अप्रत्याशित
.
बहुत दिनों बाद मिलना हो रहा था
और सुबह से काफ़ी उत्सुकता थी,
उत्साह था
जो उसके आने का वक़्त क़रीब
आते जाने के साथ मरता चला गया।
लगा जैसे मिलना जैसे भी होगा
और जो भी बातें होंगी
वो सब पहले से ही पता हैं।
और वैसा ही हुआ।
जैसी कि उम्मीद थी,
हमने अपने समय और समाज के
जलते-चुभते मुद्दों पर नहीं की कोई बात।
मन ही न हुआ कि पहले की तरह कविताओं पर
कुछ बातें करें।
चुप भी नहीं रहे क्योंकि चुप्पी तो
और भी दमघोंटू होती।
सारे सवाल और जवाब,
सारे गिले-शिकवे और शिकायतें
और सफ़ाइयाँ और बेहद सावधानी के साथ
पुराने दिनों की कुछ चुनी हुई यादें --
सबकुछ एकदम प्रत्याशित और पूर्वानुमानित।
एकदम अप्रत्याशित बस एक ही बात हुई
कि जब मौसम के बारे में बातें हो रही थीं,
तभी पेट से एक लहर सी उठी यक-ब-यक
जैसे बरसों से दबी हुई रुलाई की,और हलक़ में आकर अटक गयी।
**
(13 Aug 2023)


No comments:
Post a Comment