हत्याओं के समय में प्रणय विकल कविताएँ
कौन हैं ये स्त्रियाँ
जो इस लहूलुहान वसंत में भी
छुअन के ताप से दहक रही हैं,
मिलन की यादों से गमक रही हैं,
इन्तज़ार की बेकली में सिसक रही हैं,
विरह की आग में झुलस रही हैं,
गतयौवना होने के भय से सिहर रही हैं!
राख हो चुकी बस्तियों से
धुआँ अभी भी उठ रहा है,
हवा में चिराँयध गंध भरी हुई है,
ख़ून के प्यासे धर्मप्राण हत्यारों की भीड़
फिर किसी निरीह अकेले का
पीछा कर रही है,
थके हुए बलात्कारी अभी सुस्ता रहे हैं
और ये मुक्तिकामी स्त्रियाँ
आधुनिकतावादी विचारों से ढँका
अपना रीतिकालीन वैभव ढोती हुई
तमाम सांसारिक झंझटों से मुक्त,
तमाम राजनीतिक किचपिच से अप्रभावित,
निर्दोष-निष्कलुष उद्दाम प्रेम की तलाश में
आम और महुआ के महमह बागों
और नदियों और सागरों के किनारों
और सुदूर वादियों से लेकर
आभासी संसार के अथाह-अछोर
तक भटक रही हैं।
युगों-युगों से छाती पर लदे
अपने अकथ दुःखों का बोझ
थोड़ी देर को हल्का कर लेने के लिए
ये दुखिया स्त्रियाँ नये रंगरसिया कवियों से
थोड़ी ठिठोली करना चाहती हैं।
इन्हें अशोक वाजपेई की कविता में
घुस जाने की आतुरता है।
अपनी कविताओं से
ये वहाँ तक पहुँचने का रास्ता
बना रही हैं।
हत्यारे मानचित्र पर झुके हुए
हमले के नये टारगेट तक
पहुँचने का रास्ता पहचान रहे हैं।
उन्हें अपनी भूख मिटाने और फिर
चीरफाड़ देने के लिए
सबसे पहले स्त्रियाँ चाहिए,
बहुत सारी हर उम्र की स्त्रियाँ!
**

No comments:
Post a Comment