इस युग से मेरा नाम काट दो !
अगर आलोचना के छोले-भटूरे और अखबारी समीक्षाओं का
चनाजोरगरम बेचने वालों की यह घोषणा सही है कि
यह हिन्दी कविता का 'अलाँ-फलाँ या ढिमका युग' है,
तो इस युग से ही मेरा नाम काट दो!
शहरक़ाज़ी की अदालत में मैं यह हलफ़नामा
दाख़िल कर दूँगी कि अब ताज़िन्दगी मैं कविता नहीं पढ़ूँगी,
या तो बकरियाँ चराऊँगी या चरखे पर सूत कातूँगी!
अगर यह भी नहीं मंजूर हो तो पहरेदारो!
साहित्य के इस दुर्ग के बुर्ज से मुझे नीचे खाई में फेंक दो!
विचारहीन मगध से भी ज़्यादा शोर है यहाँ
निरर्थक रँगे-चुने शब्दों का, जो दर्शन और इतिहास को रौंदते हुए
समय के साथ क्रीड़ा-कल्लोल कर रहे हैं!
कोई छैल-छबीली नर्तकी चौराहे पर मद्यपों से घिरी हुई
नागिन नृत्य करते हुए सौन्दर्यशास्त्र के नये सूत्र रच रही है
और आलोचकगण सिद्धान्तों की सिद्धगुटिका चोरी हो जाने के बाद
दरियागंज की गलियों में हकीम साहब के पुराने खा़नदानी शफ़ाख़ाने में
मर्दाना कमज़ोरी और जनाना बीमारियों की दवाइयों की
पुड़िया बाँध रहे हैं या बागपत, बुढ़ाना,उरई, कन्नौज जैसे
किसी छोटे से शहर या कस्बे में कचहरी के बाहर
सांडे का तेल और इत्र बेच रहे हैं!
**
17 Jul 2021

No comments:
Post a Comment