रामदत्त जोशी की दारुण दशा की करुण कथा
रामदत्त जोशी स्टोरकीपर हैं एक फार्मा कंपनी में I
मूल निवासी हैं जहरीखाल के पास के एक गाँव के I
रोशनाबाद के उन सबसे पुराने बाशिंदों में से एक हैं
जो सिडकुल बनने के बाद यहाँ आये थे I
जोड़-जुगाड़ से तीन कमरों का घर खड़ा कर लिया है
और छत पर बने दो कमरों में दो मज़दूर परिवारों को
किरायेदार भी रख लिया है I
कभी-कभार पूजा पाठ भी करा दिया करते हैं जोशी जी I
नियमित तो नहीं, लेकिन शाखा में भी जाते हैं,
'नमस्ते सदा वत्सले' गाते हैं,
गाय को रोज़ाना रोटी खिलाते हैं,
मोदी जी को अवतारी पुरुष मानते हैं,
मुल्लों को टाइट किये जाने से ख़ुश रहते हैं,
बस्ती के बच्चों को पकड़ कर गायत्री मंत्र सिखाते हैं I
दो बेटियाँ जोशी जी की अनब्याही घर बैठी हैं अभी I
उनके हाथ पीले करने की उनकी कोई कोशिश
अभीतक रंग न ला सकी है I
संघ और शाखा के बंधुओं से भी कोई मदद नहीं मिली I
गोत्र तो श्रेष्ठ है, लेकिन पैसे की कमी आड़े आ जाती है I
जोशी जी का छोटा लड़का बीए करके
टेम्पररी हाजिरी बाबू लगा है एक कारख़ाने में
और स्थायी नौकरी की तलाश जारी है I
बडा़ लड़का पालिटेक्निक की पढ़ाई पूरी करने के बाद
पाँच वर्षों से बेरोज़गार है,
सभी तरह की नौकरियों के फार्म भरता रहता है I
पंडितानी अब आये दिन ताने देती हैं,"तुम्हारी
सारी भक्ति-तपस्या कवनो काम न आयी I
सभी संघ वाले निखट्टू हैं, बजरबट्टू हैं,
और मोदी तो सिर्फ़ गाल बजाता है I"
पिछले दिनों 9 फरवरी को
उत्तराखंड नौकरी भर्ती घोटाले के ख़िलाफ़
जब नौजवानों ने विरोध प्रदर्शन किया तो
जोशी जी का बड़ा बेटा भी साथी-संघातियों के साथ
देहरादून जाकर उसमें शामिल हुआ I
पुलिस ने बरसाईं जुलूस पर जब ताबड़तोड़ लाठियाँ
तो उसका भी सिर फट गया और टूट गया बाँया हाथ I
गिरफ़्तारी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया
पुलिस वालों ने I
ख़बर मिली देर रात I
जोशी जी भागे-भागे देहरादून गये I
भक्ति की शक्ति काम न आयी I
संघ के परिचितों ने मदद करने की जगह
जोशी जी को ही लताड़ लगाई कि बेटा
हिन्दूहित और राष्ट्रहित के लिए कुर्बानी देने के बजाय
अपनी ही सरकार की धोती खोल रहा है I
खिन्नमना जोशी जी 12 फरवरी को घर लौटे
प्लास्टर चढ़े हाथ और पट्टियों से ढँके सिर वाले
बेटे को टैक्सी में लादे हुए I
दो दिन बाद जोशी जी बैठे थे अनमने चुपचाप
रघुनाथ की चाय की गुमटी के सामने स्टूल पर
चाय का गिलास थामे हाथ में I
इतने में नरेश सैनी ने आकर उन्हें सादर प्रणाम किया I
नरेश उत्साही स्वयंसेवक है, बलबीर सैनी का बेटा है
जो मज़दूरों के एक बेड़े का मालिक है I
नरेश बोला, "जोशी जी, एक बेजोड़ आइडिया आया है
मुल्लों को टाइट करने का I
यह रोशनाबाद एकदम मुसलमानी नाम है
और वह भी एकदम धर्मनगरी हरिद्वार में I
इसका नाम बदलकर प्रकाशपुरी कर दिया जाये
तो छोटा पाकिस्तान वाले मीयों की छाती पर भी
साँप लोट जायेगा I"
जोशी जी चुप रहे थोड़ी देर,
फिर बोले, "नरेश बेटा, अब तुम ही लोगन देश को विश्वगुरु बनाओ I
हमसे तो अब न हो सकेगा कि गाँड़ फटे मल्हार गावैं I
हम तो खुदै बहुत टाइट हो गये बच्चा!
एकदम चूतिया कट गया!
यह लै अपनी लकुटि कमरिया बहुतहिं नाच नचायो!
अइसा करो, अपनी आइडिया की बत्ती बनाके
हमरी पिछवाड़े डाल दो और माचिस लगा दो I
फिर इतना प्रकाश होगा कि मुल्ले तो क्या
सारी दुनिया रोशनाबाद को प्रकाशपुरी बनते देखेगी I"
नरेश ही नहीं, आसपास खड़े-बैठे सभी लोग हतप्रभ थे
'नमस्ते सदा वत्सले' वाले मुखारविंद से
ऐसे दुर्वचन झरते देखकर I
पास की अपनी गुमटी के सामने पंक्चर बनाते गफूर मियाँ
ख़ुद को अपने काम में इतना तल्लीन दिखा रहे थे
जैसे पंक्चर न साट रहे हों, कशीदाकारी कर रहे हों I
ऐसा दिखा रहे थे जैसे उन्होंने कुछ सुना ही नहीं!
**
#कविता_रोशनाबाद
(19 feb 2023)

No comments:
Post a Comment