही हूँ। बेशक़ इन कविताओं में नेरूदा की सर्जनात्मक प्रतिभा का एक स्फोट दीखता है, लेकिन  एक क्रांतिकारी रोमान के जादू और क्रूर यथार्थ के हठी प्रतिरोध के महाकवि नेरूदा का जन्म इसके बाद होता है, और वह भी काफ़ी चढ़ावों-उतारों से गुज़रने के बाद। ज्ञात हो कि एक युवा ने जब आत्महत्या की तो उसके बाजू में 'बीस प्रेम कविताएँ और उदासी का एक गीत' संकलन खुला पड़ा था और खुली किताब के पन्नों पर ख़ून के छींटे थे। इस घटना ने नेरूदा को हिलाकर रख दिया और उन्होंने तय किया कि यह उनकी कविता का रास्ता नहीं हो सकता। अब यह एक अलग कहानी है कि पश्चिमी अवांगार्द धाराओं के प्रभाव के बाद नेरूदा ने अपनी मिट्टी की गंध वाली नयी एपिकल किस्म की शैली कैसे ईजाद की और अपनी जनता की कठिन ग़ुलामी भरी ज़िन्दगी को देखते हुए उसके संघर्षों में भागीदारी करते हुए कैसे अपनी ज़िन्दगी दाँव पर लगा दी। मुझे तो नेरूदा की इसी दौर की प्रेम कविताएँ उद्दाम और उदात्त प्रेम की कविताएँ लगती हैं जैसे नाज़िम हिकमत की प्रेम कविताएँ! 

आज के कई प्रगतिशील जनवादी कवियों को भी दरअसल उदासी बहुत पसंद आती है, कारण कि वे स्वयं एलियनेशन और अवसाद के शिकार हैं। इससे मुक्ति के लिए संघर्ष की मनोगत शक्ति उनके पास नहीं है, 'जन-संग-ऊष्मा उनके पास नहीं है। काफ़्काई उदासी (हालांँकि काफ़्का में सिर्फ़ यही नहीं है, बहुत कुछ सकारात्मक भी है), दोस्तोवस्कियन नैराश्यपूर्ण द्वंद्व (उनके सघन मानवीय सरोकार और नैतिक द्वंद्व नहीं) और निर्मलवर्माई अवसादग्रस्तता उन्हें दिल से पसंद आती है और उनका ज़मीर उनसे आज़ादी और इंसाफ़ के पक्ष में खड़ा होने के लिए आवाज़ देता है। 

तीसरी ओर से एक और आवाज़ भी आती है और मुक्तिबोध के शब्दों में, 'कीर्ति के इठलाते नितम्बों' को देखकर लालच का परिंदा चोंच मारने के लिए उड़ान भरने को उतावला हो जाता है। आज के ज़माने में कीर्ति तो तभी मिलेगी जब कविता में उदासी और अकेलेपन के कुछ आख्यान रचे जायें, थोड़ी प्रगतिशीलता के रूपकों-बिम्बों की सजावट के साथ!  इसी खींचतान में बिचारे कई युवा कवि एकदम खिंच गये हैं। प्रेमिका कोई पट नहीं रही है, कविता में सिद्धि थोड़ी मिल भी जाये तो अपेक्षित प्रसिद्धि नहीं मिल रही। उधर व्यवस्था ऐसी कि कैरियर भी अधर में।  ऐसे में,  अगर विचारधारा की मनोगत शक्ति ज़बरदस्त न हो और जीवन-लक्ष्य स्पष्ट न हो, तो उदासी के गीत गाने, और अकेलेपन के बेकल विलापों-आलापों से भरी प्रेम कविताएँ लिखने के अतिरिक्त और रास्ता भी क्या बचता है इक्कीसवीं सदी की प्रेमदग्ध विकल युवा प्रेतात्माओं के पास! 

यही सबकुछ सोचते हुए एक कविता दिमाग़ में कौंधी और उसे मैंने एक सांँस में लिख डाला।)



Sunday, November 17, 2024

हत्यारों और सौदागरों का लोकतंत्र और कला-साहित्य के मेले


 हत्यारों और सौदागरों का लोकतंत्र और कला-साहित्य के मेले

फिर सत्तासीन हत्यारों और सौदागरों ने

बार-बार एक-दूसरे को हृदय से धन्यवाद कहा। 

इसके बाद हत्यारों ने सौदागरों से कहा,

"अब कला-साहित्य-संस्कृति का एक रंगारंग मेला लगाओ

और एक भव्य मंच सजाओ

और वहाँ अपने लोगों के साथ कुछ

जनवादियों और प्रगतिशीलों को भी बुलाओ।" 

फिर ऐसा ही हुआ और कुछ जनवादी और प्रगतिशील भी

पहुँचे उस साहित्यिक महाकुम्भ में। 

उन्होंने वीरतापूर्वक निहायत नफ़ीस और कलात्मक भाषा में

सत्ता की आलोचना भी की और कुछ सुझाव भी दिये। 

फिर लौटकर उन जनवादियों और प्रगतिशीलों ने

छाती ठोंककर कहा कि हम तो उनके मंच पर जाकर भी

अपनी बात कह आते हैं। 

उधर हत्यारों ने असहमत लोगों से कहा,

"अब तो मान लो कम्बख्तो

कि हम कितने लोकतांत्रिक हैं

और अपनी आलोचनाओं के प्रति कितने सहिष्णु

और कितने उदार! 

अरे हम तो हत्या करने के पहले भी

बहुसंख्या की सहमति लेते हैं

और लोकतंत्र और संविधान का पूरा सम्मान करते हैं। 

लोगों की सहमति लेकर ही हम शासन करते हैं।" 

फिर हर्षोन्मत्त उन्मादी भीड़ ने जैकारे लगाये

और शासन करने वालों से पूछा कि असहमत लोगों का क्या करना है? 

इसपर ठठाकर हँसे हत्यारे

और शरारत से आँखें नचाते हुए बोले, 

"क्या यह भी बताना पड़ेगा!"

**

(17 Nov 2024)

Saturday, November 16, 2024

ताक़त के नाम प्रेमपत्र

 

ताक़त के नाम प्रेमपत्र

"नाहक तुम इतने परेशान ह़ो कवि! 

मैं बचाऊँगा तुम्हारे प्रेमपत्रों को,"

कहा ऊँचे सिंहासन पर बैठे

उस ताक़तवर आदमी ने

कवि की ओर झुकते हुए।

फिर वह उठा और एक विशाल अलमारी को खोला

चाभी लगा कर। 

कवि से प्रेमपत्रों का गट्ठर लेकर उसने रखा

उस अलमारी में

कुछ खोपड़ियों, तंत्र विद्या और क़ानून की किताबों, 

ख़ून के सूखे धब्बों से भरे मानचित्रों

और चाकुओं-तलवारों के बीच। 

फिर उसने कवि से कहा, "वहाँ

उस कुर्सी पर बैठो

और  रंग-बिरंगी कलमों में से चुन लो

कोई मनचाही कलम

और एक सुन्दर प्रेमपत्र लिखो

हत्यारी महानता के नाम, 

एक और लिखो आतंककारी ताक़त के नाम

और फिर एक और, 

अमरता की चाहत के नाम। 

**

(16 Nov 2024)


Sunday, November 10, 2024

कुत्त कविता...

 

कुत्त कविता... 

कुत्ती बोली हम तो बस अपना ही पेट भरे हैं

जनवादी कवियों को  देखो  कैसे त्याग करे हैं

ताकतवर लोगों की ड्योढ़ी पर ना शीश झुकावें

चाह नहीं पद-पीठ-प्रतिष्ठा रजधानी में पावें

कुत्ता बोला कुत्ती से, डार्लिंग वह गया ज़माना

सीखा है कुछ कवियों ने कविता से भी कुछ पाना

जनवादी कविता पढ़ वे बेचेंगे रजनीगंधा

बज्रबुद्धि क्या जानें कितनो चोखो है यह धंधा। 

ऐसा धंधा कभी नहीं होता है जल्दी मंदा

धंधा तो धंधा है इसमें क्या सुथरा क्या गंदा

बने रहेंगे प्रगतिशील और उर्फ़ी संग नाचेंगे

हत्यारों का हृदय बदलकर शान्तिमंत्र बाँचेंगे

उनका जियरा लगा हुआ है जनगण के मंगल में

कौन भला देखेगा नाचे मोर अगर जंगल में

बहुत शुद्धतावादी होने से ना काम चलेगा

नहीं चढ़ा जो बड़े मंच पर कैसे बड़ा बनेगा

जनता का कवि बड़ा बना तो जनता बड़ी बनेगी

वरना अपने दुख के सागर में ही पड़ी रहेगी

रैम्पवाक कर कविगण अपना जलवा दिखला देंगे

लुच्चों और लफंगों को भी संस्कृति सिखला देंगे

कुत्ता फिर बोला दिल्ली जलसे में हम जायेंगे

नये ढंग का प्रगतिशील बनकर वापस आयेंगे

सनक गये हो बहक गये हो, भड़क के बोली कुत्ती

संग तुम्हारे दिल्ली जायेगी मेरी यह जुत्ती। 

**

लॉंग लिव द स्कूल ऑफ़ कुत्त पोयट्री!

(10 Nov 2024)

***

कुत्त कविता:
कुत्ता बोला कुत्ती से, दिल्ली में मंच सजा है
जन तक जन संस्कृति पहुँचाने का फिर बिगुल बजा है
चल कुत्ती इस बार न मौका हम कतई चूकेंगे
भजन करेंगे हवन करेंगे सुर-लय में भूँकेंगे
नाचेंगी फिल्मी बालाएँ, संग हम भी नाचेंगे
मादक धुन पर ठुमक-ठुमक जनवादी कविता बाँचेंगे
कुत्ती बोली, कुत्ता हो कुत्ते जैसा ही रहना
इन कवियों जैसा मत सीखो तुम भी रंग बदलना
**
लाँग लिव द स्कूल ऑफ़ कुत्त पोयट्री!

(9 Nov 2024)

Wednesday, October 30, 2024

गुरुत्वाकर्षण-विहीनता में थोड़ी देर

 

गुरुत्वाकर्षण-विहीनता में थोड़ी देर

सड़क, घर -- सब बादलों से भरे हुए थे। 

जहाँ कुछ ख़ाली जगहें थीं

वहाँ तारे बैठे-अधलेटे बातें कर रहे थे। 

दुखों की पुरानी बस्तियों में संगीत 

डेरा डाले हुए था। 

आसमान में एक नीली झील थी

जिसमें मछलियाँ और कछुए तैर रहे थे

उड़ने की तरह। 

कई किलोमीटर लम्बी कूँचियों से

हम क्षितिज के कैनवास पर 

रंगों का मेला रच रहे थे। 

फिर गुरुत्वाकर्षण ने कहा, 

"अब बस भी करो

मैं आ रहा हूँ।"

सयानों ने पहले ही बताया था हमें

कि सपने, प्यार और कविता की

गुरुत्वाकर्षण-विहीन दुनिया में 

बहुत लम्बे समय तक रुके रहने के बाद

आदमी वहीं का होकर रह जाता है, 

चाहे भी तो वास्तविकता में

वापस नहीं लौट पाता। 

हमने वास्तविकता की दुनिया में रहते हुए

सपने देखे, प्यार किया, कविताएँ लिखीं, 

इंसाफ़ के लिए ज़रूरी लड़ाइयाँ लड़ीं

और मनुष्य की तरह बचे रहे। 

**

(30 Oct 2024)

Friday, October 25, 2024

पुरातन यातनाएंँ

 

पुरातन यातनाएंँ

पूरे इतवार खारे पानी का

एक ग्लेशियर तोड़ती रही। 

सोमवार से शनिवार तक

बहता रहा घास के मैदानों में

नमक घुला गाढ़ा पानी। 

अब ओर-छोर तक चमक रही है

हरियाली पर नमक की सफ़ेद पपड़ी। 

अगले हफ़्ते जो राही यहाँ से गुजरेंगे

उन्हें लगेगा कि यहाँ शायद कोई 

खारे पानी की झील रही होगी

जो अब सूख चुकी है। 

जैसे ग़ैरमामूली कविताएँ लिखते हुए

सिद्ध कवि मामूली लोगों की 

मामूली ज़िन्दगी को भूल चुके हैं, 

वैसे ही, ठीक वैसे ही, 

इतिहास के जमे हुए पुरातन दुखों को 

ज्ञानी लोग भूल चुके हैं

और उन्हें तोड़कर पिघला देना

तो उनके लिए एकदम अकल्पनीय है। 

**

(25 Oct 2024)

Saturday, October 19, 2024

फ़ासिस्ट समय में प्रेम की बातें


 फ़ासिस्ट समय में प्रेम की बातें

एक शाम बरबस कोई याद आयी

और पूरब में क्षितिज के छोर पर

एक इन्द्रधनुष उग आया। 

इसीतरह एक बार आधी रात 

आयी थी एक याद

और पारिजात के फूल झरझर झरने लगे थे। 

एक सुबह  जब ऐसी ही एक याद ने

दस्तक दी थी

तो घाटी में घनघोर बारिश होने लगी थी। 

यादों का क्या! 

वक़्त-बेवक़्त यूँ ही आ धमकती हैं

और उनका कोई मौसम भी नहीं होता। 

लेकिन मौसमों के बदलने का समय

लगभग तय हुआ करता है

और प्राकृतिक आपदाओं के भी

लगभग सटीक पूर्वानुमान 

लगाये जाने लगे हैं। 

पूँजीवादी संकट, मंदी और महामंदी

के पूर्व संकेतों को भी पहचान लेते हैं 

अर्थशास्त्रीगण। 

फ़ासिस्टी नफ़रत की आँधी

इन्तज़ार नहीं करती कि हम प्रेम और

इन्तज़ार और उदासी के दौरों से

फ़ारिग़ हों तो वह आये

और बर्बरता का घटाटोप रचे। 

अब यह हमारे-आपके ऊपर है

कि हम सड़कों पर उसका मुक़ाबला करें

या अपने कमरे में बैठे यादों में डूबे रहें

और निष्कलुष प्रेम की सुन्दर

प्रेम कविताएँ लिखते रहें। 

जीवन की आपदाओं से दूर बैठकर

लिखी गयी बेहद सुन्दर प्रेम कविताएँ भी

हृदय में छुपे स्वार्थ और निर्ममता को

उजागर करने का ही काम करती हैं

और हृदयहीनता और कुरूपता का

नया सौन्दर्यशास्त्र रचती हैं। 

यूँ प्रेम तो धड़कता रहता है हृदय में

ज़रूरी लड़ाइयों के मोर्चों पर भी

और जेल की काल कोठरियों में भी। 

सच्चा प्रेम हर सूरत में जोखिम का

काम होता है

और सच्चे प्रेमी कठिन दिनों में

अपने प्यार को ढूँढ़ते हैं

बर्बरता के विरुद्ध युद्ध की तैयारी की

सरगर्मियों के बीच। 

वे उन बंद दरवाज़ों पर दस्तक नहीं देते

जहाँ बाहर छज्जे पर मधुमालती की 

बेलें लटकती रहती हैं

और पारिजात के फूल झरते रहते हैं। 

**

(19 Oct 2024)

Wednesday, October 16, 2024

नीमतारीक वक़्तों की एक दास्तान

 

नीमतारीक वक़्तों की एक दास्तान

ये अफ़्सुर्दगी का आलम

ये दहशत की बारिश

ये वहशत की आँधी

ये ख़ूनी सैलाब

और इसमें जीना  जियाले अंदाज़ में। 

कोई वक़्फ़ा नहीं दम लेने को

न मरहला ठहरने को

ना इतना वक़्त कि मरासिम बढ़ाते

गुलाबी ख्व़ाबों के साथ। 

ख़ुशियों का रंग भूरा

और उदासी का रंग हरा हुआ किया

हमारे ज़माने में

और शिकस्ता सूरतें ऐसी आईनों में आसपास कि

मुँह क्या खुलता शिक़ायत दर्ज कराने को

अपने हिस्से की लड़ाई हार चुके

उन पुरखों की अदालत में

जिनकी टूटी-फूटी क़ब्रों पर

झाड़ियाँ उग आयीं थीं

हालाँकि रात के वीराने में

जब क़बरबिज्जू घूमते थे

और चमगादड़ उड़ते थे पूरे क़ब्रिस्तान में

तो झाड़-झंखाड़ के बीच जुगनू भी चमकते थे। 

बताते चलें कि उधर ही हमने कभी

प्यार के कुछ सरसब्ज़ दिन बिताये थे

जब शहर में सरगोशियाँ थीं किसम-किसम की, 

अफ़वाहें उड़ रहीं थीं हमारी दहशतगर्दी की

और बताया जा रहा था कि संविधान की

कसम खाकर हुकूमत सम्हालने के बाद

क़ातिलों की जमात अब अमन-ओ-चैन और

अदम-ए-तशद्दुद की हामी हो चुकी है। 

अभी हम सोयी हुई उम्मीदों के

एक जंगल में बसेरा किये हुए हैं

और खनकती हुई, भुला दी गयी, 

नाक़ाबिल-यक़ीन क़रार दे दी गयी, 

जोश और उमंग भरी आवाज़ों को

ज़िन्दा दिलों तक पहुँचाने के लिए

ज़मींदोज़ रास्ते तैयार कर रहे हैं। 

**

अफ़्सुर्दगी -- बेरौनक़ी, उदासी

वहशत -- उन्माद, पागलपन

जियाले -- दिलेर, साहसी

वक़्फ़ा -- सुकून, फुर्सत, दम लेने की मोहलत

मरहला -- पड़ाव, ठिकाना

मरासिम -- ताल्लुक़ात, मेलजोल

शिकस्ता -- टूटा हुआ, थका-हारा

सरसब्ज़ -- ख़ुशहाल, हरा-भरा

सरगोशियाँ -- कानाफूसी

अदम-ए-तशद्दुद -- अहिंसा

(16 Oct 2024)

Friday, October 11, 2024

रोशनाबाद कविता-श्रृंखला

 

किशन की बातें

किशन  तीन साल पहले देवरिया से 

आया था हरिद्वार। 

कुछ दिन होटलों में बेयरे का काम किया

फिर फ़ैक्ट्री मज़दूर का जीवन चुन लिया। 

बारहवीं पास था और आईटीआई भी किया था

और अख़बार ही नहीं, कहानी-उपन्यास भी

पढ़ता था। 

किराये की कोठरी में तीन और मज़दूर रहते थे

उसके साथ जो उसे 

दिलचस्प जीव मानते थे और दोस्त भी। 

किशन कभी सीधे ढंग से

नहीं करता था कोई बात। 

उसके अपने मुहावरे होते थे, 

रूपक और बिम्ब होते थे। 

जब फैक्ट्री से ब्रेक दे देते थे मालिक

तो लेबर चौक जाता था। 

लेबर चौक को 'सोनपुर का पशु मेला' कहता था। 

वहाँ जाने से पहले कहता था, "देखें आज

कोई कसाई बकरे को किस भाव ले जाता है!"

बस्ती में घूमते सूदखोरों के आदमियों को

देखकर आवाज़ लगाता था "हुँड़ार

घूम रहे हैं बे! इधर-उधर हो जाना!"

लेबर कांट्रैक्टरों को 'ग़ुलामों का सौदागर'

कहता था और लेबर ऑफिस को 'बाईजी का कोठा!'

फ़ैक्ट्री में जाते मज़दूरों की टोलियों को पुकार कर

कहता था, "भेड़ा भाई लोग ऊन उतरवाने

जा रहे हैं!"

एक फ़ैक्ट्री से तो इस बात पर निकाल भी दिया गया था

कि सुपरवाइज़र को पता चल गया था कि

वह उसे 'गड़रिए का कुक्कुर' कहता है पीठ पीछे। 

देसी दारू को उसने 'प्राणजीवकसुधा'

का नाम दे रखा था

और दोस्तों की दारू पार्टी होनी हो तो कहता था कि आज

सभी अघोरी समसान में तंत्र साधना करेंगे।'

दारू पीने के बाद अक्सर कहता था कि हम

ऐसी नस्ल की भेड़ें हैं जिनका ऊन 

रोज़ उतारा जाता है। 

किशन कहता था, "भेड़ों के ऊन से बनी रस्सी से भी

फाँसी का बहुत मज़बूत फंदा बन सकता है

लेकिन इस बात को समझने के लिए

भेड़ों को आदमी बनना पड़ेगा!"

**

हुँड़ार - लकड़बग्घा

(11 Oct 2024)

Saturday, October 05, 2024

यातनागृह में जन्मी कविता


यातनागृह में जन्मी कविता

कोई पासपोर्ट, नागरिकता या पहचान का

कोई प्रमाण पत्र नहीं मेरे पास। 

परिचय बस इतना है कि

कविता की दुनिया में संदिग्ध आप्रवासी हूँ, 

ज़िन्दगी और सपनों की एक खोजी रिपोर्टर,

आत्माओं की एक गुप्तचर, 

अंधकार और आतंक की घनघोर बारिश की

पूर्व चेतावनी देती सायरन की 

तीखी, भेदती आवाज़। 

मैं भुलाये जा चुके पहाड़ी गाँवों तक

दूर देस से आयी चिट्ठियाँ 

पहुँचाने वाली डाकिया हूँ, 

पतझड़ में गिरने वाले पीले पत्तों की ओर से

फूटते कोंपलों को भेजा गया

शुभकामना-संदेश हूँ, 

घाटी के वनप्रांतर में अपने खोये हुए

बच्चों को ढूँढ़ती एक घायल

मादा गुलदार हूँ, 

निस्तब्ध रात्रि में नदी के उस पार से आती

चकवी की प्रेमातुर पुकार हूँ। 

मैं यातनागृह में जन्मी

रक्त सनी कविता हूँ

अँधेरे में जी रहे लोगों के दिलों में

ठिकाना ढूँढ़ती हुई। 

जगमग भव्य सभागारों

और अतिसुसंस्कृत सुसज्जित बैठकख़ानों में

जाना ही नहीं मुझे। 

मुझे इनके नीचे बने उन तहख़ानों को

तबाह करना है जहाँ

अतिशय कला, अराजनीतिक मानवतावाद

और फ़ासिस्ट विचारों की नयी-नयी

फसलें उगायी जाती हैं। 

**

(5 Oct 2024)


Monday, September 23, 2024

रात के अँधेरे में लकड़बग्घों की हँसी

 रात के अँधेरे में लकड़बग्घों की हँसी

सच्चाई और न्याय के लिए

जीवनपर्यन्त लड़ने का संकल्प

प्रवहमान रहता है सघन अँधेरे में भी

स्वच्छ, पारदर्शी जल की 

पहाड़ी से उतरती

एक पतली धारा की तरह।

मैदानों में उतरते ही

इतिहास में अमरत्व की दुर्दम्य आकांक्षा

की मानवीय गाद उसे ज़्यादा से ज़्यादा

प्रदूषित करती चली जाती है। 

इस प्रदूषित धारा में आचमन करते हैं

वे दम्भी, यशलोलुप, विकट विद्वान

जो सोचते हैं कि दुनिया उनका इन्तज़ार

कर रही है कि वे आयें और दुनिया की

तरह-तरह से व्याख्या करें, विमर्श करें

और दुनिया बदलने की राह दिखायें। 

यूँ कहते तो वे भी यही हैं  

कि जनता इतिहास बनाती है

लेकिन हमेशा आम लोगों से

और अपने साथियों से अधिक, 

यूँ कहें कि पूरी तरह, 

अपने आप पर भरोसा करते हैं, 

सिर्फ़ अपने आप पर। 

कालांतर में ऐसे लोग ख्याति अर्जित करते हैं

देश से विदेश तक ताक़तवर 

और सुरक्षित लोगों के बीच

और इसतरह ज्ञान की ताक़त को

एक बार फिर सिद्ध करते हैं। 

अपने लोगों को और लक्ष्य को 

भूलने के दशकों बाद

जनता के जाहिल और प्रतिक्रियावादी होने में

उनका विश्वास एकदम पुख़्ता हो जाता है

और बदलाव की हर बात से नफ़रत करते हुए, 

समाज और प्रकृति की हर परिघटना पर

अहर्निश विमर्श करते हुए और पुराने दिनों की

मूर्खताओं पर संस्मरणात्मक चुटकुले सुनाते हुए

वे आधी रात को महफ़िलों में 

जब ठहाके लगाते हैं

तो लकड़बग्घों के झुंड की ख़ौफ़नाक 

हँसी का भ्रम होने लगता है।

**

(23 Sept 2024)


Tuesday, September 10, 2024

आज की कविता...

 

कमज़ोर कविताओं में निवास करती

कुछ मानवीय कमज़ोरियों, 

कुछ मानवीय ग़लतियों और पश्चातापों, 

कुछ काव्यात्मक बचकानेपन और 

सहज निर्दोष आँसुओं की निरंतर उपस्थिति में

जो लड़ते रहे सच्चाई और न्याय के लिए

जीवनपर्यन्त, 

तमाम उलाहनों, उपहासों, शिक़ायतों 

और तोहमतों के बावजूद, 

बहुतेरी विफलताओं और 

पराजयों के बावजूद, 

उनके पास सिर्फ़ अपनी अपेक्षाओं की

कसौटी थी और नहीं थी

किसी और से कोई अपेक्षा। 

कमज़ोर कविताओं और मानवीय कमज़ोरियों

से भरे 

पारदर्शी हृदय सहज ही वेध्य बने रहे

और उन्हें कुछ बेहद मामूली लोगों

और चन्द एक ग़ैरमामूली लोगों के

प्यार और विश्वास के सिवा कुछ भी नहीं मिला।

और एक बात और कोई अगर बताई 

जा सकती है उनके बारे में तो वह यह कि

दर्शन और राजनीतिक अर्थशास्त्र की

मामूली या औसत जानकारी के बावजूद

ऐतिहासिक उलटाव और ठहराव के

लम्बे अंधकार युग में भी

मनुष्यता के भविष्य के बारे में 

वे आशावादी बने रहे। 

**

(10 Sept 2024)

Saturday, August 24, 2024

बैलेंस शीट

 

अधूरे-असफल प्रेमों,

मनगढ़ंत अभियोगों के आधार पर

चलाये गये मुकदमों, 

क़ैद-ए-तनहाई और दण्डद्वीपों पर

निर्वासनों के अंतहीन सिलसिलों, 

अविराम संघर्षों, 

पराजयों, 

विश्वासघातों 

और बीहड़ यात्राओं ने हमें 

मनुष्य बनाने की 

और कविता का मोल बताने की 

भरपूर कोशिश की I

वो तो हम थे 

जो समय से जान-पहचान कर पाने में 

लम्बे समय तक विफल होते रहे I

मिथ्या आत्मतुष्टि, आत्मधर्माभिमान, 

हठ और मूर्खता में 

उसकी पुकारों की 

बार-बार अनसुनी करते रहे I

नतीजतन, 

जो कर्ज़ कभी लिया ही नहीं, 

उसका भी  ब्याज भरते रहे I 

बात द्वंद्ववाद की करते हुए

बार-बार अधिभूतवाद की डगर पर

फिसलते रहे I

ख़ैर, जब होश सँभाला

तो सबकुछ गँवाकर नहीं! 

कुछ तो था बचा हुआ

जहाँ से फिर एक शुरुआत की जा सकती थी I

और तुम क्या करते हो बंधु 

सफलता-असफलता के बारे में, 

खोने और पाने के बारे में, 

फालतू की किताबी बतकही! 

ज़िन्दगी नहीं है 

किसी बनिये की खाताबही! 

***

(24 Aug 2024)


Saturday, August 17, 2024

 रात की बारिश के पोशीदा दुखों का क़सीदा


रात भर की लगातार टिपटिप बारिश के बाद

बादल वापस लौट चुके हैं

धूप के लिए जगह ख़ाली करते हुए। 

*

सारी रात बादल जैसे आँसू बहाते रहे, 

या शायद रात रोती रही, 

या शायद समंदर के आँसू थे

जो लम्बा सफ़र तय करके आये थे

किसी पुराने दुख की याद दिलाने, 

या शायद बर्फ़ीले पहाड़ों की सदियों से जमी

कोई अकथ पीड़ा थी, 

या शायद जंगल की ओझल उदासी थी, 

या शायद हमारे समय की क्रूरताओं पर

इतिहास का लम्बा  विलाप था, 

या शायद बस इतना कि

रात भर आती रही कोई याद थी

या सपने में कोई रुलाई थी

मद्धम बारिश की तरह लगातार

जो नींद से बाहर आकर बरस रही थी। 

*

यह बूढ़ा जामुन का पेड़

पानी और पुरानी यादों से भीगा हुआ

अभी भी चुपचाप रो रहा है। 

पत्तों से टपकती बूँदें

बालों को तर करती पीठ को गीला कर रही हैं। 

यह गीलापन रोम-रोम से होकर

भीतर पहुँच रहा है। 

आत्मा में रिस रहा है कुछ

जैसे चट्टान की दरारों से पानी। 

*

मद्धम रफ़्तार से

लेकिन लगातार

रात भर जो बरसते रहे

वे बादल मेरे हृदय की झील से उठकर

थोड़े न गये थे आसमान तक!

यूँ ही किसी पर इसतरह कोई तोहमत नहीं

मढ़ देना चाहिए बिना किसी सबूत के

बिना किसी गवाह के। 

जिन प्रसंगों पर कोई चुप रहना चाहे, 

उनपर उसकी कविता को भी चुप रहना चाहिए

जैसे कहीं से रिस रहा हो ख़ून लगातार

और बात समाज की न हो, 

तो कविता को न जासूसी-अय्यारी करनी चाहिए, 

न ही मुक़दमा चलाने का काम करना चाहिए।

उसे अपने ज़रूरी कामों पर ध्यान देना चाहिए। 

*

पर कविताएँ कभी भी कवि के बस में 

नहीं रहतीं।

निर्देशों को न मानना उनका सहज स्वभाव होता है। 

ख़ून और आँसुओं की सुराग़रासानी और

निशानदेही करते हुए

अक्सर वे वर्जित इलाकों और गुप्त ठिकानों तक

जा पहुँचती हैं। 

**

(16 Aug 2024)


Wednesday, August 14, 2024

 इतिहास को शरण्य बनाना


जीवित ही क़ब्र में लेट जाने के समान होता है। 

इतिहास से कुछ भी न सीखना

कुछ यूँ होता है जैसे बिना ज़मीन को जाने-पहचाने

बीज छीटे जायें अगली फसल के। 

इतिहास का अंधानुकरण कुछ यूँ होता है

जैसे गड़रिए के बूढ़े कुत्ते के पीछे

चलता है भेड़ों का रेवड़। 

इतिहास से सीखने का मतलब है

बीती हुई चीज़ों को देखना

आलोचनात्मक विवेक के साथ, 

कुछ खोई हुई चीज़ों को 

फिर से पा लेने के लिए उद्यम करना

और उन नयी चीज़ों के बारे में जानना

जिनका आविष्कार किया जाना है। 

इतिहास से सीखना

पूर्वजों के अनुभवों पर

उनके साथ संवाद और बहस करना होता है

ज़रूरी नतीजों तक पहुँचने के लिए। 

यह अपनी सोई हुई जड़ों को

सक्रिय करने के समान होता है

मिट्टी की गहराइयों से पोषक रस सोखकर

ऊपर उठती टहनियों और कोंपलों तक

पहुँचाने के लिए। 

हमारे समय के इस संगीन अँधेरे में

इतिहास से सीखने का मतलब है

उस सवाल का जवाब ढूँढ़ना जो 

सलीब पर लटकाये जाते समय ग़ुलाम डेविड ने

अपने सेनापति और दोस्त स्पार्टाकस से पूछा था:

"स्पार्टाकस, हम क्यों हारे?"

**

(13Aug2024)

Friday, August 09, 2024

 बेमतलब की कविता


कभी वह रिसते हुए नासूर की तरह होती है

एक तकलीफ़ जिसके हम आदी हो जाते हैं

कभी एक पुराने ज़ख़्म का निशान भर होती है

कभी ऐसा जैसे कि हम किसी जंगल में भटक गये हों

कभी उदास चाँद की एक भारी सी रात

और एक खुली हुई पुरानी खिड़की

और कभी शताब्दियों पुरानी ह्विस्की

हलक से नीचे उतरती हुई

कभी एक अधूरी कविता जो पूरी न होना चाहती हो

कभी जैसे कहीं दूर सितार पर 

कोई बजा रहा हो राग मधुवंती, 

कभी लम्बे सफ़र के बाद की उतरती हुई थकान

कभी अकारण की ख़ुशी और कभी

जैसे हम जानबूझकर अतार्किक हो जायें

कभी जैसे यूँ ही फूट पड़े रुलाई

कुछ इसतरह जैसे एक सोता फूट निकला हो

चट्टानों के बीच से

और कई बार तो ऐसा भी जैसे 

शहर की सुनसान सड़क पर भाग रहे हों

और कलेजे में धँसी पड़ी हो

नक़्क़ाशीदार मूठ वाली कोई टेढ़ी कटारी

कभी ऐसी ही बेमतलब की बातें

जैसी अभी हम कर रहे हैं

लेकिन ऐसी ही बेमतलब की बातों के जरिए

कई बार हृदय के कई गुप्त रहस्य

उजागर हो जाते हैं और कम से कम

कुछ लोग तो इस सोच में पड़ ही जाते हैं

कि कब उन्होंने कुछ बीत चुकी चीज़ों के बारे में

मसलन बीते दिनों के प्यार के बारे में

कुछ-कुछ इसतरह से सोचा था

**

(8Aug2024)


Monday, August 05, 2024

गुप्त मानवीय रहस्यों, कमज़ोरियों, सच्चाई भरे दिलों, इन्तज़ारों, रोमानी बुखारों, यथार्थवादी मोहब्बतों और कठिनतम दिनों के कम्युनिस्ट संकल्पों वगैरह के बारे में बतकही

 गुप्त मानवीय रहस्यों, कमज़ोरियों, सच्चाई भरे दिलों, इन्तज़ारों, रोमानी बुखारों, यथार्थवादी मोहब्बतों और कठिनतम दिनों के कम्युनिस्ट संकल्पों  वगैरह के बारे में बतकही


जब पहली बार 

किसी तज़ुर्बेकार साथी ने मुझे बताया 

कि चीज़ों को, लोगों को, हालात को

देखा जाना चाहिए

गहराई, बारीकी और सरोकार के साथ, 

और तार्किकता के साथ, 

तो मैंने उसे देखा लम्बे समय तक

उसीतरह, 

गहराई, बारीकी, सरोकार और तार्किकता के साथ

और फिर मैंने उसे प्यार करने के बारे में सोचा

जो शायद एक तार्किक नतीजा नहीं था। 

फिर मैंने दुनिया को, 

अपने लोगों की ज़िन्दगी को भी देखना सीखा

उसी गहराई, सरोकार और तार्किकता के साथ,

और इतिहास के गहराते अँधेरे को भी। 

धीरे-धीरे जाना कि प्यार करना, यानी

अतार्किकता के किसी न किसी भूभाग पर

हर रोज़ तर्क के फौजी दस्तों का

क़ाबिज़ होते जाना और फिर भी अतार्किकता के

एक बड़े भूभाग का बचा रह जाना। 

यथार्थ को उद्घाटित करती और साथ ही

 उससे लगातार टकराती कला को

जितने झूठ की ज़रूरत होती है

ठीक उतनी ही ज़रूरत प्यार को भी होती है

वरना चीज़ें और हालात जैसे हुआ करते हैं

उन्हें हूबहू कह देने से

न तो कोई कविता बन पाती है

और न किसी हृदय में छुपे प्यार का कोई ऐसा बयान

जो किसी आदिवासी शिकारी के तीर की तरह

दूसरे हृदय में इसतरह धँस जाये कि

उसकी ज़हर बुझी नोंक उसमें से कभी

बाहर न निकल पाये

और ताउम्र इसतरह तकलीफ़ देती रहे

कि आदत बन जाये। 

इन तज़ुर्बात-ओ-हवादिस ने सिखाया

प्यार को तर्कपूर्ण बनाते जाने का सलीक़ा

और जब दरबदर होते लोगों के साथ 

भटकती रही मैं बस्ती-बस्ती, शहर-शहर

तो आवारा और संजीदा ख़यालों का कारवाँ भी न जाने कितने

मुसीबतों से दो-चार होता हुआ 

साथ-साथ चलता रहा। 

अब शायद मैं भी कह सकती हूँ कि

फ़ासिस्टी उभार के दशकों में, 

जब फुर्सत के रात-दिन ढूँढ़ने के बारे में

सोचा तक नहीं जा सकता था, 

तब ब्रेष्ट की तरह जूतों से भी अधिक 

शहर भले न बदले हों मैंने लेकिन

उम्र और भूगोल का एक लम्बा बीहड़ फ़ासला

ज़रूर तय किया। 

जाहिर सी बात है कि आज जैसे दिनों में, 

चंद दिनों के ठिकानों, छोटी दूरियों के

हमसफ़रों, खेतों के बीच से

होकर जाते रास्तों, पहाड़ी पगडंडियों, 

जंगल के बीचोबीच की प्रशांत रहस्यमयी झीलों, 

किसी अनजान पक्षी की आतुर पुकारों, 

रात के दुखों, भावनात्मक विभ्रमों और

आकस्मिक-अप्रत्याशित, निर्दोष बेवफ़ाइयों के बारे में तो

कुछ कहना ही निरर्थक है, 

एक ऐसे समय में जब कविताओं के लिए

लोगों ने दिलों के दरवाज़े बंद कर रखे हैं

और कविगण उज्ज्वल अथाह प्यार भरी कविताएँ

इसलिए लिखते हैं कि दुनिया बदलने के बारे में

सोचना भी उन्हें एक असम्भव स्वप्न देखने जैसा

महापागलपन लगता है। 

ऐसे ठहरे हुए दिनों में अगर किसी के लिए

प्यार एक इंतज़ार बना रहा

स्थायी भाव की तरह

जैसे सपने हो गये अश्मीभूत, 

तो यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है

किसी यायावर के लिए। 

पहाड़ पर वह लालटेन अब

जलती नहीं दिखाई देती

जिसे मंगलेश डबराल ने देखा था

एक तेज़ आँख की तरह

टिमटिमाती धीरे-धीरे आग बनती हुई, 

लेकिन जंगलों में आग

पहले से अधिक लगने लगी है

पहाड़ों से लेकर मैदानों और पठारों तक

और यह राज़ भी कितने लोग जानते हैं

कि ऐसे असंख्य दिल हैं जहाँ

प्यार की या बग़ावत की आग अहर्निश

चुपचाप जलती रहती है, 

कलावादी उत्सवधर्मी कवियों के लिए

सर्वथा अविश्वसनीय। 

सच्ची मानवीय कविताओं के लिए

इस नये शीतयुग में गरमी

वहीं से मिलती रहती है

और पुराने जीवाश्मों के जीन्स की पहचान में

अश्मीभूत पुरातन प्रेम के पुनर्जीवन की

उम्मीदें भी बनी रहती हैं

जो साकार न भी हों तो कविता को

स्मृतियों से ऊर्जा देती रहती हैं। 

और प्यार का क्या, वह तो कहीं भी, कभी भी

आ धमकता है कम्बख़्त

युद्ध के ऐन बीचोबीच भी

या फाँसी दिये जाने से तीन दिनों पहले भी

या उम्र के किसी भी मुकाम पर

या किसी भी बीहड़ चढ़ान या ढलान पर

और अगर ऐसा नहीं भी होता है तो कम से कम

एक सस्पेंस तो बना ही रहता है

और उम्मीदें फुरसत के लमहों में

थोड़ी धमाचौकड़ी तो मचाती ही रहती हैं। 

इन चीज़ों की कोई उम्र थोड़े ही हुआ करती है! 

और प्यार कोई हार-जीत का खेल

थोड़े न हुआ करता है! 

**

(4 Aug 2024)

Friday, August 02, 2024

 रहस्योद्घाटन


जब बुराइयों की बारिश हो रही थी लगातार

और रह-रहकर यहाँ-वहाँ

क्रूरता के बादल फट रहे थे

सबकुछ तहस-नहस करते हुए, 

वह मनुष्यता के भविष्य और

सुन्दरता की गरिमा और

प्यार की चाहत की अनश्वरता के बारे में

अद्भुत कविताएँ लिख रहा था। 

कुछ कवि भी मारे गये

जब आम लोगों की हत्याएँ

आम बात हो चुकी थीं। 

इन हालात को उसने बेहद दुखद बताया

और कवियों को अराजनीतिक होने

और मनुष्यता से प्रेम करने की सलाह दी। 

लम्बा सुरक्षित और यशस्वी जीवन जीने के बाद

मरते समय वह सोच रहा था कि

उसकी कविताएँ ही याद रखी जायेंगी

और उसके राज़ हमेशा राज़ ही रहेंगे। 

तभी डाकिया पार्सल का एक पैकेट लेकर आया

जिसमें ख़ून के सूखे धब्बों वाली कमीज़ें थीं, 

दस्तानों की एक जोड़ी, एक खंज़र

और क्लोरोफॉर्म की एक शीशी

और कुछ दूसरी चीज़ें थीं

कविता की किताबों के साथ-साथ। 

धरती से एक कवि की सुखद विदाई को

बेहद यंत्रणादायी बनाने के बाद

झुर्रियों से भरे, संत सरीखे

मृदुल चेहरे वाले उस डाकिये ने

पापों को स्वीकारने वाले किसी

मृत्युपूर्व बयान का मौक़ा तक नहीं दिया। 

देखते ही देखते वह एक विशाल 

पौराणिक पक्षी में बदल गया और

अपने पंखों को फड़फड़ाते हुए

खुली खिड़की से बाहर उड़ गया

कवि को उसके गुप्त अपराधों के 

पुख़्ता सबूतों के साथ

मरता हुआ, अकेला छोड़कर। 

**

(1 Aug 2024)


Tuesday, July 30, 2024

 बुरे दिनों के अच्छे वक़्तों का क़सीदा


घाटी बादलों से भर गयी है

जैसे दुनिया के तमाम दुखों को

नज़रों से ओझल करती हुई, 

कुछ देर के लिए ही सही। 

बारिश घनघोर रोर मचाती हुई

जैसे सारी मानवद्रोही गंद को 

बहा ले जाना चाहती है। 

बरामदे में बैठे हम पी रहे हैं

कश्मीरी कहवा एक कृपालु कवि मित्र के

सौजन्य से हासिल। 

अपूर्व बारिश में भीगते हुए लाये हैं

बड़े का कबाब जिसे हम सभी पापी गण

खा रहे हैं कहवा पीते हुए। 

अभी मुकेश कुल्फ़ी लाने वाले हैं

साथियों की ख़ातिर

बारिश की परवाह न करते हुए। 

इतने बुरे दिनों में भी हमने

सुख के कुछ लमहे हासिल कर लिए हैं। 

किशोरी अमोनकर गा रही हैं मेघ मल्हार। 

पानी की बूँदें मधुमालती के पुष्प गुच्छों से

छेड़खानी कर रही हैं।

हत्या और आतंक का मौसम अगर

बहुत दिनों तक जारी रहना हो

तो ऐसे अल्पविराम भी पर्याप्त

सुखदायी लगते हैं और याद दिलाते हैं

कि हमारी ज़िन्दादिली अभी ज़िन्दा है

और तमाम परेशानियों, तनावों, उदासियों के बीच, 

तमाम पाखण्डों, क्षुद्रताओं और क्रूरताओं के बीच, 

कभी-कभी, कुछ देर के लिए ही सही, 

ख़ुश हो लेना हम अभी भूले नहीं हैं। 

**

(29 july 2024)


Sunday, July 28, 2024

रोशनाबाद कविता-श्रृंखला

 

मक्खियाँ

कप्तान साहब के बंगले के सामने के

पार्क में घंटों क्यारियों की 

निराई-गुड़ाई करने के बाद

जामुन के बूढ़े पेड़ के नीचे

एक बेंच पर सो रहा है

तपेदिक की मार से

वक़्त से पहले ही बूढ़ा हो चुका

तपेसर माली

गमछे से लगातार मक्खियों को उड़ाते हुए। 

बचपन में ही घर से भागे बेटे की शक़्ल

अब धुँधली सी ही याद आती है, 

लेकिन अभी भी कई बार भूल जाता है

कि पिछले महीने घरवाली संतो

अचानक एक रात चल बसी

किसी अनजान बीमारी से। 

शाम को घर लौटकर कई बार बेख़याली में

जब संतो को आवाज़ देने लगता है

तो पास-पड़ोस वाले आपस में इशारे से

कहते हैं कि तपेसर का माथा 

फिरता जा रहा है। 

तपेसर पार्क की बेंच पर 

अभी सिर्फ़ चैन की एक नींद के बारे में

सोच रहा है और मक्खियांँ उसे फ़िलहाल

ज़िन्दगी की सबसे बड़ी समस्या लग रही हैं। 

नींद को मौत जैसी होनी चाहिए

कि मक्खियाँ तंग न कर सकें, 

तपेसर ने सोचा। 

फिर उसने सोचा कि कितने काम

अभी बाक़ी पड़े हैं

और ठेकेदार के पास कितने पैसे

अभी बकाया हैं

और मौत के बाद तो कुछ भी कर पाना

नहीं हो सकेगा। 

मौत न आये और नींद

मौत जैसी आये

ऐसा पत्नी की मौत के बाद

कई दिनों तक जागते हुए

उसने सोचा था। 

इस गर्म दुपहरी में

मक्खियों को झेलते हुए

झपकी तो ली ही जा सकती है

मौत जैसी नींद का ख़याल छोड़कर, 

सोचता है तपेसर और गमछे को

और तेजी के साथ घुमाने लगता है। 

**

(27july2024)

Friday, July 19, 2024

कविता-रहस्य

 

कविता-रहस्य

जिन दिनों चीज़ों को

अविश्वसनीय हदों तक ज़ोर देते हुए, 

या फिर अलौकिक चमत्कार जैसी

कलात्मकता के साथ

लगातार दुहराया जा रहा था

तब किसी सफ़र में 

कुछ दिनों तक साथ चलने वाले

एक यायावर दार्शनिक-कवि ने 

मुझे बताया कि

कविता के सारे चमत्कार बेकार हैं

अगर वे चीज़ों को 

विश्वसनीय नहीं बनाते। 

सबसे कठिन है

सीधे-सादे शब्दों में

सच को बयान कर देना

और एक अच्छी कविता की 

सबसे बुनियादी शर्त भी यही है। 

बहुत सारे अलंकरण और चमत्कार

कविता को अति समृद्धि-प्रदर्शन करने वाले

धनाढ्यों जैसे कुरुचिपूर्ण और जुगुप्सा भरा

दिखाते हैं। 

तजुर्बेकार लोग बताते हैं कि सीधी लगने वाली

दुनिया की मशहूर कविताओं के गलियारों के

मोखों और आलों में, दीवारों में बनी आलमारियों में, 

टाँड़ पर और भुईंजबरा कमरों में, 

हाँड़ियों, पोटलियों, पेटियों और बटुओं में

जीने और मरने के,  प्यार के, सपने देखने के, 

फंतासियाँ रचने के, आज़ादी और इंसाफ़ के लिए

लड़ने के, आसमान की ऊँचाइयों में उड़ते हुए

अदृश्य हो जाने के इतने नुस्खे और

दुनिया और दिलों की दुर्गमतम रहस्यमयी

यात्राओं के इतने मानचित्र छुपाकर रखे गये हैं

जिन्हें खोजने की खब्त में 

पारदर्शी दिलों वाले कवि

और सिरफिरे पाठकों की दुर्लभ प्रजातियाँ

अपनी सारी ज़िन्दगी तबाह कर लेती हैं। 

आलोचक तो बिरले ही इन बीहड़ इलाकों में आते हैं। 

वे सयानों से पूछकर, शब्दों की दीवारों को

टटोलकर और आसपास रेवड़ चराते

कुछ गड़रियों और कुछ ओझाओं-गुनियों से

पूछकर महान या महत्वपूर्ण कविताओं का

मानचित्र तैयार करते हैं और

सत्तर फीसदी मामलों में जेनुइन, सजल-उर, 

विवेकक्षम पाठकों को

बरगलाने-भटकाने का काम किया करते हैं। 

यायावर दार्शनिक कवि मित्र ने बताया कि

जब कविताओं के दिन वापस लौटेंगे तो

भविष्यफल और मकानों का वास्तु बताने वालों को, 

अस्सी फीसदी प्रोफेसरों और नब्बे प्रतिशत

हिन्दी के आलोचकों को और ख़ुद अपनी ही

बात न समझने वाले सभी दार्शनिकों को

गोदामों में अनाज फटकने, नदी या समंदर किनारे

मछुआरों के जाल सुलझाने, 

हॉस्टलों के मेस के भंडार घर में 

सामानों का  हिसाब रखने या

गोदामों में स्टॉक चेकिंग करने

जैसे कुछ आरामदेह लेकिन समाजोपयोगी

काम सौंप देने होंगे जबतक कि ऐसे लोग

पुरानी सीखी हुई चीज़ों को भूलकर

नयी चीज़ें सीखने के लायक न बन जायें

और कम से कम पचास प्रतिशत कवि और आलोचक इस बात को समझने लगें कि

कविता लिखने और उसकी आलोचना का काम

ईमानदारी और वस्तुपरकता के साथ सिर्फ़

वही कर सकते हैं जो जीवन में सच और

इंसाफ़ के लिए आम लोगों के साथ

खड़े हो सकते हैं, 

उसकी हर क़ीमत चुका सकते हैं

और समान तल्लीनता और निष्ठा से

मूर्त   जीवन और अमूर्त सिद्धान्तों की

जटिलताओं और गहराइयों में

प्रवेश कर सकते हों। 

**

(19 Jul 2024)

**

Friday, July 12, 2024

कुल जमा हासिल में से कुछ चीज़ें

 

कुल जमा हासिल में से कुछ चीज़ें

पहली चोट सबसे अधिक गहरी थी

जिसके बाद मैंने खो दी किसी हद तक

अपने हृदय की करुणा और दयालुता

और तरलता। 

और फिर चोट खाने के कई चक्रों में

मैं इन चीज़ों को खोती रही क़तरा-क़तरा। 

एक दिन मुझे एक यायावर दार्शनिक-कवि ने 

बताया कि अच्छे और गर्म ख़ूबसूरत दिलों को

गहरी से गहरी चोट खाकर 

कविता की गहराई हासिल करनी होती है

और दुनिया के सबसे मामूली और सबसे 

तकलीफ़ज़दा लोगों के सपनों को 

शब्द देना होता है। 

फिर मैंने अपने हृदय की खोई हुई करुणा 

और दयालुता और तरलता को

फिर से पाने के लिए

एक लम्बी जद्दोजहद की शुरुआत की

और इसके हर चक्र में

थोड़ी क़ामयाबी के साथ

मुझे हासिल हुई

पहले से अधिक गहरी चोट

और पहले से अधिक

सहने की ताक़त। 

**

(12 Jul 2024)


Wednesday, July 10, 2024

गुमशुदगी

गुमशुदगी

पुलिस का वह नाज़ुक सा दुबला-पतला 

सबइंस्पेक्टर छात्र जीवन में

कविताएँ लिखता था

और अब पहाड़ के दूर-दराज़ के इस थाने में

जहाँ शायद ही कभी कोई 

शिक़ायत दर्ज कराने आता था, 

दिन भर कुर्सी पर बैठा ऊँघता रहता था

टेबल पर टाँग पसारे हुए। 

आज उसके सामने बैठा था

खिचड़ी दाढ़ी और मैली-कुचैली टोपी वाला

 एक बूढ़ा जो ज़िद ठाने हुआ था 

कि गुमशुदा लोगों के रजिस्टर में 

उसका नाम लिख लिया जाये

और थाने की दीवार पर उसकी तस्वीर

चस्पाँ कर दी जाये। 

न उसे अपना नाम याद था, न ही उसके पास

कोई पहचान पत्र या आधार कार्ड था। 

कुछ घण्टे चुप रहने के बाद

सबइंस्पेक्टर बोला थकी हुई आवाज़ में, 

"चचा, गुमशुदा लोगों में मैं भी तो शामिल हूँ। 

लोग मुझे जानते हैं मेरी वर्दी पर टँके नाम से

और मेरे पहचान पत्र से

लेकिन मैं ख़ुद को नहीं पहचान पाता, 

न ही कुछ याद कर पाता हूँ

और जब भी निकलता हूँ दौरे पर

तो बस ख़ुद को ही ढूँढ़ता रहता हूँ

भीड़ के एक-एक चेहरे को

ग़ौर से देखते हुए। 

**

(10 Jul 2024)

Wednesday, June 26, 2024

कविताओं का मामला

 कविताओं का मामला

मुमकिन है कि यह बहुत आसान मामला हो

जिसे हमने  मुश्किल बना दिया हो

अपने कारणों से। 

या फिर शायद हमें 

यह इसलिए मुश्किल लगा हो

कि हमने दिल लगाकर  इसे समझने की

कभी कोशिश ही न की हो। 

उमर के लम्बे बरस ज़िन्दगी के

काले कोस तय करने में ख़र्च करने के बाद

यह अक़ल आयी

कि कविताओं के साथ सवाल 

समझ का उतना नहीं था जितना कि

इस बात का था कि हमारे सरोकार

कितने गहरे थे, 

हम इन्तज़ार कितना कर सकते थे, 

कितने गहरे दुखों को

हम बिना किसी को कुछ बताये

कितनी देर तक साथ लिये चल सकते थे

और जगने के बाद अपने अच्छे-बुरे सपनों को

कितनी देर तक याद रख सकते थे। 

तो बरख़ुर्दार, यूँ कह सकते हैं कि

कविताओं का मामला हर सूरत में

एक संजीदा मामला होता है। 

इसकी तहों में दुखों और सपनों को रखकर

आप कितना लम्बा रास्ता तय कर सकते हैं

यह इस बात से तय होता है कि 

सभी लोगों के लिए

प्यार और इंसाफ़ को आप 

रोटी जैसी बुनियादी ज़रूरत

मानते हैं या नहीं। 

और अहम बात यह है कि एक लफ़्ज़ होता है

'अवाम', जिसे आप जानते तो ज़रूर होंगे

और बरतते भी होंगे 

मगर यह भी तो कभी जानने की कोशिश कीजिए

कि क्या कभी दिल से आप ख़ुद को 

उस अवाम का हिस्सा महसूस करते हैं? 

**

(26 Jun 2024)

Wednesday, June 19, 2024

शरीफ़ नागरिक के दुख

 

शरीफ़ नागरिक के दुख

ओहोहोहो, कितने दुखी हो तुम मेरे भाई! 

इतना अन्याय हुआ तुम्हारे साथ

और कोई भी खड़ा नहीं हुआ तुम्हारे साथ

किसी ने तुम्हारे कंधे पर नहीं रखा

प्यार और हमदर्दी भरा हाथ। 

बुरा हुआ, बहुत बुरा हुआ मेरे भाई

तुम्हारे जैसे भलेमानस के साथ। 

लेकिन मेरे शरीफ़ नागरिक बंधु, 

याद करो, तुम कब खड़े हुए थे

किसी तकलीफ़ज़दा इंसान के साथ, 

दुख के समय में, औपचारिकता में नहीं, 

भरे दिल से हाथों में लिया था किसी का हाथ? 

क्या कभी बैठे थे किसी उदास अकेले

आदमी के पास चुपचाप

बिना खोखली सांत्वना का एक शब्द बोले हुए? 

क्या पड़ोस के अकेले बूढ़े आदमी की

उजाड़ फुलवारी को ठीक करने में

खुरपी-कुदाल लेकर उसकी मदद की कभी

और अपने घर से थर्मस में लाकर

उसे गर्मागर्म चाय पिलाई 

या कभी आग्रहपूर्वक अपने घर बुलाया ? 

तुम्हारे घर से महज़ दो किलोमीटर की दूरी पर

जब सरकारी बुलडोज़र ढाई सौ झुग्गियों को

जमींदोज कर रहे थे तो क्या तुमने कुछ नागरिकों को

जुटाकर  वहाँ पहुँचने की और सरकारी ज़ुल्म का

विरोध करने की कोशिश की थी? 

जब बिजली का सामान बनाने वाली फैक्ट्री से

निकाले गये तैंतीस मज़दूर फैक्ट्री गेट पर

धरना दे रहे थे और नवें दिन

जब पुलिस लाठियाँ बरसाते हुए

उनके टेंट उखाड़ रही थी

तो तुम पास के चायख़ानै में चाय सुड़कते हुए

क्या चुपचाप तमाशा नहीं देख रहे थे? 

मुहल्ले के सब्ज़ी वाले, रिक्शे वाले, आटो वाले को

तुम चोर और ठग समझते हो

और लोगों के बीच अक्सर कहते पाये जाते हो कि

टाटा, अम्बानी, अडानी जैसे लोग या तो

अपनी मेहनत से या ईश्वर की कृपा से

या पूर्वजन्मों के फल से समृद्धि के शिखर पर

पहुँचे हैं। 

सोसाइटी की उस कमेटी में तुम भी शामिल थे

जिसने यह प्रस्ताव पारित किया था कि

फ्लैटों में काम करने वाले  लिफ़्ट की जगह

सीढ़ियों का इस्तेमाल करेंगे। 

माना कि गुस्सा तुम्हे भी कई बार आता है

जब बॉस की कृपा या ऊपर से आयी तगड़ी

सिफ़ारिश की बदौलत तुम्हारा जूनियर

तुम्हारे ऊपर की कुर्सी पर जा बैठता है

या तुम्हारे बेटे की प्रतियोगी परीक्षा का

पेपर लीक हो जाता है

या चीज़ों के भाव छलाँग लगाकर ऊपर चढ़ जाते हैं। 

तब भी तुम्हें सिस्टम में कोई बुनियादी बुराई

नज़र नहीं आती, 

तुम भ्रष्ट नेताओं, अफसरों, दलालों को

गरियाते हो

और कहते हो कि इस मुल्क़ को डंडे के ज़ोर से

ठीक करने के लिए एक तानाशाह की ज़रूरत है। 

फिर तुम अपने बेटे को अधिक मेहनत न करने के लिए

पहले धिक्कारते हो और फिर एक

मोटिवेशनल स्पीच देते हो। 

वैसे तो तुम एक शान्तिप्रिय और नरम सेक्युलर

नागरिक हो

लेकिन तुम्हारे नरम सेक्युलरिज़्म में

नरम हिन्दुत्व की भी मिलावट है। 

तुम कट्टर हिंदुत्व को काफ़ी हद तक मुसलमानों की

कट्टरता की प्रतिक्रिया मानते हो

और मानते हो मुसलमानों को देश में शांति के लिए

अयोध्या के बाद काशी-मथुरा भी हिन्दुओं को सौंप देना चाहिए, 

बच्चे कम पैदा करना चाहिए, 

वन्दे मातरम् गाते रहना चाहिए

और  संख्या बल में अपनी औक़ात देखते हुए

इस हिन्दूबहुल देश में थोड़ा दबदुबकर रहना चाहिए। 

तुम मेरिटोक्रेसी को डेमोक्रेसी की आत्मा मानते हो

और बेटे को फर्राटेदार अंग्रेज़ी में बोलने के लिए

रोज़ाना दो घंटे अभ्यास करने के लिए

और पत्नी को थोड़े दिन और जवान

और सेक्सी बने रहने के लिए प्रेरित करते रहते हो। 

सोसाइटी की सभी लड़कियों को तुम 'बेटा-बेटा'

कहते हो

लेकिन पार्क में ध्यान और योगासन करने के बाद

किसी बेंच पर बैठकर

जागिंग करती लड़कियों के कूल्हों और छातियो

की गोलाइयाँ 

नापते रहते हो। 

इस अंधकार, अत्याचार, जनसंहारों, बलात्कारों

और काले क़ानूनों के घटाटोप से भरे, 

पुरातन गौरव, गोमूत्र, गोबर, ताक़तवर लोगों के गू, 

बलात्कारियों के वीर्य और

नवनात्सी कचड़े में लिथड़े इस देश में

थोड़ी-बहुत तक़लीफ़ उठाकर भी, 

अपनी दुनियादारी और अनुभव के बूते

न्याय-अन्याय के चूतियापा भरे विवादों

और राजनीतिक पचड़ों से दूर

तुम लगभग शान्तिपूर्ण पारिवारिक जीवन 

बिताते रहे हो लेकिन पिछले कुछ दिनों से 

विपत्तियाँ एक के बाद एक, अगर लगातार

तुम्हारे दरवाज़े पर भी दस्तक देने लगी हैं

तो इससे बुरा समय भला क्या हो सकता है

या फिर शायद यह शनि का प्रकोप हो! 

सात दिन पहले चौथी बार तुम्हारे बेटे की

प्रतियोगी परीक्षा का पर्चा लीक हो गया। 

उसके अगले दिन तुम्हारी बेटी अपने प्रेमी के साथ भाग गयी

तुम्हारे लिए यह संदेश छोड़कर कि 'खूसट

बुड्ढे, मुझे खोजने की कोशिश मत करना।'

तीन दिन पहले सुबह पत्नी ने तुम्हें सूअर कहा

और शाम को बेटे ने कोल्हू का बैल। 

परसों तुम्हारी मोटरसाइकिल से हल्की सी टक्कर लग जाने पर

तीन लौण्डों ने गली के मोड़ पर तुम्हारी

ठीक से सुताई कर दी और पचासों तमाशबीनों में से

एक भी तुम्हें बचाने नहीं आया। 

कल शाम को सोसाइटी के परिसर में मंदिर-निर्माण के लिए

चंदा माँगने आये लफंगे टाइप लड़कों का झुंड

तुमको धमकाकर पाँच सौ रुपये ऐंठ ले गया

और उनसे बहस करने के चक्कर में तुम्हारा बेटा भी

पाँच-दस मुक्के और दो-चार लप्पड़ खा गया। 

फिर भी तुम अगर सारी बुराइयों की जड़

सिस्टम में नहीं देखते, 

फिर भी अगर तुम समझते हो कि हर शरीफ़

नागरिक को पॉलिटिक्स के पचड़े से दूर रहना चाहिए

और आन्दोलनों, हड़तालों वगैरा से कुछ नहीं होता, 

तो अपने मामूलीपन, दयनीयता और बुज़दिली को

शराफ़त और शान्तिप्रियता की आड़ में

छिपाते-छिपाते तुम सचमुच एक तिलचट्टे में

तब्दील हो चुके हो। 

तमाम एहतियात बरतने के बावजूद ऐसे तिलचट्टे

अक्सर बेमौत मारे जाते देखे गये हैं। 

जैसे कल ही मैंने देखा कि एक तिलचट्टा

दोनों ओर देखते हुए बेहद सावधानी से

जेब्रापट्टी पर चलते हुए सड़क पार कर रहा था

कि शहर में शान्ति स्थापना के लिए गश्त लगाते  फौजी बूट बेख़याली में उसे कुचलते हुए

आगे बढ़ गये। 

**

(19 Jun 2024)