Showing posts with label मेरी प्रिय कविताएं : क्षितिज पर जलती मशालें दण्‍डद्वीप से दिखती हुई. Show all posts
Showing posts with label मेरी प्रिय कविताएं : क्षितिज पर जलती मशालें दण्‍डद्वीप से दिखती हुई. Show all posts

Thursday, January 15, 2026

  

-- नाज़िम हिकमत . 

इस तरह से 

मैं खड़ा हूँ बढ़ती रोशनी में 

मेरे हाथ भूखे, दुनिया सुंदर 

मेरी आँखें समेट नहीं पातीं पर्याप्त पेड़ों को -

वे इतने उम्मीद भरे हैं, इतने हरे। 

एक धूप भरी राह गुज़रती है शहतूतों से होकर ,

मैं जेल चिकित्सालय की खिड़की पर हूँ। 

सुंघाई नहीं दे रही मुझे दवाओं की गंध -

कहीं पास में ही खिल रहे होंगे कार्नेशन्स। 

यह इस तरह है :

गिरफ़्तार हो जाना अलग बात है,

ख़ास बात है आत्म-समर्पण न करना !

(अंग्रेजी से अनुवाद-वीरेन डंगवाल)

Friday, December 19, 2025

दुःख के बारे में एक और खोज

 

दुःख अंत की भाषा था ।

और भाषा का अंत था ।

अँधेरे का व्याकरण था दुःख 

और व्याकरण का अन्धेरा ।

दुःख था अकेलेपन की चीख 

और एक चीख का अकेलापन ।

दुःख अन्दर की खोहों की 

निरुद्देश्य खोजपूर्ण यात्रा था ।

दुःख अकेले भोग लेने की 

एक स्वार्थपूर्ण कामना था ।

दुःख जूते में घुसा हुआ एक कंकड़, 

बहा दिया गया आँसू का एक कतरा था ।

दुःख था बहुत कुछ जानना 

और लगातार जानना 

और सिर्फ़ जानना ।

दुःख आत्मा पर एक धब्बा था अपरिहार्य, 

दुनिया की तमाम अपूर्ण कामनाओं की 

हिलती हुई छाया था ।

यह पाया कि सबसे बड़ा दुःख था फिर भी 

यह जानना कि दुःख है 

और यह न जानना कि

इसके कारण क्या हैं ?

--- शशि प्रकाश 

    (नवम्बर, 1998)

Tuesday, December 02, 2025

 

उट्ठो मेरी दुनिया के ग़रीबों को जगा दो

ख़ाक-ए-उमरा के दर-ओ-दीवार हिला दो

गरमाओ ग़ुलामों का लहू सोज़-ए-यक़ीं से

कुन्जिश्क-ए-फिरोमाया को शाहीं से लड़ा दो

सुल्तानी-ए-जमहूर का आता है ज़माना

जो नक़्श-ए-कुहन तुम को नज़र आये मिटा दो

जिस खेत से दहक़ाँ को मयस्सर नहीं रोज़ी

उस ख़ेत के हर ख़ोशा-ए-गुन्दम को जला दो

क्यों ख़ालिक़-ओ-मख़लूक़ में हायल रहें पर्दे

पीरान-ए-कलीसा को कलीसा से हटा दो

मैं नाख़ुश-ओ-बेज़ार हूँ मरमर के सिलों से

मेरे लिये मिट्टी का हरम और बना दो

तहज़ीब-ए-नवीं कारगह-ए-शीशागराँ है

आदाब-ए-जुनूँ शायर-ए-मश्रिक़ को सिखा दो

-- अल्लामा इक़बाल

Saturday, August 23, 2025

 

धरती के उस टुकड़े पर

जहाँ तितलियाँ भी बच्चों से

लम्बी ज़िन्दगी जीती हैं, 

मैं तुम्हारे लिए 

कैसी कविता लिखूँ? 

-- अहमद आरिफ़

#ग़ज़्ज़ा

Sunday, February 09, 2025

क्रान्तियाँ


-- पाब्‍लो नेरूदा

उच्‍च पदासीन

कीड़ों के खाये हुए कीचड़ के

अपने चोगों सहित गिरे,

नामहीन लोगों ने कंधों पर भाले ताने,

दीवारें ढहा दीं,

आततायी को उसके सोने के द्वार पर कीलों से ठोंका,

या अपनी बाँहदार कमीजों में, बस,

कारखानों, दफ्तरों, खानों में

एक छोटी-सी

सभा में गए।

ये वर्ष

मध्‍यांतर

के

थे।

सोने के दाँतोवाला त्रुजिल्‍लो धराशायी हुआ,

और निकारागुआ में

एक सोमोजा गोलियों से

छलनी हुआ,

अपने दलदल में रक्‍त-स्राव करता मरा,

ताकि एक दूसरा सोमोजा-चूहा

उस मरे हुए चूहे की जगह

पाले की तरह प्रकट हो;

लेकिन वह बहुत दिन न टिक पायेगा।

सम्‍मान और अपमान, उन भयानक दिनों की

विपरीत झंझाएँ!

किसी अबतक छिपी जगह से वे कवि के पास

एक धूमिल जय-पत्र की माला लाये

और उसे पहनाया।

गाँवों से वह अपने चमड़े का ढोल

और पत्‍थर का तूर्य

लिये गुज़रा।

ग्रामीणों ने,

जिन्‍होंने अँधेरे में पाठ पढ़ा था

और भूख को एक धर्म-ग्रंथ की तरह जानते थे,

कवि की ओर आधी मुँदी आँखों से देखा, जिसने ज्‍वालामुखियों,

नदियों, लोगों और मैदानों को पार किया था,

और वे जान गये कौन था वह।

अपने पर्णों के नीचे

उन्‍होंने

उसे शरण दी।

कवि

वहाँ अपने एकतारे के और

छड़ी के साथ था, जिसे उसने पहाड़ों में

किसी सुगंधपूर्ण वृक्ष से काटा था,

और जितने ही ज्‍यादा कष्‍ट उसने सहे,

उतना ही ज्‍यादा उसने सीखा,

उतना ही ज्‍यादा उसने गाया।

उसे मानव परिवार

उसकी अपनी खोयी माताएँ,

अपने पिता,

असंख्‍य

पितामह, संतानें मिल गयी थीं,

और इस तरह उसे हजारों

भाइयों के होने की आदत पड़ी।

इस तरह उसे अकेलेपल की पीड़ा नहीं सहनी पड़ी।

इसके अतिरिक्‍त, उसने अपने एकतारे और

अपनी जंगली छड़ी के साथ

चट्टानों के बीच

एक अन्‍तहीन नदी के तट पर

अपने पाँव शीतल किये।

कुछ नहीं होता था या कुछ नहीं

होता जान पड़ा --

जल, शायद, जो अपने पर ही

सरकता जाता था,

स्‍फटिकता से

गाता हुआ।

लौह-वर्ण के जंगल ने

उसे घेर रखा था।

वह स्थिर बिंदु था,

इस ग्रह का

नीलतम, शुद्ध केंद्र,

और वह वहाँ अपने एकतारे के साथ पहुँचा था,

चट्टानों और

हरहराते हुए जल के

बीच,

और कुछ नहीं होता था,

विस्‍तृत मौन,

और निसर्ग के लोक की धड़कन

और शक्ति के सिवा।

लेकिन, बहरहाल,

एक गहन प्‍यार,

एक क्षुब्‍ध सम्‍मान उसकी नियति थी।

जंगलों और नदियों से बाहर

वह निकला।

उसके साथ, एक स्‍वच्‍छ खड्ग की तरह,

उसके गान की आग चलने लगी।

(अनुवाद: चन्‍द्रबली सिंह)


Saturday, February 08, 2025

कम्‍युनिस्‍ट

 --पाब्‍लो नेरुदा

हम जिन्‍होंने अपनी आत्‍मा पत्‍थर में

लोहे में, कठोर अनुशासन में प्रतिष्ठित की,

हम सिर्फ प्‍यार में जीवित रहे,

और लोग खूब जानते हैं कि हमने अपना रक्‍त बहाया

जब ग्रहण के उदास चन्‍द्रमा ने

तारे का रूप विकृत किया।

अब तुम देखोगे कौन हैं हम और क्‍या सोचते हैं हम।

अब तुम देखोगे हम क्‍या हैं और क्‍या होंगे।

हम पृथ्‍वी की शुद्ध चाँदी हैं,

आदमी की सच्‍ची धातु।

हममें सागर की निरंतर गति है,

हममें सारी आशा की शक्ति मूर्तिमान होती है।

अंधकार का एक क्षण हमें अंधा नहीं बना पाता।

कुछ भी पीड़ा के बिना हम मृत्‍यु का वरण करेंगे।

(अनुवाद:चन्‍द्रबली सिंह)

Monday, November 18, 2024

 

'मैं इतनी तरह के अपमान सहता रहा, जिनकी गिनती करना कठिन है : सिर्फ़ इसलिए कि मेरी कविता सस्ती होकर एक रिरियाहट बनने से बची रहे।' 

~ पाब्लो नेरुदा

__________________

हिन्दी कविता के परिदृश्य के सन्दर्भ में,

'यश की कामना और अमरत्व के लिए

मैंने इतनी तिकड़में कीं, इतनी जुगत भिड़ाई,

इतनी तरह के अपमान सहे

जिनकी गिनती करना कठिन है।

मिली तो प्रसिद्धि, पुरस्कार भी मिले

लेकिन मेरी कविता 

बस रिरियाहट बनकर रह गयी।'

Friday, July 26, 2024

 

सारी कथाएँ तो फिर भी नहीं कही जातीं


इतना अधिक आशावादी क्या होना

कि निराशाएँ कभी पास फटकें ही नहीं

और उदास हवाएँ  आसपास से होकर

गुज़रने से सहम जायें। 

आशा की ऐसी अलौकिक आभा लेकर भी

कोई क्या करेगा कि कोई दुखी उदास हृदय

ख़ुद को उसके सामने खोलकर रख देने में

सकुचा जाये। 

जैसे कि इतना उबाऊ उल्लास लेकर भी

भला क्या करेंगे कि

अल्कोहल सने समवेत ठहाकों के बिना

शामें सूनी-सूनी सी लगने लगें। 

*

आशावादी भाषण तब सबसे अधिक

खोखले और बनावटी लगते हैं

जब कुछ न कहने की ज़रूरत हो, 

या हिचकता हुआ पास सरक आया हाथ

महज़ एक स्पर्श की माँग कर रहा हो। 

गिरजाघर की वेदी पर जलती मोमबत्तियाँ

जितनी भी जगमग करती हों, 

हर अगले दिन बुझी हुई मोमबत्तियों के झुण्ड से

अधिक उदास करने वाले दृश्य 

बहुत कम होते हैं। 

*

जीवन और भविष्य का आशावादी सिनेमा

पुदोव्किन के 'लिंकेज मोंताज' की तरह नहीं, 

बल्कि आइजेंस्ताइन के 'कोलीज़न मोंताज' 

की तरह होता है। 

लेकिन सिर्फ़ इतना ही नहीं, उसमें

ज़रूरी होते हैं बहुत सारे मौन अन्तराल

और मद्धम गतियों के दृश्य

एक विशाल भूदृश्य के बीच, 

विरुद्धों की एकता और टकराव को साधते हुए, 

हो सके तो बीथोवेन का भी

अतिक्रमण करते हुए और 

उपमाओं और प्रतीकों की 

भोड़ी स्थूलताओं के साथ-साथ

'लिरिकल' होने के अतिरेक से भी बचते हुए। 

भले ही ऐसा युगों बाद होता हो लेकिन कईबार

प्रत्यक्ष कथनों से दुनिया की सबसे मार्मिक और

गहरी कविताएँ बन जाया करती हैं

हालाँकि यह भी सच है कि पारदर्शिता के 

विश्वसनीय आकर्षण के बावजूद

कविता में पारभासिता का रहस्य ही

हमें खींचता है और अज्ञात प्रदेशों की

यात्रा के लिए उकसाता है। 

*

जीवन में अगर थोड़ी कविता हो द्वंद्वात्मक,

तो मायूसियों और उम्मीदों का टकराव

उन्नत धरातल की नयी काव्यात्मक और

दार्शनिक उम्मीदों को जन्म देता है

सच्ची कला और सच्चे जीवन में। 

लेकिन कई बार ऐसा नहीं भी होता है

जैसे मानव इतिहास में भी प्रतिक्रियावादी

उत्क्रमण हुआ करते हैं

अल्पकालिक या दीर्घकालिक, 

भले ही हमेशा के लिए नहीं। 

*

अपने दुखों पर हमेशा बह निकलने को तैयार

और शोकसभाओं में सप्रयास बहाये जाने वाले

आँसुओं जितनी कुरूप और डरावनी चीज़ें

दुनिया में बहुत कम ही पायी जाती हैं। 

दुनिया के सबसे अच्छे, मज़बूत और सुन्दर 

लोगों की आँखों में सिर्फ़ जीवन और

कथाओं के मार्मिक प्रसंगों पर, 

या किसी बच्चे की किसी मामूली सी चिन्ता

या मामूली से दुख पर आँसू 

छलकते देखे गये है। 

ऐसे लोग ही या तो दिल की अतल गहराइयों से

प्यार करते हैं, 

या प्यार में सबसे अधिक दुख उठाते हैं, 

या वांछित प्यार की प्रतीक्षा और खोज में

पूरा जीवन बिता देते हैं। 

कुछ जीवन तो ऐसे होते ही हैं

जिनके नाट्य में ग्रीक त्रासदियाँ ख़ुद को

नये अवतार में ढालती हैं

कुण्डलाकार रास्ते से यात्रा करके

नये युग में पहुँचने के बाद। 

वरना  हेगेल बाबा की बात में से 

अगर बात निकालें तो

इतिहास में उदात्तता भी अगर दुहराई जाये

तो वह प्रहसन ही होगी। 

*

और जहाँ तक आँसुओं के छलकने के

कतिपय गम्भीर प्रसंगों की बात है, 

उन सबके पीछे कुछ गहन-गोपन कथाएँ होती हैं

जो कभी प्रकाश में नहीं आतीं। 

सारी कथाएँ तो कभी नहीं कही जाती हैं। 

**

-- शशि प्रकाश

Wednesday, July 17, 2024

ग़ज़्ज़ा में नींद

 

ग़ज़्ज़ा में नींद

—

फ़ादो, औरों की तरह नींद मुझे भी आ ही जाएगी 

इस गोलाबारी के दरमियान

आसमान जो कि अब ज़िन्दा गोश्त का लोथड़ा है

मैं ख़ाब देखूँगा जैसे और देखते हैं

बरसते गोलों के बीच — सपने में मुझे दिखेंगी दग़ाबाज़ियाँ

मैं दोपहर जाग के रेडियो से पूछूँगा 

वही सवाल जो सब पूछते हैं —

क्या गोलाबारी बंद हुई?

कितने मरे?

लेकिन मेरी परेशानी, फ़ादो, यह है कि

कि दो तरह के होते हैं लोग —

वे जो अपनी तकलीफ़ें और गुनाह

गली में फेंक आते हैं ताकि वे ख़ुद सो सकें

और वे लोग जो दूसरों की तकलीफ़ें और गुनाह इकट्ठा करके

सलीबों में ढालते हैं, और उन्हें लेकर चलते हैं जुलूस में

बाबीलोन, ग़ज़्ज़ा और बेरूत की सड़कों पर

रोते हुए

अब कितने और बाक़ी हैं?

अब कितने और बाक़ी हैं?

दो साल पहले मैं दक्षिणी बेरूत में

दाहिया की सड़कों से गुज़रा था

ध्वस्त इमारतों जितनी बड़ी 

सलीब को घसीटता

पर कौन यरूशलम में एक क्लांत मनुष्य की पीठ से

उतारेगा सलीब को?

यह धरती बस तीन कीलों में बदल गई है

और दया एक हथौड़े में

करो वार, प्रभु

करो हवाई हमला

अब कितने और बाक़ी हैं?

---- नजवान दरवीश

(अनुवाद - असद ज़ैदी; अरबी से करीम जेम्स अबू-ज़ैद के अंग्रेज़ी अनुवाद पर आधारित)


Saturday, May 11, 2024


सुरजीत पातर की एक कविता:


मैं रात का आख़िरी जज़ीरा

घुल रहा, विलाप करता हूँ

मैं मारे गये वक़्त का आख़िरी टुकड़ा हूँ

ज़ख़्मी हूँ

अपने वाक्यों के जंगल में

छिपा कराहता हूँ

तमाम मर गये पितरों के नाख़ून

मेरी छाती में घोंपे पड़े हैं

ज़रा देखो तो सही

मर चुकों को भी ज़िन्दा रहने की

कितनी लालसा है। 

**

Friday, April 12, 2024


दो कविताएँ...

 -- रोखे दाल्तोन (1935-75) (कवि, क्रान्तिकारी, अल साल्वाडोर)

(एक)

कविता की कला 1974

कविता

माफ़ करना मुझे

यह समझने में तुम्हारी मदद करने के लिए

कि तुम सिर्फ़ शब्दों से नहीं बनी हो। 


.....

(दो)

प्यार मेरा दूसरा वतन है

शुरुआत वाला

वो वाला नहीं जिसपर मुझे गर्व है

वो जिसे मैं झेलता हूँ

...


Wednesday, April 10, 2024

समंदर किनारे की एक रात

 


समंदर किनारे की एक रात

समंदर की  लहरें जो सिर पटकती हैं

किनारे की अकेली चट्टान पर

उनका पानी बदलता रहता है 

लेकिन नमक की मात्रा सबमें बराबर होती है। 

चट्टान अलग अलग वज़न और रफ़्तार की चोटें झेलती है। 

कुछ न कहती है। 

आसमान में तनहा है चाँद। 

बादल के आवारा टुकड़ों और यहाँ-वहाँ

छिटके सितारों से नहीं है उसका कोई संवाद। 

चाँद के पास उदासी की पीली रोशनी है

लेकिन आँसू का एक क़तरा भी नहीं। 

लहरों का नमक और पानी है ही नहीं

उस अभागे के पास तो आँसू भला कैसे होंगे! 

प्रेमविह्वल लहरें  पीछे लौटती हैं पछतावे के साथ 

और फिर दौड़ती आती हैं प्रचण्ड रोष के साथ। 

विक्षुब्ध प्यार के आवेग की चोट सहती है 

और लहरों के लौटने के पश्चाताप को 

दार्शनिक वस्तुनिष्ठता के साथ

महसूस करती है किनारे चिन्तनरत

खुरदरी काली चट्टान जो कितनी धँसी है रेत में

और कितनी बाहर है, 

और कितने समय से है उसका 

खारे नीले गँदले पानी से साथ

और क्या उसके पास भी है पसीने और 

आँसुओं का गुप्त खारापन, 

यात्राओं का कोई कठिन अनुभव, 

कोई अदेखी मेहनत, कोई छिपा लिया गया 

रहस्यमय दु:ख? -- यह कोई नहीं जानता। 

*

यह समंदर की बेचैनी की रात है। 

सिर्फ़ कुछ तज़ुर्बेकार बूढ़े और हिम्मती 

नौजवान मछुआरे ही समंदर के भीतर हैं, 

या वे लोग जो चाँद की तरह तनहा हैं

जिनका कहीं कोई इन्तज़ार नहीं कर रहा है। 

मछुआरों की कश्तियों की बत्तियाँ

टिमटिमा रही हैं कोसों दूर। 

कोई एक समुद्री पक्षी लहरों के शोर के बीच

ऊँची आवाज़ में चीखता हुआ

काले पानी की सतह की ओर गोते लगाता है

और फिर अँधेरे में विलीन हो जाता है। 

इससमय सुदूर उत्तर के पहाड़ों में जंगल

जल रहे हैं दिनरात लगातार। 

इधर सागर किनारे मानसून आ चुका है

लेकिन आज की रात बिन बारिश की रात है

उमस से भरी हुई। 

हवा में नमक और मछलियों की गंध थोड़ी ज़्यादा है। 

मुझे गहरे समंदर में जाना है

मछुआरों की उन नावों के पास

जिनकी बत्तियांँ बेहद कठिन दिनों की

उम्मीदों की तरह टिमटिमा रही हैं। 

यूँ तो एक सुनहरी मछली ने वायदा किया था

अपनी पीठ पर बैठाकर उनतक पहुँचा देने का

लेकिन वह नौजवानी का एक बचकाना सपना था! 

अब नहीं है मेरे पास कोई यूटोपिया, 

थोड़ी काव्यात्मक उदासी और 

उम्मीदें है और युयुत्सा है उतनी ही 

जितनी प्यार की चाहत और कुव्वत

और तमाम तुच्छ चालाकियों और दुनियादारियों से

जानते-बूझते भोला और अनजान बने रहने का

जतन से विकसित किया गया कौशल। 

फ़िलवक़्त प्यार या प्रतीक्षा या शोक में

मरने का कोई प्रोग्राम नहीं है मेरे पास

और मैं सुबह का इन्तज़ार कर रहा हूँ

इस चट्टान और चाँद के साथ

बिना किसी पछतावे के बीते दिनों की

मौलिक मूर्खताओं और मानवीय बेवफ़ाइयों के बारे में सोचते हुए

और उन दुखों के बारे में भी

जिन्हें कविता में प्रवेश न करने 

शाप मिला हुआ है। 

सुबह जब रात के मछुआरे लौटेंगे

तो उन्हें राज़ी करूँगा

अगली रात समंदर में साथ लेकर चलने के लिए, 

धरती के बेपनाह दुखों और क्षुद्रताओं से दूर

पानी में पनाह लेने के लिए, 

ज़्यादा नहीं, कम से कम

एक रात के लिए। 

**

-- शशि प्रकाश (5 अप्रैल, 2024)


Monday, February 19, 2024

नौकरशाह


 अल साल्वाडोर के मशहूर क्रांतिकारी वामपंथी कवि रोखे दाल्तोन (Roque Dalton) की एक कविता

नौकरशाह

नौकरशाह नीरसता और ऊब के तूफ़ानी सागर में तैरते रहते हैं। 

वे पहले लोग होते हैं जो कोमलता की हत्या करते हैं अपनी घिनौनी जम्हाइयों के बाद

उनका अंत होता है बीमार जिगर के साथ  और वे मरते हैं टेलीफोन को मुट्ठी में भींचे हुए

उनकी पीली आँखें गड़ी होती हैं दीवार घड़ी पर। 

उनके हाथ की लिखावट उम्दा होती है और वे अपने लिए नेकटाइयाँ ख़रीदते हैं

जब उन्हें पता चलता है कि उनकी बेटियाँ हस्तमैथुन करती हैं तो उन्हें दिल का दौरा पड़ जाता है

उनके ऊपर उनके दर्ज़ी के बिल का बक़ाया होता है और  वे बार में शराब पीने के आदी होते हैं

वे रीडर्स डाइजेस्ट और नेरूदा की प्रेम कविताएँ पढ़ते हैं

वे इतालवी ऑपेरा के शौक़ीन होते हैं और ख़ुद को  गौरवान्वित महसूस करते हैं

वे घनघोर कम्युनिस्ट-विरोधी घोषणापत्रों पर दस्तख़त करते हैं

व्यभिचार उन्हें बर्बाद कर देता है और वे आत्महत्या करते हैं बिना किसी ग़ैरत के

वे खेलकूद से लगाव का दिखावा करते हैं और इस बात पर शर्मिन्दा रहते हैं

भयंकर रूप से शर्मिन्दा रहते हैं

कि उनका बाप एक बढ़ई था। 

**


अल साल्वादोर के क्रांतिकारी वामपंथी कवि  रोखे दाल्तोन की एक छोटी कविता जो हमारे मुल्क़ के बुद्धिजीवियों के लिए भी एक ज़रूरी चेतावनी के समान है:

एक सुझाव... 

कभी भी मत भूलो

कि फ़ासिस्टों में 

जो सबसे कम फ़ासिस्ट हैं

वे भी

फ़ासिस्ट हैं। 

**


Saturday, November 11, 2023

ऐसा कोई संगीत, दिल के एकदम क़रीब

 

कामरेड शशि प्रकाश की यह कविता ख़ास तौर पर कविता के सुधी युवा पाठकों, पारदर्शी दिलों वाले बावले और यायावर प्रजाति के बचे-खुचे लोगों, सच्चे कवियों और अनथक-आजीवन विद्रोहियों के लिए! 

ऐसा कोई संगीत, दिल के एकदम क़रीब

बड़े-बुज़ुर्गों से सुने किस्सों 

और देखी-भोगी गयी अपनी ज़िन्दगी के उधेड़े गये धागों-रेशों से 

कोई यादगार म्यूज़िकल कम्पोज़ीशन 

बुनने की हर कोशिश बेसूद साबित होगी। 

दिलों को झकझोर देने वाले

और ज़ेहन में हमेशा के लिए बस जाने वाले

संगीत को बहुत सारी चीज़ें चाहिए 

जैसे कि, हवा में तैरते हुए नीचे उतरते पंखों

और जंगल की आग, हिमस्खलनों, 

और समुद्री तूफ़ानों के सपने, 

भोर के कोहरे में खोयी सी दिखती पगडंडी,

धरती के खुले हुए ज़ख़्मों से 

बेआवाज़ रिसता लहू, 

खुशमिज़ाज और आशावादी लोगों के

चुपचाप टूटे हुए पारदर्शी दिलों के निजी रहस्य

और कुछ निश्छल उदात्त पश्चाताप,

सागर की तलहटी में पड़े जहाज़ के मलबे से

किसी गोताखोर द्वारा निकाल कर लाया गया

कुतुबनुमा और चमड़े के थैले में रखा

मोमजामे में लिपटा एक मानचित्र, 

झरने से चंद कदमों की दूरी पर

चीड़ के दरख़्तों से घिरे,सोच में डूबे, उदास, 

एकाकी देवदारु का अनकहा दु:ख, 

अपने आख़िरी सफ़र पर रवाना एक घायल

साबितक़दम बूढ़े बाज़ के 

दिलो-दिमाग़ को मथती ज़िन्दगी भर की 

लड़ाइयों की यादों की बाज़गश्त

और अधूरी ज़िन्दगी की कसक, 

अपने वक़्त के कदमों के निशानात की 

शिनाख़्त की चंद शायराना सी कोशिशें

और सैकड़ों-सैकड़ों ऐसी ही दूसरी चीज़ें

जो लोगों से और हमारे वक़्त से वाबस्ता हों। 

इनमें से ज़रूरत मुताबिक़ कुछ को चुनकर, 

उनके रेशों और रसायनों से

ऐसे ऑर्गेनिक कम्पोज़ीशन्स 

तैयार किये जा सकते हैं जिनमें 

धड़कता-थरथराता हमारा समय

सुदूर भविष्य के नागरिकों तक 

सांगीतिक कूट-संकेत भेज सकता हो

और दूरस्थ तारों की आती रोशनी बटोरकर

मौजूदा अंँधेरे के बाशिंदों की आँखों में

भर सकता हो। 

**

-- शशि प्रकाश


Thursday, August 03, 2023

हमारे लहूलुहान समय का एक दृश्य-चित्र!



-- शशि प्रकाश

हमारे लहूलुहान समय का एक दृश्य-चित्र! 

*

स्टिललाइफ़ 2023


तिपहरी उदास, सुनसान। 

एकाकी उचाट आत्मा पर 

ग्लानिग्रस्त गुलाब की छाया

गिरती हुई अनमनी। 

पुराने बरगद की लटकती बरोहें

डोलती हुई हवा में

जिन्हें फिर से मिट्टी तक पहुँच कर

नयी जड़ें बनना था। 

मनहूसी भरे आसमान में 

पुच्छल तारे सी उगी एक बन्दूक। 

नीचे कंसंट्रेशन कैम्प जैसी किसी 

आतंककारी इमारत के परिसर का विस्तार 

कँटीले तारों से घिरा हुआ।

विकट मुद्रा में एक भद्दी कुरुचिपूर्ण देवमूर्ति

और एक घण्टाघर

पागलख़ाने के कम्पाउण्ड के ऐन बीचोंबीच।

बाहर वीराने में 

सड़क पर कीचड़ और ख़ून में सना

टैंक की शक्ल का एक सैनिक बूट।

रात की पीली बीमार रोशनी में

एक कर्तव्यसजग मनोगतवादी चाकू पड़ा हुआ 

रंग-बिरंगे फलों के निष्प्राण शरीरों के पास

और शयन कक्ष में ज़हर का नीला प्याला। 

रोज़नामचा में प्रश्नांकित प्यार की तारीख़ें। 

ज़मीन पर बिखरे हुए कुछ 

टाल दिये गये फ़ैसलों और भुला दिये गये

वायदों के पुराने दस्तावेज़। 

स्टडी टेबल पर दार्शनिक विमर्शों की लाश

ख़ून से सनी किताबों और नोटबुकों के बीच। 

अध्ययन कक्ष की रौशन खिड़कियों पर 

काँपते झीने रेशमी पर्दों पर 

हिलती-डुलती रहस्यमय प्रेत-छायाएँ। 

बाहर काले अँधेरे में वनस्पतियों की

अदृश्य हरीतिमा। 

हवा में कुछ परिचित सी आहटें और 

आतंकग्रस्त शहर की गलियों में 

कुछ अभय सुगबुगाहटें।

बंजर विशाल भू-भाग पर उग आये

बबूल के जंगल में जुगनू।

कहीं-कहीं सहसा कौंधती 

कुछ मानवाकृतियाँ रक्ताभ। 

कैनवास पर क्षितिज के कोने में

चिन्तनरत, चिन्तित, 

कविता और स्मृतियों और सपनों

और विचारों से लबरेज़

अनिद्रित आँखों के तारक-पुंज। 

(3 Aug 2023)


Friday, May 05, 2023

. और मैं टोकता हूँ , आ सामने मुक़ाबले को


 

जवानी की दहलीज पर पैर रख रहे कार्ल मार्क्स की एक कविता की कुछ पंक्तियाँ

" ... और मैं टोकता हूँ , आ सामने मुक़ाबले को 

तो देव जैसी ये दुनिया

हक़ीर नाहंजार । 

एक आह भरती है 

ढह पड़ती है वहीं पर वो

उसीतरह से मैं रहता हूँ 

फिर भी शोलाबार ।

और एक शाने - खुदाबंदी से बेरोकटोक

 मैं इस खंडहर में हूँ विजय की तरह महमन्त ।

 मेरी ज़ुबान का हर कौल आग और अमल

कि मेरा सीना है अब, विधाता का सीना ।" 

--- कार्ल मार्क्स ( छात्र जीवन में लिखी गई एक कविता का एक अंश )


.............................................................


(युवा मार्क्स के विद्रोही मानस के निर्माण की प्रक्रिया पर अलग-अलग समयों में लिखी गयी ये दो टिप्पणियाँ एक साथ प्रस्तुत हैं, विशेष तौर पर उन युवा साथियों के लिए, जो जीवन की अमानवीय परिस्थितियों से घृणा तो करते हैं लेकिन कभी स्वजनों-परिजनों के दबाव के आगे झुककर, कभी पारिवारिक ज़िम्मेदारियों के बारे में सोचकर, कभी निजी महत्वाकांक्षाओं के वशीभूत होकर, तो कभी इंक़िलाब के रास्ते की कठिनाइयों, अनिश्चितताओं, संभावित असफलताओं, इसके सतत् अन्वेषी चरित्र और सत्ताधारियों के दमन तंत्र के बारे में सोचकर विद्रोह करने से हिचक जाते हैं। ) 

(1) 

युवा मार्क्स की 'प्रोमेथियन स्पिरिट'

मार्क्स की जिस 'प्रोमेथियन स्पिरिट' की बात अक्सर की जाती है वह तो छात्र-जीवन में ही उनमें घर कर चुकी थी । "सच तो यह है कि मैं देव-मंडली से घृणा करता हूँ"-- प्रोमेथियस की इस साहसी गर्वोक्ति के अनुरूप मार्क्स न केवल सभी "सांसारिक देवताओं" से युवावस्था में ही घृणा करने लगे थे, बल्कि निरंकुश सत्ताधारियों के नीच चाकरों को "डरपोंक खरगोश" कहकर उन्हें चुनौती भी देने लगे थे । सरकारी नौकरी के प्रस्ताव को उन्होने प्रोमेथियस के ही अंदाज़ में गर्वीले ढंग से ठुकरा दिया :

"दुर्भाग्य के बदले में कर लूँ मैं चाकरी

जान लो अच्छीतरह, यह हो नहीं सकता ।

पिता जीयस का बन जाऊँ खिदमतगुज़ार?

बेहतर है इससे, चट्टान से बंधा रहूँ ।" 

(मार्क्स : 'प्रकृति के डेमोक्रिटियन और एपीक्यूरियन दर्शन

के बीच अंतर')

मार्क्स के अत्यधिक साहसी सत्ता-विरोधी और "वामपंथी" होते जा रहे रुख से उनके ब्रूनो बावेर जैसे वे तरुण हेगेलपंथी दोस्त भी घबराने लगे थे जो सिद्धान्त के क्षेत्र में साहस की डींगें मारा करते थे । ब्रूनो बावेर ने मार्क्स से यह अनुरोध किया था कि वे अपने शोध-प्रबंध की चुनौती भरी प्रस्तावना का स्वर नरम कर दें और प्रतिक्रियावादी मंत्री एइखहोर्न से माफी मांग लें । उन्होने मार्क्स को दार्शनिक संघर्षों में सतर्क रहने और सरकार की आलोचना से बाज आने की सलाह दी जिसे मार्क्स ने कंधे उचकाकर हवा में उड़ा दिया ।

युवा एंगेल्स तब मार्क्स के संपर्क में आ चुके थे और दुनिया की महानतम मैत्रियों में से एक की शुरुआत हो चुकी थी । एंगेल्स ने भी मार्क्स की तरह युवावस्था में काव्य-प्रयोगों में कुछ हाथ आजमाये थे । 1841 में उन्होने 'विश्वास की विजय' नामसे एक कविता लिखी थी जिसकी शुरू की चार पंक्तियों में ब्रूनो बावेर का एक व्यंग्यचित्र है और फिर कविता में मार्क्स का प्रवेश होता है एक दुर्द्धर्ष योद्धा के रूप में :

"बक रहा है तैश में वह मरियल शैतान-सा सब्ज़पोश,

कुटिल चेहरे पर है उसके क्रोध, अशांति और जोश ।

बाइबिल पर एतराज़ों का है एक सैलेरवां

हाथ में परचम लिए करता है सैरे-आसमां ।

और फिर तूफान की मानिंद ये कौन आ गया ?

त्रियेर का बाशिंदा, काले बाल, गुस्से से भरा

उसकी आमद जैसे एक पर्वत-सा हो आ फटा ,

जिसकी आँखों से टपकता है उन्मत्त हौसला ।

हाथ बेबाकी से हैं कुछ इसतरह आगे बढ़े ,

फेंक देगा आसमानों की तनाबें नोचके । "

इस अंधेरे समय में हमारे देश के प्रबुद्ध युवाओं को भी सोचना ही होगा कि उन्हें माँद में रहने वाले 'डरपोंक खरगोश' जैसे सुरक्षावादी बुद्धिजीवियों का जीवन चुनना है या प्रोमेथियन स्पिरिट में एक तूफानी जीवन जीना है, हरजगह अन्याय के खिलाफ मोर्चा लेते हुए और मुक्ति-मार्ग का संधान करते हुए ।

**

(2) 

युवा हृदय में विद्रोह की अनवरत धधकती आग

मार्क्स ने क्रांति के विज्ञान की खोज तक की अपनी युगांतरकारी विचार-यात्रा किसी अकादमिक महत्वाकांक्षा के लिए नहीं पूरी की। 

मूल बात यह थी कि अमानवीय सामाजिक परिस्थितियों के विरुद्ध विद्रोह की आग किशोरावस्था से ही उनके हृदय में जलने लगी थी। मानव मुक्ति का सही, वैज्ञानिक रास्ता क्या होगा, इसी की खोज करते हुए उन्होंने हेगेल के दर्शन से द्वंद्वात्मक और ऐतिहासिक भौतिकवाद तक की यात्रा तय की। अपना जीवन-लक्ष्य मार्क्स युवावस्था की दहलीज़ पर कदम रखते ही तय कर चुके थे। इसके लिए वह हर क़ीमत चुकाने के लिए, हर जोखिम मोल लेने के लिए तैयार थे। किसी भी तरह का समझौता उन्हें कतई स्वीकार नहीं था। 

एक युवा हेगेलपंथी के रूप में 18वर्षीय मार्क्स के विचारों के लगातार ज्यादा से ज्यादा "वामपंथी " होते जाने से उनके पिता बहुत चिंतित रहते थे | वे खुले दिमाग वाले उदार, जनवादी और भलेमानस किस्म के व्यक्ति थे | बेटे से उनके दोस्ताना संबंध थे और वे उसकी असामान्य प्रतिभा को भी पहचान चुके थे | वे चाहते थे कि मूर अपनी प्रतिभा का दर्शन आदि के क्षेत्र में इस्तेमाल तो करे, लेकिन सत्ता से बैर मोल लेने का जोखिम न ले और समाज में पद-प्रतिष्ठा हासिल करे । 

चिंतित पिता ने 1836 में बेटे को एक पत्र लिखा , जिसके अंत में उन्होने लिखा था : "क़ानून के बारे में तुम्हारे विचार सत्यरहित तो नहीं हैं, लेकिन यदि उन्हे एक प्रणाली में रूपांतरित कर दिया जाए, तो संभव है कि वे तूफान खड़ा कर देंगे और क्या तुम्हें नहीं मालूम कि विद्वानों के बीच कितने प्रचंड तूफान उठते हैं? यदि इन विचारों में मौजूद आपत्तिजनक चीजों को पूरीतरह से समाप्त नहीं किया जा सकता, तो कम से कम उनका रूप नरम और सुग्राह्य होना चाहिए ।"

पिता के लगातार ऐसे अनुनयों का उत्तर युवा मार्क्स ने एक कविता लिखकर दिया :

"कैसे मैं निष्क्रिय, बेपरवाह रहूँ उस चीज़ से 

आत्मा की ख़ातिर  जो  बिजली सी  बेचैन । 

चैन से और काहिली से भला क्या लेना मुझे 

मैं वहाँ हूँ, जिसजगह यह यलगार है, तूफ़ान है... 

रह  न     जाए  आधी-अधूरी   कोई  तृष्णा 

प्रकृति के वरदानों को समझने की है कोशिश मेरी।  

ज्ञान  की  गहराइयों में  कर  रहा  हूँ  गवेषणा 

कला और कविता में डूबा आत्मविभोर हूँ मैं ।  

काश   ज़ुर्रत और हिम्मत अब हमारा साथ दे 

ये नहीं अपना मुक़द्दर, सुलहेकुल सबकी उम्मीद। 

और कितने दिन रहेंगे बेज़ुबाँ बस रह लिए 

बस हुआ बेअक्ल और बेकार जीना बस हुआ। 

ये न हो हम बुज़दिलों की तरह से लाचार हों 

ज़ब्र से हों दबे-डरे,  कराहते  जुए  तले 

कुव्वते हर आरज़ू और क़ुव्वते अफ़कारोकार

आप से शर्मिंदा होकर दिल की दिल में ही रहे।"

युवा मार्क्स के काव्यात्मक प्रयोग बेशक परिपक्व और मंजे हुए नहीं थे, लेकिन वे राह खोजने की बेचैनी, एक सार्थक जीवन जीने के दृढ़निश्चय और विद्रोहात्मक भावनाओं से ओतप्रोत थे। 

क्या यह प्रसंग हमारे समय के युवाओं को साहसपूर्वक एक प्रयोगशील और न्याय के लिए संघर्षरत जीवन जीने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित नहीं करता ?

**




Thursday, March 16, 2023

हत्याओं के समय में प्रणय विकल कविताएँ

 

हत्याओं के समय में  प्रणय विकल कविताएँ


कौन हैं ये स्त्रियाँ

जो इस लहूलुहान वसंत में भी

छुअन के ताप से दहक रही हैं,

मिलन की यादों से गमक रही हैं,

इन्तज़ार की बेकली में सिसक रही हैं,

विरह की आग में झुलस रही हैं,

गतयौवना होने के भय से सिहर रही हैं!

राख हो चुकी बस्तियों से 

धुआँ अभी भी उठ रहा है,

हवा में चिराँयध गंध भरी हुई है,

ख़ून के प्यासे धर्मप्राण हत्यारों की भीड़

फिर किसी निरीह अकेले का 

पीछा कर रही है,

थके हुए बलात्कारी अभी सुस्ता रहे हैं

और ये मुक्तिकामी स्त्रियाँ 

आधुनिकतावादी विचारों से ढँका

अपना रीतिकालीन वैभव ढोती हुई

तमाम सांसारिक झंझटों से मुक्त,

तमाम राजनीतिक किचपिच से अप्रभावित,

निर्दोष-निष्कलुष उद्दाम प्रेम की तलाश में

आम और महुआ के महमह बागों

और नदियों और सागरों के किनारों

और सुदूर वादियों से लेकर 

आभासी संसार के अथाह-अछोर

तक भटक रही हैं।

युगों-युगों से छाती पर लदे 

अपने अकथ दुःखों का बोझ 

थोड़ी देर को हल्का कर लेने के लिए

ये दुखिया स्त्रियाँ नये रंगरसिया कवियों से

थोड़ी ठिठोली करना चाहती हैं।

इन्हें अशोक वाजपेई की कविता में

घुस जाने की आतुरता है।

अपनी कविताओं से

ये वहाँ तक पहुँचने का रास्ता

बना रही हैं।

हत्यारे मानचित्र पर झुके हुए 

हमले के नये टारगेट तक

पहुँचने का रास्ता पहचान रहे हैं।

उन्हें अपनी भूख मिटाने और फिर

चीरफाड़ देने के लिए

सबसे पहले स्त्रियाँ चाहिए,

बहुत सारी हर उम्र की स्त्रियाँ!

**


Friday, August 19, 2022

 


जैसे कोई ज़रूरी ख़त लेकर आता है डाकख़ाने देर से

खिड़की बंद हो चुकी होती है I

जैसे कोई शहर को आसन्न बाढ़ की चेतावनी देना चाह रहा हो,

पर वह दूसरी ज़ुबान बोलता है I वे उसे नहीं समझ पाते I

जैसे कोई भिखारी पाँचवीं बार वह दरवाज़ा खटखटाता है

जहाँ से चार दफ़ा पहले कुछ मिला था उसे

पाँचवी बार वह भूखा है I

जैसे किसी के घाव से ख़ून बह रहा हो और डॉक्टर का इंतज़ार कर रहा हो

उसका ख़ून बहता ही जाता है I

वैसे ही हम आगे आकर बताते हैं कि हमारे साथ बुरा हुआ है I

.

पहली बार बताया गया था कि हमारे दोस्तों का क़त्ल किया जा रहा है

दहशत की चीख़ थी

फिर सौ लोगों को क़त्ल किया गया I

लेकिन जब हज़ार क़त्ल किये गये, और क़त्लेआम की कोई इंतेहा नहीं थी

ख़ामोशी की एक चादर पसर गयी I

.

जब बुराई बारिश की तरह आती है, तो कोई भी नहीं चिल्लाता 'रुको'!

जब अपराध ढेर में तब्दील होने लगते हैं, तो वे अदृश्य हो जाते हैं I

जब दुख असहनीय हो जाते हैं, चीख़ें नहीं सुनी जातीं I

.

चीख़ें भी बरसती हैं गर्मी की बारिश की तरह I

-- बेर्टोल्ट ब्रेष्ट 

(अनुवाद:प्रकाश के रे )


Friday, September 17, 2021


जिस समाज में तुम रहते हो

यदि तुम उसकी एक शक्ति हो

जैसे सरिता की अगणित लहरों में

कोई एक लहर हो

तो अच्छा है.

जिस समाज में तुम रहते हो

यदि तुम उसकी सदा सुनिश्चित

अनुपेक्षित आवश्यकता हो

जैसे किसी मशीन में लगे बहु कल-पुर्जों में

कोई भी कल-पुर्जा हो

तो अच्छा है.

जिस समाज में तुम रहते हो

यदि उसकी करुणा ही करुणा

तुम को यह जीवन देती है

जैसे दुर्निवार निर्धनता

बिल्कुल टूटा-फूटा बर्तन घर किसान के रक्खे रहती

तो यह जीवन की भाषा में

तिरस्कार से पूर्ण मरण है.

जिस समाज में तुम रहते हो

यदि तुम उसकी एक शक्ति हो

उसकी ललकारों में से ललकार एक हो

उसकी अमित भुजाओं में दो भुजा तुम्हारी

चरणों में दो चरण तुम्हारे

आँखों में दो आँख तुम्हारी

तो निश्चय समाज-जीवन के तुम प्रतीक हो

निश्चय ही जीवन, चिर जीवन !

 -- त्रिलोचन

Thursday, September 16, 2021


हर एक बात पे कहते हो तुम कि तू क्या है

तुम्हीं कहो कि ये अंदाज़-ए-गुफ़्तुगू क्या है

रगों में दौड़ते फिरने के हम नहीं क़ाइल

जब आँख ही से न टपका तो फिर लहू क्या है

चिपक रहा है बदन पर लहू से पैराहन

हमारी जेब को अब हाजत-ए-रफ़ू क्या है

जला है जिस्म जहाँ दिल भी जल गया होगा

कुरेदते हो जो अब राख जुस्तुजू क्या है

रही न ताक़त-ए-गुफ़्तार और अगर हो भी

तो किस उम्मीद पे कहिए कि आरज़ू क्या है

बना है शाह का मुसाहिब फिरे है इतराता

वगर्ना शहर में 'ग़ालिब' की आबरू क्या है

-- मिर्ज़ा ग़ालिब

Friday, September 03, 2021

एक वृक्ष की त्रासद जीवन-गाथा

 



 एक वृक्ष की त्रासद जीवन-गाथा 

(दिवंगत कामरेड रामनाथ की स्‍मृति में ) 

....

सदानीरा उस नदी के किनारे 

फलदार वृक्षों से भरे हुए 

जंगल जैसे घने उस बागीचे ने 

कभी जीवन के कलरव से 

गुलज़ार दिन देखे थे – 

घने साये तले सुस्‍ताते मज़दूर , 

फूस की झोपड़‍ियों की छान्‍ही छाते लोग , 

कुछ घुमन्‍तू दस्‍तकारों के तम्‍बुओं से 

तरह-तरह के औज़ार बनाने की प्रक्रि‍या से 

जन्‍मी आवाज़ें और बच्‍चों और स्त्रियों की आवाज़ें 

और हुक्‍कों और चूल्‍हों से उठता धुऑं 

और ऊपर पत्‍तों के बीच 

रंग-बिरंगे पक्षियों का शोर... …

वहॉं ध्‍वनियों और रंगों और ऋतुओं और 

रोशनी और अँधेरे और आकृतियों और परछाइयों 

और गर्मी और ठण्‍डक और नमी और शुष्‍कता की 

एक भरी-पूरी दुनिया 

आबाद हुआ करती थी। 

मार्च-अप्रैल के महीनों में पूरे माहौल में 

आम्र मंजरियों और महुआ के फूलों की 

मादक गमक भरी रहती थी 

और गर्मियों में नदी पर झुके हुए 

आम और जामुन के पेड़ नदी में 

अपने कुछ फल गिराते रहते थे 

और पेड़ों की ऊँची डालियों से 

बच्‍चे शोर मचाते हुए 

उफनती लहरों में छलॉंग लगाते रहते थे। 

●

फिर गुज़रे क़रीब तीस-पैंतीस वर्षों के दौरान 

पर्यावरण कुछ ऐसा बदला कि 

नदी अपना पाट बदलकर 

बाग से दूर होकर बहने लगी। 

ज्‍़यादातर बूढ़े वृक्ष निर्जीव काठ हो गये 

शुष्‍क, पत्रहीन। 

कुछ के तनों को दीमकों ने खोखला कर दिया 

और कुछ को मिट्टी के ढूहों में बदल दिया। 

लोग अब यहॉं अड्डे नहीं जमाते थे, 

ख़ानाबदोशों की टोलियॉं 

इधर का रुख नहीं करती थीं 

और बच्‍चे तो जैसे इस ओर आने का 

रास्‍ता ही भूल चुके थे। 

उस निचाट उजाड़ में खड़ा रह गया था 

बरगद जैसा विशाल 

देसी आम का एक बूढ़ा पेड़, 

हर ऑंधी जिसकी कुछ डालियों को 

बेरहमी से तोड़ जाती थी 

और कुछ डालियॉं खुद ही सूखती चली जाती थीं। 

आसपास के गॉंवों के सयाने 

इस पेड़ को भुतहा बताने लगे थे। 

उम्रदराज़ पेड़ की जिजीविषा बसन्‍त ऋतु में 

कुछ बौर तो पैदा करती थी 

लेकिन टिकोरों के जन्‍म से पहले ही 

वे मधुआ कर झड़ जाया करते थे। 

उदास, एकाकी उस पेड़ के आसपास 

अब नहीं थे पुराने साथी-संघाती पेड़। 

बस आसपास कुछ बौनी, कँटीली, फूल-फलहीन, 

मनहूस और ज़हरीली झाड़‍ियॉं थीं। 

कुछ कोटरों में काहिल, बौद्धि‍कों से दीखते 

उल्‍लुओं के बसेरे थे। 

अक्‍सर पास की फ़ैक्‍ट्री के पीछे के नाले से निकलने वाला 

अपशिष्‍ट पीकर, नशे में सुस्‍त पड़े, 

झड़े हुए रोंओं वाले कुछ मरियल बन्‍दर भी 

उस बेरंग सन्‍नाटे में यहॉं-वहॉं 

लेटे मिल जाते थे। 

बस एक कठफोड़वा था 

जो बीच-बीच में आकर 

गतयौवन महाकाय वृक्ष की सूखती काया पर 

अपनी कठोर तीखी चोंच से 

ठक्-ठक् की चोट करता रहता था। 

●

चीज़ों की आन्‍तरिक गति ही 

अन्‍तत: होती है निर्णायक। 

सोचना तो उस एकाकी वृक्ष को भी था 

कि नदी उस बाग से दूर क्‍यों होती गयी 

जिसका वह सबसे पुराना निवासी था! 

क्‍यों छूटते गये उसके पुराने मित्र वृक्ष 

और तमाम जीवनोपयोगी वनस्‍पतियों की जगह 

कहॉं से उग आये ज़हरीले-कँटीले झाड़-झंखाड़ 

सॉंपों-बिच्‍छुओं से भरे हुए! 

लेकिन अपनी निजी क्षमता और अनुभव पर 

अतिआत्‍मविश्‍वास भी कई बार 

एक ऐसा मायाजाल रचता है 

कि आलोचनात्‍मक विवेक की क्षमता 

छीजती चली जाती है 

और चीज़ों को रास्‍ते पर लाने की सम्‍भावना 

रीतती चली जाती है। 

ऐसी ही कुछ त्रासदी घटित हुई 

उस अनुभवसम्‍पन्‍न वृक्ष के साथ भी। 

●

मरने से पहले उस वृक्ष ने 

पुराने दिनों को और गर्म दिलों की संगत को 

चिलचिलाती धूप में 

कॉंपते-थरथराते-झिलमिलाते भूदृश्‍य की तरह 

याद करते हुए 

नदी की लहरों को,  हरीतिमा को, 

पुरवा हवाओं की नमी को 

भरे गले से, कमज़ोर पड़ती आवाज़ में 

पुकारने की कोशिश की 

जो बेरहम कठफोड़वे की ठक्-ठक् और 

तेज़ हवा में झरझराती-खड़खड़ाती 

झाडि़यों के शोर में खो गयी। 

बूढ़ा वृक्ष यह देख नहीं पाया कि उसकी 

बची-खुची उम्‍मीदें ऐन उसके नीचे की 

मिट्टी में फैलती चली गयी थीं 

उससे जीवन-द्रव्‍य का रस और 

पुरखों की विरासत के खनिज लेकर 

और उसकी युयुत्‍सा जगह-जगह 

धरती की छाती फोड़कर पौधों की शक़्ल में 

उगने की कोशिश कर रही थी। 

उसकी कुछ जड़ें 

भूमिगत सुरंगों से होकर गुज़रते 

छापामारों की तरह लगातार 

नदी की ओर बढ़ती जा रही थीं। 

वे युवा वृक्षों के एक जंगल को 

जन्‍म देना चाहती थीं 

और नदी को खींचकर 

फिर से वापस लाना चाहती थीं। 

मृत्‍यु से जूझता वह वृद्ध वृक्ष 

नहीं देख सका सतह के नीचे का सच ,

नहीं भॉंप सका आगत की आहटें। 

उसे लगा कि उसकी पुकारें अब निरर्थक हैं, 

व्‍यर्थ है प्रतीक्षा अब  

नदी और हरीतिमा और पुरवा हवाओं की 

वापसी की। 

फि‍र उसने सॉंसों की टूटती डोर को 

थामने की कोशिश छोड़ दी, 

बिना यह जाने कि 

धरती के नीचे फैलती उसकी जड़ों में 

संचित जीवन की तरलता और हरीतिमा 

आने वाले दिनों में 

अनगिन युवा, जिजीविषु और युयुत्‍सु पेड़ों के 

एक भरे-पूरे जंगल को 

जन्‍म दे सकती हैं।

●

-- शशि प्रकाश (1 स‍ितम्‍बर 2021)

Monday, August 23, 2021

शोपेन का नग़मा बजता है


शोपेन का नग़मा बजता है

छलनी है अँधेरे का सीना, बरखा के भाले बरसे हैं

दीवारों के आँसू हैं रवां, घर ख़ामोशी में डूबे हैं

पानी में नहाये हैं बूटे,

गलियों में हू का फेरा है

शोपेन का नग़मा बजता है

इक ग़मगीं लड़की के चेहरे पर चाँद की ज़र्दी छाई है

जो बर्फ़ गिरी थी इस पे लहू के छींटों की रुशनाई है

ख़ूं का हर दाग़ दमकता है

शोपेन का नग़मा बजता है

कुछ आज़ादी के मतवाले, जां कफ़ पे लिये मैदां में गये

हर सू दुश्मन का नरग़ा था, कुछ बच निकले, कुछ खेत रहे

आलम में उनका शोहरा है

शोपेन का नग़मा बजता है

इक कूंज को सखियाँ छोड़ गईं आकाश की नीली राहों में

वो याद में तनहा रोती थी, लिपटाये अपनी बाँहों में

इक शाहीं उस पर झपटा है

शोपेन का नग़मा बजता है

ग़म ने साँचे में ढाला है

इक बाप के पत्थर चेहरे को

मुर्दा बेटे के माथे को

इक मां ने रोकर चूमा है

शोपेन का नग़मा बजता है

फिर फूलों की रुत लौट आई

और चाहने वालों की गर्दन में झूले डाले बाँहों ने

फिर झरने नाचे छन छन छन

अब बादल है न बरखा है

शोपेन का नग़मा बजता है

 --- फ़ैज़ अहमद फ़ैज़

Friday, August 20, 2021

त्रिलोचन की कविताएँ...

 


पथ पर चलते रहो निरंतर 

पथ पर

चलते रहो निरन्तर

सूनापन हो

या निर्जन हो

पथ पुकारता है

गत-स्वन हो

पथिक,

चरण-ध्वनि से

दो उत्तर

पथ पर

चलते रहो निरन्तर 

*

चोट जभी लगती है

तभी हँस देता हूँ

देखने वालों की आँखें

उस हालत में

देखा ही करती हैं

आँसू नहीं लाती हैं

और

जब पीड़ा बढ़ जाती है

बेहिसाब

तब

जाने-अनजाने लोगों में

जाता हूँकी

उनका हो जाता हूँ

हँसता हँसाता हूँ 

--- त्रिलोचन

Monday, August 16, 2021


तुम्हारी फाइलों में गाँव का मौसम गुलाबी है 

मगर ये आंँकड़े झूठे हैं ये दावा किताबी है 

उधर जम्हूरियत का ढोल पीते जा रहे हैं वो 

इधर परदे के पीछे बर्बरीयत है ,नवाबी है 

लगी है होड़ - सी देखो अमीरी औ ग़रीबी में 

ये गांँधीवाद के ढाँचे की बुनियादी खराबी है 

तुम्हारी मेज़ चांँदी की तुम्हारे जाम सोने के 

यहाँ जुम्मन के घर में आज भी फूटी रक़ाबी है।

-- अदम गोंडवी

Friday, August 06, 2021

यान्निस रित्सोस की कविताएँ


कभी-कभी कुछ कविताएँ 

दरवाज़ों की तरह होती हैं

वीरान घरों के ताला लगे

दरवाज़ों की तरह।

 -- यान्निस रित्सोस (1909-1990)

सुप्रसिद्ध वामपंथी यूनानी कवि

*********


मैं जानता हूँ कि हममें से हरेक शख़्स

अपने प्यार तक की यात्रा करता है अकेले

और अपने विश्वास तक की 

और अपनी मौत तक की।

मैं इसे जानता हूँ। मैंने इसे आजमाया है।

इससे बात नहीं बनती।

मुझे अपने साथ आने दो।

-- यान्निस रित्सोस

(सुप्रसिद्ध यूनानी वामपंथी कवि)

(The Moonlight Sonata)

Thursday, August 05, 2021

हमारी नींद -- वीरेन डंगवाल


आज वीरेन डंगवाल का 74वाँ जन्मदिन है I 1970 के दशक में उभरी वाम-जनवादी कविता-धारा की नयी पीढ़ी में मंगलेश डबराल, पंकज सिंह और नीलाभ की ही तरह वीरेन डंगवाल ने भी अपनी अलग काव्य-भाषा विकसित की और सादगी का एक नया सौन्दर्यशास्त्र रचा ! आज अपनी-अपनी ढब के ये चारों कवि हमारे बीच नहीं हैं !

 वीरेन डंगवाल के व्यक्तित्व में जो निश्छलता, सहृदयता, फक्कड़मिज़ाजी, आकर्षक सादगी, ज़िंदगी से उद्दाम प्यार और भविष्य के प्रति अगाध विश्वास जैसे विरल मानवीय गुण थे, वही उनकी कविता के भी मूल संघटक अवयव थे ! वीरेन दा ने मद्धम गति से लिखा और कम लिखा और धीरे-धीरे अपनी कविता की ओर लोगों का ध्यान खींचा, क्योंकि उनकी कविता में कोई आलंकारिक चमक और चौंकाऊ बिम्ब नहीं होते थे I रोज़मर्रा की ज़िंदगी, जीवन की संरचना को उद्घाटित करती परिघटनाओं और भावनाओं से वह ऐसी कविताओं का वर्णक्रम तैयार करते थे, जो रोज़ बरती जाने वाली ज़रूरी चीज़ों की तरह आत्मीयता की आभा से भरी होती थीं ! 

बरसों जानलेवा कैंसर से जंग लड़ते हुए उन्होंने उद्दाम जिजीविषा और युयुत्सा का परिचय दिया लेकिन 28 सितम्बर,2015 को वह यह युद्ध हार गए और मात्र 68 वर्ष की आयु में इस दुनिया को विदा कह गए ! 

उनको याद करते हुए हम यहाँ उनकी एक कविता प्रस्तुत कर रहे हैं : 


हमारी नींद

-- वीरेन डंगवाल

मेरी नींद के दौरान 

कुछ इंच बढ़ गए पेड़ 

कुछ सूत पौधे 

अंकुर ने अपने नाम मात्र कोमल सींगों से 

धकेलना शुरू किया

बीज की फूली हुई 

छत, भीतर से। 

एक मक्खी का जीवन-क्रम पूरा हुआ 

कई शिशु पैदा हुए, और उनमें से 

कई तो मारे भी गए 

दंगे, आगज़नी और बमबारी में। 

ग़रीब बस्तियों में भी 

धमाके से हुआ देवी जागरण 

लाउडस्पीकर पर। 

याने साधन तो सभी जुटा लिए हैं अत्याचारियों ने 

मगर जीवन हठीला फिर भी 

बढ़ता ही जाता आगे 

हमारी नींद के बावजूद 

और लोग भी हैं, कई लोग हैं 

अब भी 

जो भूले नहीं करना 

साफ़ और मज़बूत 

इनकार।

Saturday, July 24, 2021

 


सबसे बुरा 

तब होता है जब लोग -- जाने-अनजाने --

अपने भीतर एक क़ैदख़ाना

लिये चलने लगते हैं I

-- नाज़िम हिकमत

(नौ-दस बजे रात की कविताएँ)

Monday, June 07, 2021


बेइंतहा पसंद है मुझे 

आती हुई रात के

 झीने कुहासे को,

दरीचों को और सितारों को,

एक-एक करके आसमान में रौशन होते हुए देखना, और

गाढ़े धुँए की नदियों को ऊपर की ओर

सुस्ती से बहते हुए देखना ।

और फिर चाँद उगता है और उन्हें

चाँदी की रंगत दे देता है।

मैं देखूँगा बहारों, गर्मियों और

पतझड़ों को गुज़रते हुए आहिस्ता-आहिस्ता,

और  जब बूढ़ी सर्दी शीशे से

अपना सूना चेहरा सटा देगी,

तो मैं सभी दरवाज़ों-खिड़कियों को बंद कर लूँगा,

परदों को खींचकर नीचे गिरा दूँगा

और मोमबत्ती की रोशनी से अपने

 राजसी महलों की तामीर करूँगा ।

-- शार्ल बोद्लेयर (Les Fleurs du Mall)



Wednesday, June 02, 2021

हमेशा देर कर देता हूँ ...



मुनीर नियाज़ी की टीसती हुईं नज़्म 

हमेशा देर कर देता हूँ ...

.

हमेशा देर कर देता हूँ मैं हर काम करने में 

ज़रूरी बात कहनी हो कोई वा'दा निभाना हो 

उसे आवाज़ देनी हो उसे वापस बुलाना हो 

हमेशा देर कर देता हूँ मैं 

.

मदद करनी हो उस की यार की ढारस बँधाना हो 

बहुत देरीना रस्तों पर किसी से मिलने जाना हो 

हमेशा देर कर देता हूँ मैं 

.

बदलते मौसमों की सैर में दिल को लगाना हो 

किसी को याद रखना हो किसी को भूल जाना हो 

हमेशा देर कर देता हूँ मैं 

.

किसी को मौत से पहले किसी ग़म से बचाना हो 

हक़ीक़त और थी कुछ उस को जा के ये बताना हो 

हमेशा देर कर देता हूँ मैं हर काम करने में...

*

Tuesday, May 04, 2021

जवानी की दहलीज पर पैर रख रहे कार्ल मार्क्स की एक कविता की कुछ पंक्तियाँ


 जवानी की दहलीज पर पैर रख रहे कार्ल मार्क्स की एक कविता की कुछ पंक्तियाँ

.

" ... और मैं टोकता हूँ , आ सामने मुक़ाबले को 

 तो देव जैसी ये दुनिया

  हक़ीर नाहंजार । 

  एक आह भरती है 

  ढह पड़ती है वहीं पर वो

  उसीतरह से मैं रहता हूँ 

  फिर भी शोलाबार ।

  और एक शाने - खुदाबंदी से बेरोकटोक

  मैं इस खंडहर में हूँ विजय की तरह महमन्त ।

  मेरी ज़ुबान का हर कौल आग और अमल

  कि मेरा सीना है अब, विधाता का सीना । " 

--- कार्ल मार्क्स 

    ( छात्र जीवन में लिखी गई एक कविता का एक अंश )


Sunday, May 02, 2021

 


है अमानिशा, उगलता गगन घन अन्धकार,

खो रहा दिशा का ज्ञान, स्तब्ध है पवन-चार,

अप्रतिहत गरज रहा पीछे अम्बुधि विशाल,

भूधर ज्यों ध्यानमग्न, केवल जलती मशाल।

-- निराला (राम की शक्तिपूजा)

...........


फिर सुना हँस रहा अट्टहास रावण खलखल

- निराला (राम की शक्तिपूजा)

Saturday, April 17, 2021

 


एदुआर्दो गालेआनो की कविता — दुनिया भर में डर

जो लोग काम पर लगे हैं वे भयभीत हैं

 कि उनकी नौकरी छूट जायेगी

 जो काम पर नहीं लगे वे भयभीत हैं

कि उनको कभी काम नहीं मिलेगा

 जिन्हें चिंता नहीं है भूख की

 वे भयभीत हैं खाने को लेकर

 लोकतंत्र भयभीत है याद दिलाये जाने से और

 भाषा भयभीत है बोले जाने को लेकर

 आम नागरिक डरते हैं सेना से,

सेना डरती है हथियारों की कमी से

 हथियार डरते हैं कि युद्धों की कमी है

 यह भय का समय है

 स्त्रियाँ डरती हैं हिंसक पुरुषों से और पुरुष

 डरते हैं निर्भय स्त्रियों से

 चोरों का डर, पुलिस का डर

 डर बिना ताले के दरवाज़ों का,

घड़ियों के बिना समय का

 बिना टेलीविज़न बच्चों का, डर

 नींद की गोली के बिना रात का और दिन

 जगने वाली गोली के बिना

 भीड़ का भय, एकांत का भय

 भय कि क्या था पहले और क्या हो सकता है

 मरने का भय, जीने का भय


Wednesday, April 07, 2021

सुनो !


 सुनो !

यदि तारे चमकते हैं 

तो इसका मतलब यह है कि कोई है जिसे उनकी ज़रूरत है, 

इसका मतलब यह है कि कोई चाहता है कि वे हों, 

कि कोई है जो चिनगियों की उन कणिकाओं को 

भव्य समझता है !

--- व्लादिमिर मयाकोव्स्की

( 'सुनो !' कविता से )

Saturday, January 02, 2021


बहुत मिला न मिला ज़िन्दगी से ग़म क्या है

मता-ए-दर्द बहम है तो बेश-ओ-कम क्या है

हम एक उम्र से वाक़िफ़ हैं अब न समझाओ

के लुत्फ़ क्या है मेरे मेहरबाँ सितम क्या है

करे न जग में अलाव तो शेर किस मक़सद

करे न शहर में जल-थल तो चश्म-ए-नम क्या है

अजल के हाथ कोई आ रहा है परवाना

न जाने आज की फ़ेहरिस्त में रक़म क्या है

सजाओ बज़्म ग़ज़ल गाओ जाम ताज़ा करो

बहुत सही ग़म-ए-गेती शराब कम क्या है

लिहाज़ में कोई कुछ दूर साथ चलता है

वरना दहर में अब ख़िज़्र का भरम क्या है

-- फ़ैज़ अहमद फ़ैज़

Thursday, September 24, 2020

नाट्यशाला



 प्रस्तुत है का. शशि प्रकाश की एक ताज़ा कविता

*

नाट्यशाला

नाट्यशाला के अँधेरे में

तुम्‍हें लगता है कि अकेले हो वहाँ तुम

आसपास बैठे लोगों की उपस्थिति को

जैसे एकदम न महसूस करते हुए।

मंच पर प्रकाश रच रहा है जादू।

कभी वहाँ नीम अँधेरा होता है

कभी मद्धम रोशनी

तो कभी पूरा मंच नहाया हुआ रोशनी से।

कभी प्रकाश-वृत्त केन्द्रित होता है

किसी एक पात्र पर और कभी

एक विचित्र ब्रेष्‍टीय अलगाव-प्रभाव रचते हुए

उतर आता है दर्शकों के बीच और

नाटक फिर वहाँ चलने लगता है।

या फिर नीचे फैले अँधेरों के बीच से

कोई दर्शक उठकर मंच पर पहुँच जाता है और वहाँ जारी

उस नाटक का हिस्‍सा बन जाता है

जिसके आदि-अन्‍त का कुछ पता नहीं चलता।

और यूँही अचानक, न जाने कोई

मध्‍यान्‍तराल आता है, या अन्‍त,

प्रकाश वृत्त आकर टिक जाता है

अप्रत्‍याशित तुम्‍हारे ऊपर।

तुम्‍हें एक संगीत रचना प्रस्‍तुत करनी है

ऐसा तुम्‍हें लगता है।

तुम्‍हें नहीं पता कि

कब और कैसे तुम अपने को मंच पर पाते हो

अपने पुराने वायलिन के साथ।

तुम जानते हो कि सामने फैला अँधेरा निर्जन नहीं है।

विचारों की एक भीड़ उमड़ती है

पर उससे भी अधिक तुम पाते हो

एक दृढ़ संकल्‍प, भावावेगों का एक ज्‍वार

और आँसुओं, दु:ख, क्रोध और स्‍मृतियों की तरह

कुछ उमड़ता-घुमड़ता हुआ

और फिर

तुम एक बहुवर्णी, बहुस्वरीय सिम्‍फ़नी रचते हुए

उसमें उतरते चले जाते हो

डूबते हुए, बहते हुए, उतराते हुए...

कि सहसा एक आवाज़ गूँजती है

विस्‍फोट की तरह।

तुम्‍हारे वायलिन का एक तार टूट गया होता है।

लोग इन्‍तज़ार करते हैं कि

तुम रुकोगे और पीछे से नया वायलिन उठाओगे।

पर तुम रुकते नहीं हो।

आँखें बन्‍द करके

बस तीन तार पर ही

तुम अपनी संगीत यात्रा जारी रखते हो।

फिर सहसा टूटता है एक और तार

फिर भी तुम रुकते नहीं

और वायलिन के दो तारों से ही चमत्‍कार-सा रचते हुए

प्रस्‍तुत करते हो जादुई प्रभाव वाला सिम्‍फ़निक कम्‍पोज़ीशन

जिसे अविस्‍मरणीय तो नहीं कहा जा सकता

क्‍योंकि बहुत अच्‍छी और सुन्‍दर चीज़ें भुला दी जाती हैं

तभी यह दुनिया अपनी लीक पर चलती रह पाती है

और ज़मीर से किए गए करार तोड़ते रहने के बावजूद

बहुत-से लोग चैन की नींद सो पाते हैं।

तुम मंच से उतरते हो अपना पुराना, दो टूटे तारों वाला वायलिन

एक बच्‍चे को थमाते हुए।

‘जो कुछ है उससे ही संगीत पैदा करना होगा’

—तुम्‍हें सुनकर लोग सोचते हुए

नाट्यशाला से बाहर निकलते हैं।

पूरी नाट्यशाला अब रोशनी में

नहाई हुई है

लोग घरों की ओर जा चुके हैं।

तेज़ रोशनी में

अकेले बैठे हो तुम न जाने कबसे

कि चौकीदार आकर हौले-से

तुम्‍हारे कन्‍धे पर थपकी देता है,

“भौत टैम हो गया साहब,

अब तो साढ़े बारह की आख़िरी लोकल भी

आने वाली ही होगी।”

**

(एक घटना-प्र‍संग -- इत्‍झाक पर्लमैन एक विश्‍व-प्रसिद्ध इज़रायली-अमेरिकी वायलिन वादक हैं। एक बार उन्‍होंने अपनी एक सिम्‍फ़नी बजानी ही शुरू की थी कि उनके वायलिन का एक तार टूट गया। बीच में रुककर नया वायलिन लेने की जगह उन्‍होंने आँखें बन्‍द करके, एकदम डूबकर तीन तार के वायलिन पर ही अपना वादन जारी रखा। तीन तारों से कोई सिम्‍फ़निक कम्‍पोज़ीशन प्रस्‍तुत करना बेहद कठिन है, लेकिन पर्लमैन ने उस रात अपनी सर्वश्रेष्‍ठ और अविस्‍मरणीय प्रस्‍तुति दी। भावाभिभूत लोग खड़े होकर तालियाँ बजाते रहे। शोर थमने के बाद पर्लमैन ने बस एक वाक्‍य कहा,“जो कुछ भी हमारे पास है, हमें उसीसे संगीत पैदा करना होता है।”)


Saturday, August 22, 2020

ये शहर उदास इतना ज़ियादा तो नहीं था

 

ये शहर उदास इतना ज़ियादा तो नहीं था

गो सबको बहम साग़र-ओ-वादा तो नहीं था

ये शहर उदास इतना ज़ियादा तो नहीं था

गलियों में फिरा करते थे दो-चार दिवाने

हर शख़्स का सद चाक लबादा तो नहीं था

वाइज़ से रह-ओ-रस्म रही रिंद से सोहबत

फ़र्क़ इनमें कोई इतना ज़ियादा तो नहीं था

थक कर यूँ ही पल भर के लिए आँख लगी थी

सो कर ही न उट्ठें ये इरादा तो नहीं था

--- फ़ैज़ अहमद फ़ैज़



Monday, August 10, 2020

गाइड उवाच

 

विनोद पदरज हमारे समय के एक विशिष्ट और विलक्षण कवि हैं, हालाँकि वह चर्चा में कुछ कम ही रहते हैं ! मितकथन और अपनी विशिष्ट मर्मभेदी कहन-शैली में वह गहन और सान्द्र प्रभाव वाली कविताएँ लिखते हैं ! यह कविता उनके संकलन 'अगन जल' में संकलित है, लेकिन ऐसा लगता है जैसे एकदम आज के हालात पर लिखी गयी है ! एक ऐसी कविता है, जिसे आप कभी भुला नहीं सकेंगे !


देवियो और सज्जनो

अब हम जहाँ जा रहे हैं

वह हमारे समय का अभूतपूर्व मंदिर है


देखिए उधर , वहाँ दाईं ओर

उसका रक्ताभ शिखर दमक रहा है

आपसे अनुरोध है

कि अपनी अपनी नाक पर रुमाल रख लें

ज्यों ज्यों हम इसके नजदीक जायेंगे

सड़ांध उठेगी ,चिरायंध

और आपको

चीखें, कराहें और आर्त्तनाद सुनाई देगा

इसके प्रस्तरों से भल भल बहता खून भी

दिख सकता है

बशर्ते आपकी आत्मा

पारदर्शी हो


महाशयो

यही एक मात्र ऐसा मंदिर है

जहाँ आकर आपको

शांति की नहीं

संहार की अनुभूति होगी


क्षत-विक्षत शव

भंग अंग-प्रत्यंग

मांस के लोथ

अंतहीन विलाप

और शोक और शोक और शोक

और हार और हार और हार

और शर्म और शर्म और शर्म


सबसे महती बात है

इसमें ईश्वर नहीं रहता

बस रात गए

कुछ भले से दिखने वाले लोग

ठहाके लगाते दिखाई देते हैं

जिनके पाँव उल्टे हैं

Sunday, August 02, 2020

नाज़िम हिक़मत की दो कविताएँ

 

अपने बेटे के नाम आख़िरी चिट्ठी


बीजों में, धरती में, सागर में भरोसा करना,


मगर सबसे अधिक लोगों में भरोसा करना I


बादलों को, मशीनों को, और किताबों को प्यार करना,


मगर सबसे ज्यादा लोगों को प्यार करना I


ग़मज़दा होना


एक सूखी हुई टहनी के लिए,


एक मरते हुए तारे के लिए,


और एक चोट खाए जानवर के लिए,


लेकिन सबसे गहरे अहसास रखना लोगों के लिए I


खुशी महसूस करना धरती की हर रहमत में --


अँधेरे और रोशनी में,


चारों मौसमों में,


लेकिन सबसे बढ़कर लोगों में I


**


अज़ीम इन्सानियत


अज़ीम इन्सानियत जहाज़ के डेक पर सफ़र करती है


रेलगाड़ी में तीसरे दर्ज़े के डब्बे में


पक्की सड़क पर पैदल


अज़ीम इन्सानियत I


.

अज़ीम इन्सानियत आठ बजे काम पर जाती है


बीस की उम्र में शादी कर लेती है


चालीस तक पहुँचते मर जाती है


अज़ीम इन्सानियत I


.


रोटी काफ़ी होती है सबके लिए अज़ीम इन्सानियत को छोड़कर


चावल के साथ भी यही बात


चीनी के साथ भी यही बात


कपड़ों के साथ भी यही बात


किताबों के साथ भी यही बात


काफ़ी होती हैं चीज़ें सबके लिए अज़ीम इन्सानियत को छोड़कर I


.


अज़ीम इन्सानियत की ज़मीन पर छाँह नहीं होती


उसकी सड़क पर बत्ती नहीं होती


उसकी खिड़की पर शीशे नहीं होते


पर अज़ीम इन्सानियत के पास उम्मीद होती है


उम्मीद के बिना तुम ज़िन्दा नहीं रह सकते I

Friday, July 31, 2020

बच्चों को दे दें यह दुनिया

 

[एक बेहद कठिन समय में जब अँधेरा गहराता जा रहा हो और आपको भविष्य और आने वाली पीढ़ियों की खातिर बर्बरता की शक्तियों के विरुद्ध एक निर्मम-निर्णायक संघर्ष में उतरने की तैयारी करनी हो तो अपने हृदय की तरलता को, सपनों को, कविता को बचाए रखना ज़रूरी होता है ! इस तरलता से आपको धारा के विरुद्ध तैरने की शक्ति मिलती है, साहस मिलता है I कविता हमारा यह प्रयोजन सिद्ध करती है ! नाज़िम हिकमत ने आततायी सत्ता से लड़ते हुए जेलों में नारकीय जीवन भी बिताया, पर उनके हृदय में बच्चों, भविष्य और मनुष्यता के प्रति वह तरलता बनी रही जहाँ से कविता की अन्तर्धाराएँ फूटती हैं ! उन्होंने मनुष्यता के भविष्य के प्रति उम्मीद कभी नहीं छोड़ी I यही उनकी कविताओं की शक्ति है और इसीलिये कठिन समयों में वे हमें और अधिक आत्मीय लगती हैं ! कवियों को नाज़िम हिकमत से जानना चाहिए कि सुन्दर और शक्तिशाली कविता के वास्तविक स्रोत क्या हैं ! बाक़ी, शब्दों से सुन्दर पच्चीकारी करने वाले, बारीक रेशमी कतान और महीन तराश वाले तो बहुत घूम रहे हैं कविताओं का खोमचा सजाये, इस उम्मीद में कि महामहिमों की निगाह पड़ेगी तो कुछ इनामो-इकराम हासिल हो जायेंगे ! बहरहाल, आप नाज़िम हिकमत की यह ख़ूबसूरत कविता पढ़िए !]


चलो यह दुनिया सिर्फ़ एक दिन के लिए बच्चों को सौंप दें


खेलने के लिए चमकदार और चित्ताकर्षक रंगों वाले एक बैलून की तरह


और उन्हें खेलने दें सितारों के बीच गाते हुए


चलो बच्चों को दे दें यह दुनिया एक बहुत बड़े सेब की तरह, एक गरमागरम पावरोटी की तरह


कम से कम एक दिन उन्हें किसी चीज़ की कमी न हो


बच्चों को दे दें यह दुनिया


कम से कम एक दिन के लिए दुनिया को सीखने दें दोस्ती करना


बच्चे हमारे हाथों से हासिल करेंगे यह दुनिया


और वे रोपेंगे अनश्वर पौधे !


-- नाज़िम हिकमत

('बच्चों को दे दें यह दुनिया')



Thursday, July 30, 2020

कल सब कुछ बदला होगा बर्खुरदार !

 

यह कविता निकारागुआ के कवि एडविन कास्त्रो की है जिसे सोमोजा परिवार की कुख्यात, बर्बर तानाशाही के दौरान 18 मई, 1960 को जेल में क़त्ल कर दिया गया था I लम्बे संघर्षों और अकूत कुर्बानियों के बाद 1979 में सोमोजा तानाशाही को निकारागुआ की जनता ने धूल में मिला दिया I सोमोजा शासनकाल के दौरान ही पाब्लो नेरूदा को निकारागुआ के निर्वासित, बंदी और शहीद कवियों की रचनाओं का एक संकलन मिला जिसपर उन्होंने एक छोटी सी टिप्पणी लिखी जिसका शीर्षक था :'खून के थक्के, नफ़रत की लपटें !' यह कविता नेरूदा ने अपनी टिप्पणी में उद्धृत की है I आज के भारत में भी ज़िंदा दिलों वाले युवाओं के लिए इस कविता को पढ़ना एक प्रेरणादायी अनुभव होगा !


कल सब कुछ बदला होगा बर्खुरदार !

हमारे दुःख और तक़लीफ़ें खो जायेंगी अच्छाई की खातिर I

और नए, मज़बूत लोगों के भरोसेमंद हाथ

सख्ती से, उनके पीछे भेड़ देंगे दरवाज़े

हाँ, कल सब कुछ बदला होगा बर्खुरदार !

सिसकियाँ, वेदना और गोलियाँ बहुत हो गए अब

अपने बच्चों को पकड़ा अपनी उंगलियाँ

हर शहर की हर गली में तफ़रीह करोगे तुम

काश मैं भी चल सकता तुम्हारे साथ !

तुम्हारी तरुणाई को कोई नहीं फेंक सकेगा

दुखों के घटिया घटाटोप में,

जैसे फेंक दी उन्होंने मेरी I

तुम निर्वासन में नहीं मरोगे

अपने प्यारे देश से दूर

जैसे तुम्हारे दादा या मेरे पिता ...

हाँ, कल सब कुछ बदल जाएगा बर्खुरदार !

Thursday, July 23, 2020


(वो कहते हैं न ... 'बात निकलेगी तो फिर दूर तलक जायेगी' ... ! एन जी ओ पर बात निकल ही पड़ी तो मुझे साथी मनबहकी लाल की इस बेहद चुटीली कविता की याद आ गयी और फिर सोचा कि आप सभी को भी इसे पढ़वा ही दूँ I

एनजीओ आज देश के कोने-कोने में पसर गये हैं। ये किसी एक समस्या पर या कुछ समस्याओं (जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य ) पर काम करने की बात करते हैं और इनकी फंडिंग मुख्यतया बड़ी बड़ी फण्डिग एजेंसियां करती है। ये सारी फंडिंग एजेंसियां बड़े बड़े कॉर्पोरेट घरानों द्वारा सीधे संचालित होती हैं जैसे फोर्ड फाउंडेशन, गेट्स फाउंडेशन, भारत में नीता अंबानी फाउंडेशन, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन आदि-आदि। ये जनता को बोलते हैं कि आप खुद अपनी समस्याओं के लिए ज़िम्मेदार हैं और हम कॉर्पोरेट से लायी भीख से आपकी उस समस्या का समाधान कर देंगे। कॉर्पोरेट घराने जनता से सौ रुपये लूटकर चवन्नी वापस जनता को दान कर देते हैं और जनता के बीच ये भ्रम फैलाते हैं कि पूँजीवाद कितना संत है। एनजीओ की राजनीति पर केंद्रित यह कविता पढिए और सोचिए कि एनजीओ कितने खतरनाक हैं।)

*

भिखमंगे


________________________
भिखमंगे आये
नवयुग का मसीहा बनकर,
लोगों को अज्ञान, अशिक्षा और निर्धनता से मुक्ति दिलाने ।
अद्भुत वक्तृता, लेखन–कौशल और
सांगठनिक क्षमता से लैस
स्वस्थ–सुदर्शन–सुसंस्कृत भिखमंगे आये
हमारी बस्ती में ।
एशिया–अफ्रीका–लातिनी अमेरिका के
तमाम गरीबों के बीच
जिस तरह पहुंचे वे यानों और
वाहनों पर सवार,
उसी तरह आये वे हमारे बीच ।
भीख, दया, समर्पण और भय की
संस्कृति के प्रचारक
पुराने मिशनरियों से वे अलग थे,
जैसे कि उनके दाता भी भिन्न थे
अपने पूर्वजों से ।
अलग थे वे उन सर्वोदयी याचकों से भी
जिनके गांधीवादी जांघिये में
पड़ा रहता था
(और आज भी पड़ा रहता है)
विदेशी अनुदान का नाड़ा ।

भिखमंगे आये
अलग–अलग टोलियों में ।
कुछ ने अपने पश्चिमी वैभवशाली दाताओं की महिमा बखानी,
तो कुछ का दावा था कि वे
लुटेरों को उल्लू बनाकर
रकम ऐंठ लाये हैं
जनहित के लिए और
जनक्रान्ति की तैयारी के लिए
कुछ का कहना था कि
क्रान्ति की तैयारियों का भारी बोझ
न पड़े इस देश की गरीब जनता पर
इसलिए उन्होंने भीख से
संसाधन जुटाने का नायाब तरीका अपनाया है ।
कुछ का कहना था
कि क्रान्ति अभी बहुत दूर है
इसलिए वे तब तक कुछ सुधार ही
कर लेना चाहते हैं,
संवार देना चाहते हैं
दलितों–शोषितों–वंचितों का जीवन
एक हद तक
और फीस के तौर पर, बिना नेता–नौकरशाह
बनने का पाप किये,
खुद भी जुटा लेना चाहते हैं
घर, गाड़ी वगैरह कुछ अदना–सी चीजें
और अगर खुद वे आ गये हैं
जनता की खातिर इस नर्क जैसे देश में
तो क्या इतना भी चाहना अनुचित है
कि उनके बेटे–बेटी शिक्षा पायें
अमरीका में
कुछ का कहना था कि
अशिक्षा ही हमारे दुर्भाग्य का मूल है
अत: वे हमें शिक्षित करने आये हैं,
स्वास्थ्य और परिवार–नियोजन के बारे में
बताने आये हैं ।
कुछ का कहना था कि
हम सहकारी संस्था बनाकर
उत्पादन करें
तो हल हो जायेंगी हमारी
सारी दिक्कतें ।
कुछ ने कहा कि
जो ट्रेड–यूनियनें न कर सकीं,
वे वह कर दिखायेंगे,
राज्यसत्ता तो चांद मांगना है,
वे हमें चवन्नी–अठन्नी के लिए
नये सिरे से लड़ना सिखायेंगे ।
कुछ ने कहा कि दोष
कोर्ट–कचहरी–कानून और
सरकार का नहीं
हमारे गंवारपन का है
अत: वे हमें हमारे अधिकारों,
संविधान और श्रम–कानूनों के बारे में
पढ़ायेंगे
और जब हम जान जायेंगे कि
हमें सरकार से क्या मांगना है
तो हम मांगेंगे एक स्वर से
और हमारी याचना के तुमुलनाद
से जागकर, डरकर,
सरकार हमें दे देगी वह सब कुछ
जो हम चाहेंगे ।

भिखमंगों ने हमें लताड़ा
कि यदि सरकार अपनी जिम्मेदारियां
पूरी नहीं करती
तो हम उसका मुंह क्यों जोहते हैं
यदि वह नौकरियां नहीं देती
तो हम खुद क्यों नहीं कर लेते
कुछ काम–धाम
यदि वह सभी कारखानों को
पूंजीपतियों को दे रही है
और पूंजीपति हमें रोजगार नहीं दे रहे
तो हम स्वयं मिलकर क्यों नहीं
शुरू कर लेते कोई उद्यम
और फिर भी नहीं चलता काम
तो कम क्यों नहीं कर लेते
अपनी जरूरतें
बन्द क्यों नहीं कर देते
ऊपर की ओर देखना
चरम पर्यावरणवादी बन
चले क्यों नहीं जाते
प्रकृति की गोद में निवास करने

भिखमंगों ने बेरोजगार युवाओं से
कहा-“तुम हमारे पास आओ,
हम तुम्हें जनता की सेवा करना सिखायेंगे,
वेतन कम देंगे
पर गुजारा–भत्ता से बेहतर होगा
और उसकी भरपाई के लिए
‘जनता के आदमी’ का
ओहदा दिलायेंगे,
स्थायी नौकरी न सही,
बिना किसी जोखिम के
क्रान्तिकारी बनायेंगे,
मजबूरी के त्याग का वाजिब
मोल दिलायेंगे ।”
“रिटायर्ड, निराश, थके हुए क्रान्तिकारियो,
आओ, हम तुम्हें स्वर्ग का रास्ता बतायेंगे ।
वामपंथी विद्वानो, आओ
आओ सबआल्टर्न वालो,
आओ तमाम उत्तर मार्क्सवादियो,
उत्तर नारीवादियो वगैरह–वगैरह
आओ, अपने ज्ञान और अनुभव से
एन.जी.ओ. दर्शन के नये–नये शस्त्र और शास्त्र रचो,”
आह्वान किया भिखमंगों ने
और जुट गये दाता–एजेंसियों के लिए
नई रिपोर्ट तैयार करने में ।

भिखमंगों ने भीख को नई गरिमा दी,
भूमण्डलीकरण के दौर में
उसे अन्तरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा दी ।
भिखमंगों ने क्रान्ति और बदलाव की
नई परिभाषाएं रचीं ।
भिखमंगों ने कहा-“भूल जाओ
‘पैबन्द और कुर्ते का गीत’ ¹
वह पुराना पड़ चुका है ।
हम मांगकर लाते रहेंगे तुम्हारे लिए पैबन्द
तुम उन्हें सहेजना,
उन्हें जोड़कर एक दिन तैयार हो जायेगा
एक पूरा का पूरा कुर्ता ।
भूख से तड़पते हुए मर जाओगे
यदि समूची रोटी चाहोगे ।
हम तुम्हारे लिए मांगकर लाते रहेंगे
रोटी के छोटे–छोटे टुकड़े,
तुम उन्हें खाते जाओ
एक दिन तुम्हारे पेट में होगी
एक साबुत रोटी ।
मत करो बातें सारे कारखाने
और कोयला और खनिज और
मुल्क की हुकूमत पर कब्जे की,
ऐसी कोशिशें असफल हो चुकीं ।”
हम पूछते हैं व्यग्र होकर,
“आखिर कब तक चलेगा
इस तरह”
वह तर्जनी उठाकर हमें रोकते हैं,
“हम एक अर्जी लिख रहे हैं ।”
फिर वे एक रिपोर्ट लिखते हैं,
फिर चिन्तन करते हैं,
फिर दौरा करने किसी और दिशा में
चल देते हैं ।
हम पाते हैं, भिखमंगे नहीं वे
अपहरणकर्ता हैं
बदलाव के विचारों के, स्वप्नों और आशाओं के ।
आत्मा की ऊष्मा के खिलाफ
सतत सक्रिय
शीत की लहर हैं ये भिखमंगे ।

-- मनबहकी लाल

¹ ‘पैबन्द और कुर्ते का गीत’-ब्रेष्ट की प्रसिद्ध कविता
का सन्दर्भ

Wednesday, April 01, 2020


प्यार करना
और लड़ सकना
जीने पर ईमान ले आना मेरी दोस्त, यही होता है
धूप की तरह धरती पर खिल जाना
और फिर आलिंगन में सिमट जाना
बारूद की तरह भड़क उठना
और चारों दिशाओं में गूँज जाना -
जीने का यही सलीका होता है
प्यार करना और जीना उन्हें कभी नहीं आएगा
जिन्हें ज़िन्दगी ने बनिया बना दिया

(पाश : 'अब विदा लेता हूँ')

Thursday, March 26, 2020


(वे 1945-46 के तूफानी वर्ष थे।  उपनिवेशवाद के विरुद्ध भारतीय जनता के मुक्ति-संघर्ष के निर्णायक दिन थे। किसानों-मज़दूरों के साथ छात्र-युवा भी सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे और शौर्य और क़ुर्बानी के नए कीर्तिमान गढ़ रहे थे ! उसीसमय, जब गया से प्रकाशित साप्ताहिक 'उषा' के सम्पादक ने पत्रिका के होली विशेषांक के लिए निरालाजी से रचना की माँग की तो उन्होंने यह कविता उनको भेजी जो 'उषा' के मार्च'1946 में प्रकाशित होलिकांक में छपी थी!)

.

ख़ून की होली जो खेली

युवकजनों की है जान ;
ख़ून की होली जो खेली ।
पाया है लोगों में मान,
ख़ून की होली जो खेली ।

रँग गये जैसे पलाश;
कुसुम किंशुक के, सुहाए,
कोकनद के पाए प्राण,
ख़ून की होली जो खेली ।

निकले क्या कोंपल लाल,
फाग की आग लगी है,
फागुन की टेढ़ी तान,
ख़ून की होली जो खेली ।

खुल गई गीतों की रात,
किरन उतरी है प्रात की ;-
हाथ कुसुम-वरदान,
ख़ून की होली जो खेली ।

आई सुवेश बहार,
आम-लीची की मंजरी;
कटहल की अरघान,
ख़ून की होली जो खेली ।

विकच हुए कचनार,
हार पड़े अमलतास के ;
पाटल-होठों मुसकान,
ख़ून की होली जो खेली ।

-- निराला

Monday, March 23, 2020


लगाकर आग शहर को ये बादशाह ने कहा,

'उठा है आज दिल में तमाशे का शौक़ बहुत !'

झुका के सिर सभी शाहपरस्त बोल उठे,

'हुज़ूर का शौक़ सलामत रहे, शहर और भी हैं बहुत !'

(पाकिस्तान की एक शायरा जिसका नाम नहीं मालूम)

कहीं नहीं है कहीं भी नहीं लहू का सुराग़

न दस्त-ओ-नाख़ुन-ए-क़ातिल न आस्तीं पे निशाँ

न सुर्ख़ी-ए-लब-ए-खंजर न रंग-ए-नोक-ए-सिनाँ

न ख़ाक पर कोई धब्बा न बाम पर कोई दाग़

कहीं नहीं है कहीं भी नहीं लहू का सुराग़

न सर्फ़-ए-ख़िदमत-ए-शाहाँ कि ख़ूँ-बहा देते

न दीं की नज़्र कि बैआना-ए-जज़ा देते

न रज़्म-गाह में बरसा कि मो'तबर होता

किसी अलम पे रक़म हो के मुश्तहर होता

पुकारता रहा बे-आसरा यतीम लहू

किसी को बहर-ए-समाअत न वक़्त था न दिमाग़

न मुद्दई न शहादत हिसाब पाक हुआ

ये ख़ून-ए-ख़ाक-नशीनाँ था रिज़्क़-ए-ख़ाक हुआ

-- फ़ैज़ अहमद फ़ैज़

Wednesday, January 08, 2020



इतने में अँधेरे भीतरी घर से
निकल कर काल पीड़ित सत्य (ऊंचा क़द ,
जमाकर नाक पर टूटा हुआ चश्मा ,
दिखा अखबार ) कहता है
सुना तुमने !!
धधकती जा रही है ग्रंथशाला भी
हमारे पर्सिपोलिस की !!
कहाँ फ्रामरोज़ ( पण्डितराज )
केटायून (कवयित्री )
कहाँ बहराम ( संपादक )
कहाँ रुस्तम
उन्होंने सिर्फ नालिश की

अरे रे , सिर्फ़ नालिश की अंधेरी उस अदालत में
जहां मुंशी और मुंसिफ पी रहे थे
लुटेरे के अर्दली के साथ
रम , शैम्पेन , ह्विस्की --जब
उड़ेले जा रहे थे खून कैरोसीन के पीपे
लगाई जा रही थी सींक माचिस की
कहाँ थे तुम

कहाँ थे तुम
कि जब दस मंजिलों , दस गुंबदों वाली
सुलगती जा रही थी लायब्रेरी पर्सिपोलिस की
हमारे गहन जीवन-ज्ञान
मानव -मूल्य के उस एक्रोपोलिस की !!
... ...

-- मुक्तिबोध ('उस दिन')