Monday, July 31, 2023

ताज्जुब नहीं कि इस बात पर भी मॉब लिंचिंग हो जाये!

 

"बहनजी, आप तो मुसलमानों जैसी बातें कर रही हैं! "

कहा उस आदमी ने

और मैने महसूस किया कि हालात

कितने ख़ौफ़नाक हो चुके हैं! 

"इलाहाबाद तक जा रहे हैं आप भी?"

"प्रयागराज जा रहा हूँ।"

-- खिड़की से बाहर देखते हुए 

जवाब दिया उपेक्षापूर्वक

सामने के बर्थ पर बैठे आदमी ने। 

जैसे-तैसे बात कुछ चली ही थी कि

किसी प्रसंग में

मैंने इक़बाल का एक शेर पढ़ दिया

और सामने बैठा दूसरा आदमी नफ़रत से

मुझे घूरते हुए बोला, "यही बात बेहतर तरीके से

कही जा सकती थी प्रसाद और

मैथिली शरण गुप्त के हवाले से। 

और गुसाईं जी की तो बात ही क्या! 

क्या ऐसा है जो सबसे सुंदर ढंग से 

नहीं कह गये तुलसी बाबा!"

फिर जैसे अचानक जगी कोई प्रेरणा

और ऊपर की बर्थ पर बैठे सज्जन

सुन्दर काण्ड का पाठ करने लगे। 

और मैने सोचा कि हिन्दी साहित्य पर

इतने ख़तरनाक ढंग से सोचा जा सकता है

ऐसे तो मैंने कभी

सोचा ही नहीं था! 

**


No comments:

Post a Comment