साधो , इसी नैतिकता ने यह सिखाया कि स्त्री डब्बे मे बन्द करने की चीज़ है। हमारा समाज मुरब्बे का बडा शौक़ीन है। वह बगीचे से फल तोड़कर लाता है , उसका मुरब्बा बनाकर रख लेता है और खाता रहता है। अब इस आधुनिक शिक्षा ने सब गड़बड़ कर दिया। स्त्रियां मुरब्बे के डब्बे मे रहती नही है। वे जब बाहर दिख जाती है , तब इस देश के पुरुष की आत्मा को बडी चोट पहुँचती है। शताब्दियों के उसके करे धरे पर पानी फिर रहा है। नैतिकता का नाश हो रहा है। संस्कृति का पतन हो रहा है। साधो , उसका कर्तव्य है कि वह इसका विरोध करे। वह विद्रोह में आवाजे कसता है , छेड़छाड़ करता है , गाली बकता है। अब बताओ , उसका यह सात्विक पवित्र विद्रोह क्या निंदा क पात्र है ??
-- हरिशंकर परसाई
*****
जो कमज़ोर होते हैं वे लड़ते नहीं ।
जो उनसे अधिक मज़बूत होते हैं
वे लड़ सकते हैं घंटे भर के लिए ।
जो और अधिक मज़बूत होते हैं , वे फिर भी
लड़ सकते हैं कई वर्षों तक ।
सबसे अधिक मज़बूत लोग लड़ते हैं
अपनी पूरी ज़िंदगी ।
वही हैं जो अपरिहार्य होते हैं ।
-- बेर्टोल्ट ब्रेष्ट
**********
और अब , अगर तुम बोलते हो , तुम्हें मरना होगा
अगर चुप रहते हो , तुम्हें मरना होगा
तो बोलो और बोलकर मरो ।
--ताहर जियात
(प्रगतिशील अल्जीरियन कवि जिनकी एक इस्लामी कट्टरपंथी गुट ने1993 में हत्या कर दी)
**********
जो चीज़ चोट पहुँचाती है, उसके बारे में ठोस और स्पष्ट शब्दों में लिखो!
-- अर्नेस्ट हेमिंग्वे
*************
"कला वह झूठ है जो हमें सच का अहसास करने में सक्षम बनाती है।"
-- पाब्लो पिकासो
***********
वह जो चीज़ों से किनारा करके खड़ा रहता है , उसके साथ यह जोखिम होता है कि वह अपने आप को दूसरों से बेहतर समझने लगे और समाज की अपनी आलोचना का दुरुपयोग अपने निजी हितों के लिए विचारधारा के तौर पर करने लगे ।
---थियोडोर अडोर्नो
*************
बहुत सारे लोग सोचते हैं कि वे सोच रहे हैं, जबकि वे अपने पूर्वाग्रहों को पुनर्व्यवस्थित कर रहे होते हैं।
-- विलियम जेम्स (1842-1910)
अमेरिकी दार्शनिक, इतिहासकार, मनोवैज्ञानिक
*********
इतिहास उदाहरणों के जरिए दर्शन की शिक्षा है।
-- थूसीडायड्स (प्राचीन यूनानी इतिहासकार और सेनापति)
****************
Segui il tuo corso, e lascia dir le genti !
(तुम अपनी राह चलते चलो, लोग कुछ भी कहें, कहने दो!)
-- दान्ते की उक्ति जो मार्क्स को प्रिय थी, इसी से 'पूँजी' खण्ड एक की भूमिका उन्होंने समाप्त की थी।
********
छल-कपट करके सफल होने से बेहतर है सम्मान के साथ विफल हो जाना।
-- सोफ़ोक्लीज़
**********
कुछ न कहना ... ... कभी-कभी बहुत कुछ कहता है ।
-- एमिली डिकिंसन
*************
मैं ऐसे सवाल पसंद करूँगा जिनके जवाब नहीं दिये जा सकते हों, बनिस्बत ऐसे जवाबों के जिनपर सवाल नहीं उठाये जा सकता हों।
-- रिचर्ड फ़ाइनमैन
(विख्यात भौतिक विज्ञानी)
************
अगर लोगों के लिए न्याय नहीं, तो सरकार के लिए भी शान्ति नहीं !
-- एमिलिआनो ज़पाटा
(8 अगस्त,1879-10 अप्रैल,1919), मेक्सिकन क्रान्तिकारी
****************
बैठे रहना और चीज़ों पर गौर करते रहना आसान होता हैI जो कठिन होता है, वह है उठ खड़ा होना और कार्रवाई में उतरना।
-- बाल्ज़ाक
*************
यह दुनिया मेरी वर्कशॉप है। यह मेरा घर नहीं है।
-- अब्बास कियारोस्तामी
विश्वख्यात ईरानी फ़िल्मकार
************
"मेरा मानना है कि कला, संगीत और नाटक, इन सभी धंधों में आलोचना का धंधा सबसे गया-गुजरा धंधा होता है, निश्चित ही, इसका कोई महत्व नहीं होता -- कोई अधिक महत्व तो कतई नहीं होता ... फिर भी इसे चलने दो। यह ईश्वर की इच्छा है कि हमारे पास आलोचक, और धर्म-प्रचारक, और संसद-सदस्य, और हास्य-रचनाकार (हास्य-कलाकार) हों और हम उनका बोझ उठायें!"
-- मार्क ट्वेन की आत्मकथा
************
सच्चाई उनको कत्तई मत बताओ जो उसके काबिल नहीं।
-- पाब्लो नेरूदा
**************
मौत से डरो मत! वह आधी-अधूरी ज़िन्दगी की तुलना में कम भयावह होती है।
-- बेर्टोल्ट ब्रेष्ट
************
जो लोग सच जान ही नहीं पाते वे अहमक हैं, लेकिन जो जानत-बूझते हुए सच को झूठ बताते हैं, वे अपराधी हैं।
-- बेर्टोल्ट ब्रेष्ट
********
समय एक खेल है जिसे सबसे खूबसूरत तरीके से बच्चे खेलते हैं।
-- हेराक्लिटस


No comments:
Post a Comment