जवानी की दहलीज पर पैर रख रहे कार्ल मार्क्स की एक कविता की कुछ पंक्तियाँ
" ... और मैं टोकता हूँ , आ सामने मुक़ाबले को
तो देव जैसी ये दुनिया
हक़ीर नाहंजार ।
एक आह भरती है
ढह पड़ती है वहीं पर वो
उसीतरह से मैं रहता हूँ
फिर भी शोलाबार ।
और एक शाने - खुदाबंदी से बेरोकटोक
मैं इस खंडहर में हूँ विजय की तरह महमन्त ।
मेरी ज़ुबान का हर कौल आग और अमल
कि मेरा सीना है अब, विधाता का सीना ।"
--- कार्ल मार्क्स ( छात्र जीवन में लिखी गई एक कविता का एक अंश )
.............................................................
(युवा मार्क्स के विद्रोही मानस के निर्माण की प्रक्रिया पर अलग-अलग समयों में लिखी गयी ये दो टिप्पणियाँ एक साथ प्रस्तुत हैं, विशेष तौर पर उन युवा साथियों के लिए, जो जीवन की अमानवीय परिस्थितियों से घृणा तो करते हैं लेकिन कभी स्वजनों-परिजनों के दबाव के आगे झुककर, कभी पारिवारिक ज़िम्मेदारियों के बारे में सोचकर, कभी निजी महत्वाकांक्षाओं के वशीभूत होकर, तो कभी इंक़िलाब के रास्ते की कठिनाइयों, अनिश्चितताओं, संभावित असफलताओं, इसके सतत् अन्वेषी चरित्र और सत्ताधारियों के दमन तंत्र के बारे में सोचकर विद्रोह करने से हिचक जाते हैं। )
(1)
युवा मार्क्स की 'प्रोमेथियन स्पिरिट'
मार्क्स की जिस 'प्रोमेथियन स्पिरिट' की बात अक्सर की जाती है वह तो छात्र-जीवन में ही उनमें घर कर चुकी थी । "सच तो यह है कि मैं देव-मंडली से घृणा करता हूँ"-- प्रोमेथियस की इस साहसी गर्वोक्ति के अनुरूप मार्क्स न केवल सभी "सांसारिक देवताओं" से युवावस्था में ही घृणा करने लगे थे, बल्कि निरंकुश सत्ताधारियों के नीच चाकरों को "डरपोंक खरगोश" कहकर उन्हें चुनौती भी देने लगे थे । सरकारी नौकरी के प्रस्ताव को उन्होने प्रोमेथियस के ही अंदाज़ में गर्वीले ढंग से ठुकरा दिया :
"दुर्भाग्य के बदले में कर लूँ मैं चाकरी
जान लो अच्छीतरह, यह हो नहीं सकता ।
पिता जीयस का बन जाऊँ खिदमतगुज़ार?
बेहतर है इससे, चट्टान से बंधा रहूँ ।"
(मार्क्स : 'प्रकृति के डेमोक्रिटियन और एपीक्यूरियन दर्शन
के बीच अंतर')
मार्क्स के अत्यधिक साहसी सत्ता-विरोधी और "वामपंथी" होते जा रहे रुख से उनके ब्रूनो बावेर जैसे वे तरुण हेगेलपंथी दोस्त भी घबराने लगे थे जो सिद्धान्त के क्षेत्र में साहस की डींगें मारा करते थे । ब्रूनो बावेर ने मार्क्स से यह अनुरोध किया था कि वे अपने शोध-प्रबंध की चुनौती भरी प्रस्तावना का स्वर नरम कर दें और प्रतिक्रियावादी मंत्री एइखहोर्न से माफी मांग लें । उन्होने मार्क्स को दार्शनिक संघर्षों में सतर्क रहने और सरकार की आलोचना से बाज आने की सलाह दी जिसे मार्क्स ने कंधे उचकाकर हवा में उड़ा दिया ।
युवा एंगेल्स तब मार्क्स के संपर्क में आ चुके थे और दुनिया की महानतम मैत्रियों में से एक की शुरुआत हो चुकी थी । एंगेल्स ने भी मार्क्स की तरह युवावस्था में काव्य-प्रयोगों में कुछ हाथ आजमाये थे । 1841 में उन्होने 'विश्वास की विजय' नामसे एक कविता लिखी थी जिसकी शुरू की चार पंक्तियों में ब्रूनो बावेर का एक व्यंग्यचित्र है और फिर कविता में मार्क्स का प्रवेश होता है एक दुर्द्धर्ष योद्धा के रूप में :
"बक रहा है तैश में वह मरियल शैतान-सा सब्ज़पोश,
कुटिल चेहरे पर है उसके क्रोध, अशांति और जोश ।
बाइबिल पर एतराज़ों का है एक सैलेरवां
हाथ में परचम लिए करता है सैरे-आसमां ।
और फिर तूफान की मानिंद ये कौन आ गया ?
त्रियेर का बाशिंदा, काले बाल, गुस्से से भरा
उसकी आमद जैसे एक पर्वत-सा हो आ फटा ,
जिसकी आँखों से टपकता है उन्मत्त हौसला ।
हाथ बेबाकी से हैं कुछ इसतरह आगे बढ़े ,
फेंक देगा आसमानों की तनाबें नोचके । "
इस अंधेरे समय में हमारे देश के प्रबुद्ध युवाओं को भी सोचना ही होगा कि उन्हें माँद में रहने वाले 'डरपोंक खरगोश' जैसे सुरक्षावादी बुद्धिजीवियों का जीवन चुनना है या प्रोमेथियन स्पिरिट में एक तूफानी जीवन जीना है, हरजगह अन्याय के खिलाफ मोर्चा लेते हुए और मुक्ति-मार्ग का संधान करते हुए ।
**
(2)
युवा हृदय में विद्रोह की अनवरत धधकती आग
मार्क्स ने क्रांति के विज्ञान की खोज तक की अपनी युगांतरकारी विचार-यात्रा किसी अकादमिक महत्वाकांक्षा के लिए नहीं पूरी की।
मूल बात यह थी कि अमानवीय सामाजिक परिस्थितियों के विरुद्ध विद्रोह की आग किशोरावस्था से ही उनके हृदय में जलने लगी थी। मानव मुक्ति का सही, वैज्ञानिक रास्ता क्या होगा, इसी की खोज करते हुए उन्होंने हेगेल के दर्शन से द्वंद्वात्मक और ऐतिहासिक भौतिकवाद तक की यात्रा तय की। अपना जीवन-लक्ष्य मार्क्स युवावस्था की दहलीज़ पर कदम रखते ही तय कर चुके थे। इसके लिए वह हर क़ीमत चुकाने के लिए, हर जोखिम मोल लेने के लिए तैयार थे। किसी भी तरह का समझौता उन्हें कतई स्वीकार नहीं था।
एक युवा हेगेलपंथी के रूप में 18वर्षीय मार्क्स के विचारों के लगातार ज्यादा से ज्यादा "वामपंथी " होते जाने से उनके पिता बहुत चिंतित रहते थे | वे खुले दिमाग वाले उदार, जनवादी और भलेमानस किस्म के व्यक्ति थे | बेटे से उनके दोस्ताना संबंध थे और वे उसकी असामान्य प्रतिभा को भी पहचान चुके थे | वे चाहते थे कि मूर अपनी प्रतिभा का दर्शन आदि के क्षेत्र में इस्तेमाल तो करे, लेकिन सत्ता से बैर मोल लेने का जोखिम न ले और समाज में पद-प्रतिष्ठा हासिल करे ।
चिंतित पिता ने 1836 में बेटे को एक पत्र लिखा , जिसके अंत में उन्होने लिखा था : "क़ानून के बारे में तुम्हारे विचार सत्यरहित तो नहीं हैं, लेकिन यदि उन्हे एक प्रणाली में रूपांतरित कर दिया जाए, तो संभव है कि वे तूफान खड़ा कर देंगे और क्या तुम्हें नहीं मालूम कि विद्वानों के बीच कितने प्रचंड तूफान उठते हैं? यदि इन विचारों में मौजूद आपत्तिजनक चीजों को पूरीतरह से समाप्त नहीं किया जा सकता, तो कम से कम उनका रूप नरम और सुग्राह्य होना चाहिए ।"
पिता के लगातार ऐसे अनुनयों का उत्तर युवा मार्क्स ने एक कविता लिखकर दिया :
"कैसे मैं निष्क्रिय, बेपरवाह रहूँ उस चीज़ से
आत्मा की ख़ातिर जो बिजली सी बेचैन ।
चैन से और काहिली से भला क्या लेना मुझे
मैं वहाँ हूँ, जिसजगह यह यलगार है, तूफ़ान है...
रह न जाए आधी-अधूरी कोई तृष्णा
प्रकृति के वरदानों को समझने की है कोशिश मेरी।
ज्ञान की गहराइयों में कर रहा हूँ गवेषणा
कला और कविता में डूबा आत्मविभोर हूँ मैं ।
काश ज़ुर्रत और हिम्मत अब हमारा साथ दे
ये नहीं अपना मुक़द्दर, सुलहेकुल सबकी उम्मीद।
और कितने दिन रहेंगे बेज़ुबाँ बस रह लिए
बस हुआ बेअक्ल और बेकार जीना बस हुआ।
ये न हो हम बुज़दिलों की तरह से लाचार हों
ज़ब्र से हों दबे-डरे, कराहते जुए तले
कुव्वते हर आरज़ू और क़ुव्वते अफ़कारोकार
आप से शर्मिंदा होकर दिल की दिल में ही रहे।"
युवा मार्क्स के काव्यात्मक प्रयोग बेशक परिपक्व और मंजे हुए नहीं थे, लेकिन वे राह खोजने की बेचैनी, एक सार्थक जीवन जीने के दृढ़निश्चय और विद्रोहात्मक भावनाओं से ओतप्रोत थे।
क्या यह प्रसंग हमारे समय के युवाओं को साहसपूर्वक एक प्रयोगशील और न्याय के लिए संघर्षरत जीवन जीने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित नहीं करता ?
**

No comments:
Post a Comment