सड़क का सच और किंवदंतियों का कवि
यह धर्मनगरी हरिद्वार का स्याह हाशिया है
जहाँ से कोई भी रास्ता स्वर्ग की ओर नहीं जाता I
इक्कीसवीं सदी के तेइसवें साल के तीसरे महीने की
तेरह तारीख़ को
भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरु की शहादत के दिन से
दस दिनों पहले
सबेरे आठ बजे के आसपास
लेबर चौक पर किनारे बैठा एक अधेड़ मज़दूर
अपनी हवाई चप्पल की टूटी हुई पट्टी को
तार से जोड़ रहा है I
मज़दूरों की भीड़ से घिरा
बाइक पर बैठा एक टुटपुँजिया लेबर कांट्रैक्टर
बिजली के सामान बनाने वाली एक फैक्ट्री में
तीन दिनों के काम के वास्ते सवा चार सौ रुपये की
दिहाड़ी पर बारह घण्टे खटने के लिए
दस हट्टे-कट्ठे नौजवान मज़दूर छाँट रहा है I
यहाँ से थोड़ी ही दूर मज़दूर बस्ती में
सड़क उस पार गली के मुहाने पर
नौजवानी की दहलीज़ पर खड़ा एक लड़का
दीवार पर चिपके नौजवान भारत सभा के पोस्टर पर लिखा
भगतसिंह का यह उद्धरण बोल-बोल कर पढ़ रहा है कि
अगर कोई सरकार नागरिकों की बुनियादी ज़रूरतों को
पूरा नहीं करती तो नौजवानों का कर्तव्य है कि वे
उस सरकार को तबाह कर दें!
रामबीर पंसारी की दुकान के बाजू में
चाय की गुमटी के सामने बेंच पर बैठे
कुछ मज़दूर बेड़ों के मालिक, कुछ रिटायर्ड पहाड़ी सवर्ण बूढ़े, कुछ क्लर्क,
मज़दूरों के बीच ब्याज पर पैसा चलाने वाले
प्रभुलाल त्यागी
और होम्योपैथी के डाक्टर नन्हे लाल
इस सनसनीखेज अखबारी रिपोर्ट पर
चिन्तापूर्ण चर्चा कर रहे हैं कि
दून घाटी में हाल के दिनों में सहारनपुर से आकर
सैकड़ों मुसलमान परिवार बस गये हैं
और घाटी का जनसांख्यिकीय संतुलन बिगड़ गया है I
एक का कहना है कि धामी जी ठीक जा रहे हैं
लेकिन उन्हें योगी जी के बुलडोजर राज का
माडल लागू करना होगा I
दूसरा हरियाणा और बिहार की मॉब लिंचिंग की
ताज़ा घटनाओं की चर्चा करते हुए उत्तराखण्ड में भी
गोरक्षकों की टोलियाँ संगठित करने पर बल दे रहा है I
प्रभुलाल त्यागी कह रहे हैं कि सबसे पहले तो
हमें कम्युनिस्टों का पुख़्ता इंतज़ाम करना होगा
और यह कि आजकल सभी नक्सली भगतसिंह की आड़ लेकर
कालेजों और मज़दूर बस्तियों में घुस रहे हैं I
नियमित शाखा में जाने वाले रघुनंदन कोश्यारी
रहस्यमय तरीके से धीमी आवाज़ में कहते हैं कि
जल्दी ही इनका इन्तज़ाम किया जाने वाला है!
इसी बीच वहाँ से गुज़रता है नौजवानों और
मज़दूरों का एक जुलूस
भगतसिंह और उनकी साथियों की याद में
पदयात्रा करते हुए,
नारे लगाते और पर्चे बाँटते हुए I
चाय की गुमटी के जमावड़े में चुप्पी छा जाती है I
वहीं दूसरी ओर आकर कुछ नौजवान मज़दूर भी
चाय पीने के लिए
खड़े हो जाते हैं I
पहले से जमी मण्डली बिखर जाती है I
अचानक मुझे उस कवि की याद आती है
जो इनदिनों लगातार करुणा, प्यार, शान्ति
और आँसुओं और अहिंसा की बातें करता है
और जो हत्या के माहौल पर दुख प्रकट करते हुए
हत्यारों के एक प्रतिनिधि से पुरस्कृत होने
उस प्रदेश में चला जाता है
जिसके साथ यह बहुप्रचलित किंवदंती
जुड़ी हुई है कि
वहाँ युद्ध से हुआ विनाश और प्राणों की क्षति
देखकर अशोक का हृदय-परिवर्तन हो गया था I
**
#कविता_रोशनाबाद
(15 march 2023)

No comments:
Post a Comment