अँधेरे दिनों का वाक़या
.
इस देश में फ़ासिस्टों के
सत्ता के शीर्ष तक पहुँचने से पहले ही
इस सुरम्य घाटी की सत्तर फीसदी हरियाली
लुप्त हो चुकी थी
और नब्बे प्रतिशत सोते सूख चुके थेI
यहाँ के रेलवे टर्मिनल तक ट्रेनें
हाथियों से भरे जंगल से होकर आती हैं
और फिर उसी से होकर लौट जाती हैं
और यात्री कहते हैं कि ऐसे यात्रा-वर्णन में
कहीं राजनीति नहीं आती
और उसे आनी भी नहीं चाहिएI
उधर राजधानी में
बेहद सुसंस्कृत और अभिजात लोगों की एक संस्था ने
बेहद सुसंस्कृत और अभिजात एक कवि को
इस शर्त के साथ कविता पढ़ने को बुलाया
कि उसमें राजनीति न होI
फ़ासिस्टों के सत्ता में आने से पहले
सत्ता का शक्तिशाली सांस्कृतिक तंत्र
बना और चला चुके उस कवि ने
आहत स्वाभिमान के साथ
आमंत्रण ठुकरा दिया और कहा कि हालाँकि वह
अधिकतर द्रवित योनियों, कठोर कुचाग्रों और
मदनोत्सवों का ही विवरण प्रस्तुत करता रहा है
और स्वयं कविता में राजनीति घुसेड़ने का
विरोधी रहा है लेकिन सशर्त कविता पढ़ना
उसे स्वीकार नहीं क्योंकि यह नागरिक आज़ादी
और सृजन के जनवादी अधिकार का सवाल हैI
उस बड़े और बूढ़े कवि से थोड़ा बाँये हटकर खड़े
कुछ वामपंथी भलेमानस सांस्कृतिक जन बोले
कि इसीलिए तो हम आपकी रहनुमाई में
फ़ासिस्टों के ख़िलाफ़ इस न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर
संयुक्त मोर्चा बनाये हुए हैं कि कम से कम
तीस-चालीस साल पहले जितना ही जनवाद
हासिल कर लिया जाये
और समाजवाद का चाँद हासिल कर लेने के
सपने देखने तो हमने
कभी के बंद कर दियेI
कला के पुजारी (ध्यान से पढ़िए, मैं
हवस का पुजारी नहीं कह रही हूँ) उस बूढ़े कवि ने
कहा, "हाँ, लेकिन याद रखना, बीच-बीच में
तुमलोगों की निन्दा करते रहने
और गाली देते रहने की मेरी निजी आज़ादी
सुरक्षित रहनी चाहिए और यह भी याद रखना कि
मेरे पास कितने धनशाली न्यास हैं!"
जिस संस्था का आमंत्रण ठुकराया था
उस सम्मानित, शक्तिशाली, जनवादी,
कलावादी कवि ने,
उसी में मुलाज़िम था प्रतिरोध से शुरू करके
समायोजन तक पहुँचने वाला
एक नव-अस्तित्ववादी युवा कविI
उसने कहा कि वह इन विवादों से दूर
कला के लिए ज़रूरी स्थितप्रज्ञता
और प्रसिद्धि के लिए ज़रूरी छल-नियोजनों में
जी रहा है और कविता और गद्य के सभी प्रयोगों
और सभी संभोगासनों से फ़िलहाल
थका और ऊबा हुआ हैI
उसने कहा कि वह पंखों को बरसाती से ढँककर
और बरसाती जूते पहनकर बस क्षितिज तक
उड़ते चले जाना चाहता हैI
हृदय से उसके शुभचिन्तक, कविता लिखने वाले
कुछ बूढ़े शराबियों ने
उसे आशीर्वचन सुनाये और यह चेतावनी दी कि,
"पहाड़ों और दूरस्थ घाटियों की ओर मत जाना!
उधर तूफ़ानी हवाएँ अचानक ही धावा बोलती हैं
और अक्सर बादल फटते रहते हैं!"
(1 Mar 2023)

No comments:
Post a Comment