Friday, March 10, 2023

गद्दी गुरु के पद्दी चेले


गद्दी गुरु के पद्दी चेले


बड़े-बड़े सपनों में जीते

गद्दी गुरु के पद्दी चेले

साहित्यिक दुनिया में आकर

ख़ूब उन्होंने पापड़ बेले ।

नाकों चने चबाये फिर भी

सबके सब रह गये अधेले

ललचाई आँखों से देखें

कला जगत के मेले-ठेले ।

फिर सब पद्दी चेले मिलकर

गद्दी गुरु की शरण में आये

'प्रगति मार्ग बतलाओ प्रभुवर'

-- शीश झुकाकर वे रिरियाए ।

दीन-हीन पद्दी चेलों को

गद्दी गुरू देख मुस्काये

पिछवाड़े दो छड़ी लगाई

तब फिर आशीर्वचन सुनाये ।

गद्दी गुरु ने राह बताई

पद ओहदा इनाम पाने की

सत्ता की नज़रों में चढ़कर

रजधानी में जम जाने की ।

सभी पद्दियों में से कुछ ने

पाई ऊँची-ऊँची गद्दी

बाक़ी सब जैसे पहले थे

वैसे ही थे अब भी पद्दी ।

**

(10 march 2023)


No comments:

Post a Comment