Tuesday, November 27, 2012

प्रसिद्ध वामपंथी सामाजिक कर्मी, ‘अनुराग ट्रस्ट’ की मुख्य न्यासी कमला पाण्डेय का निधन


लखनऊ, 26 नवम्बर। अनुराग ट्रस्ट के न्यासीमण्डल और शुभचिन्तकों की एक आपात बैठक में ट्रस्ट की मुख्य न्यासी, प्रतिष्ठित वामपंथी सामाजिक कर्मी और ‘अनुराग’ बाल पत्रिका की मुख्य सम्पादक कमला पाण्डेय के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया गया तथा ट्रस्ट के क्रियाकलापों के माध्यम से उनके जीवन लक्ष्य को आगे बढ़ाने का संकल्‍प लिया गया।

बयासी वर्षीया श्रीमती कमला पाण्डेय अपनी अन्तिम सांस तक अपने लक्ष्य के लिए सक्रिय रहीं। उनका जन्म 15 जुलाई, 1930 को कानपुर में हुआ था। बचपन में ही वामपंथी मजदूर संगठनकर्ता और अपने चचेरे भाई शिव शर्मा की प्रेरणा से स्वतंत्राता आन्दोलन में कूद पड़ीं। आगे चलकर कम्युनिस्ट पार्टी के एक संगठनकर्ता जय नारायण पाण्डेय (बाद में लखनऊ वि. वि. में प्राध्यापक) से हुई। कमला जी शिक्षिका के रूप में काम करते हुए उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षक संघ को संगठित करने में अग्रणी भूमिका निभाई और अवकाश प्राप्ति तक सक्रिय रहते हुए कई बार जेल यात्रा भी की। 1989 में पुत्र और 1991 में पति की असमय मृत्यु के बाद कमला जी ने अपना जीवन बच्चों के मोर्चे को समर्पित कर दिया।

1992 में ‘अनुराग बाल केन्द्र’ और ‘अनुराग’ बाल पत्रिका की शुरुआत हुई। 2001 में इन्हीं कामों को आगे विस्तार देने के लिए ‘अनुराग ट्रस्ट’ की स्थापना करके कमला जी ने अपना सब कुछ उसे समर्पित कर दिया।

आज अनुराग ट्रस्ट लखनउफ, गोरखपुर, गाजियाबाद, पटना, दिल्ली, लुधियाना, चण्डीगढ़ और मुम्बई में सक्रिय है। वहां गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा और सांस्कृतिक कार्यशाला जैसी गतिविधियां चलाई जाती हैं। ‘अनुराग’ पत्रिका के नियमित प्रकाशन के अतिरिक्त हिन्दी, अंग्रेजी और पंजाबी में करीब 200 बाल पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। अब बंगला और मराठी में भी प्रकाशन शुरू होने वाला है।

अभी गत वर्ष अप्रैल में ही कमला पाण्डेय ने अनुराग ट्रस्ट के वार्षिक आयोजन में अपनी अन्तिम इच्छा वसीयतनामा के रूप में प्रस्तुत किया था और साथ ही उनकी चार पुस्तकों का विमोचन भी हुआ था।

अत्यधिक आयु के बावजूद वे लगातार ट्रस्ट के कामों में सक्रिय थीं। कुछ ही दिनों पूर्व वे अपने कुछ परिजनों के साथ दो-तीन दिनों के लिए गयी थीं और आज उनकी मृत्यु की आकस्मिक सूचना मिली। अनुराग ट्रस्ट जल्दी ही उनकी स्मृति में ट्रस्ट के मुख्यालय पर कुछ नये कार्यक्रमों की शुरुआत करेगा। इसकी घोषणा जल्दी ही की जायेगी।

1 comment: