Wednesday, September 28, 2022

 

क्रांतिकारियों के सक्रिय ग्रुप की मुख्‍य जिम्‍मेदारी, जनता तक पहुँचने और उन्‍हें सक्रिय बनाने की तैयारी में होती है। यही हैं वे चलते-फिरते दृढ़ इरादों के लोग जो राष्‍ट्र को जुझारू जीवनी शक्ति देंगे। ज्‍यों-ज्‍यों परिस्थितियाँ पकती हैं तो इन्‍हीं क्रांतिकारी बुद्धिजीवियों -- जो बुर्जुआ व पेटी बुर्जुआ से आते हैं और कुछ समय तक इसी वर्ग से आते भी रहेंगे, लेकिन जिन्‍होंने स्‍वयं को इस वर्ग की परम्‍पराओं से अलग कर लिया होता है -- से क्रांतिकारी पार्टी बनेगी और फिर इसके गिर्द अधिक से अधिक सक्रिय मज़दूर-किसान और छोटे दस्‍तकार राजनीतिक कार्यकर्ता जुड़ते रहेंगे। लेकिन मुख्‍य तौर यह क्रांतिकारी बुद्धिजीवियों, स्त्रियों  व पुरुषों की पा‍र्टी होगी, जिनकी मुख्‍य जिम्‍मेदारी यह होगी कि वे योजना बनायें, फिर उसे लागू करें, प्रोपेगेण्‍डा या प्रचार करें, अलग-अलग यूनियनों में काम शुरू कर उनमें एकजुटता लायें, उनके एकजुट हमले की योजना बनायें, सेना व पुलिस को क्रांति समर्थक बनायें और उनकी सहायता या अपनी अन्‍य शक्तियों से विद्रोह या आक्रमण की शक्‍ल में क्रांतिकारी टकराव की स्थिति बनायें, लोगों को विद्रोह के लिए प्रयत्‍नशील करें और समय पड़ने पर निर्भीकता से नेतृत्‍व दे सकें।

वास्‍तव में वही आन्‍दोलन का दिमाग हैं। इसीलिए उन्‍हें दृढ़ चरित्र की ज़रूरत होगी, यानी पहलकदमी और क्रांतिकारी नेतृत्‍व की क्षमता। उनकी समझ राजनीतिक, आर्थिक और ऐतिहासिक समस्‍याओं, सामाजिक रुझानों, प्रगतिशील विज्ञान, युद्ध के नये वैज्ञानिक तरीकों और उसकी कला आदि के अनुशासित भाव से किये गये गहरे अध्‍ययन पर आधारित होनी चाहिए। क्रांति परिश्रमी विचारकों और परिश्रमी कार्यकर्ताओं की पैदावार होती है। दुर्भाग्‍य से भारतीय क्रांति का बौद्धिक पक्ष हमेशा दुर्बल रहा है, इसीलिए क्रांति की अत्‍यावश्‍यक चीज़ों और किये कामों के प्रभाव पर ध्‍यान नहीं दिया जाता रहा है। इसीलिए एक क्रांतिकारी को अध्‍ययन-मनन अपनी पवित्र जिम्‍मेदारी बना लेना चाहिए।

--- भगतसिंह (फाँसी के पहले लिखे गये अंतिम महत्‍वपूर्ण दस्‍तावेज़ 'नौजवान राजनीतिक कार्यकर्ताओं के नाम पत्र' से, फरवरी, 1931)

No comments:

Post a Comment