विनम्र, क्षमाशील, धैर्यवान और उदार तो होना चाहिए, लेकिन समझौतापरस्त, बेवकूफ़, अड़ियल और उदारतावादी कत्तई नहीं!
विज्ञान और क्रान्तिकारी राजनीति की दुनिया में वैचारिक मतभेदों को दरकिनार करके कोई एकता नहीं होती। क्रान्तिकारी शक्तियों की एकता-प्रक्रिया कोई 'होली-मिलन समारोह' नहीं होती। जो द्वंद्ववाद का ककहरा भी समझता है, वह जानता है कि संघर्षों से ही एकता बनती है। कोई भी कम्युनिस्ट दो काम साथ-साथ करता है: पहला, विरोधी अवस्थितियों से वैचारिक संघर्ष और दूसरा, सामाजिक प्रयोगों में अपनी सोच का सत्यापन, दोष-निवारण और उन्नयन। इन दोनों कामों में कभी एक प्रधान होता है तो कभी दूसरा, लेकिन हर स्थिति में ये दोनों काम अविराम जारी रहते हैं।
वैचारिक संघर्ष में अगर कोई वैज्ञानिक या क्रान्तिकारी अपने विचार को ग़लत या असंतुलित या अधूरा पाता है तो वह अपनी बात पर अड़े रहने का हठ पालने या गोलमाल और लीपापोती करने की जगह सीधे दो-टूक भाषा में अपनी कमी या ग़लती को स्वीकारता है और अपनी अवस्थिति को दुरुस्त करता है।
विज्ञान और दर्शन निर्मम तर्कणा और प्रखर वाद-विवाद की माँग करते हैं। मार्क्सवाद क्रान्ति का विज्ञान है और उसका विकास भी विरोधी विचारों के साथ निर्मम संघर्षों के दौरान ही हुआ है।
किसी ग़लत बात को खण्डन किये बिना छोड़ देना बेईमानी है, ऐसा मार्क्स ने कहा था। यह अवसरवाद और उदारतावाद है।
एक वैज्ञानिक सच्चाई बयान करते ही, सामने उपस्थित नयी परिस्थितियों और परिघटनाओं की वस्तुनिष्ठ समझ बनाने और प्रस्तुत करने की कोशिश करते ही, आप अलग-थलग पड़ जाते हैं। पिछड़ी बौद्धिक चेतना वाले समाजों में यह और अधिक होता है। जब निराशा और यथास्थितिवाद का घटाटोप हो तो क्रान्तिकारी राजनीति में भी लोकरंजकतावाद (पॉपुलिज़्म), व्यवहारवाद (प्रैग्मेटिज़्म) और जड़सूत्रवाद (डॉगमेटिज़्म) के रोगाणु गहराई तक पैठ जाते हैं। इसके बाद लिबरल और सोशल डेमोक्रेटिक वायरसों के नाना प्रकार के म्यूटेंट्स भी धावा बोल देते हैं।
लेकिन यह कोई नयी बात नहीं है। यह मार्क्स के जीवन-काल से ही होता रहा है।
नये वैज्ञानिक निष्कर्ष स्थापित अश्मीभूत पूर्वधारणाओं और जड़ीभूत पूर्वाग्रहों के घटाटोप को चीरकर ही अपना रास्ता बनाते रहे हैं।
पहले से मौजूद वैज्ञानिक विचारों और सामने उपस्थित नयी परिस्थितियों के गहन अध्ययन और मंथन से नि:सृत जो वैज्ञानिक सत्य पहले कुछ मस्तिष्कों तक पहुँचता है, उसे अलगाव,तीव्र प्रतिक्रिया और रोषपूर्ण प्रहारों का सामना करना ही पड़ता है। फिर कठिन वैचारिक संघर्ष और व्यावहारिक सत्यापन के कुण्डलाकार (स्पाइरल) मार्ग से होकर वह विचार क्रान्तिकारी बदलाव के अगुआ वाहकों के बीच अपना प्राधिकार (अथॉरिटी) या वर्चस्व (हेजेमनी) स्थापित करता है। उसके बाद, सामाजिक क्रान्ति की सुदीर्घ प्रक्रिया में, व्यवहार में स्वयं को बार-बार सत्यापित करते हुए और विकसित होते हुए, कोई वैज्ञानिक और क्रान्तिकारी विचार व्यापक जनसमुदाय में अपना प्राधिकार स्थापित करता है।
(फुटकल राजनीतिक नोट्स, 26 मई'2021)

No comments:
Post a Comment