Thursday, January 20, 2011

सात भाइयों के बीच चम्‍पा - कात्‍यायनी


सात भाइयों के बीच
चम्‍पा सयानी हुई।
बांस की टहनी-सी लचक वाली,
बाप की छाती पर सांप-सी लोटती
सपनों में
काली छाया-सी डोलती
सात भाइयों के बीच
चम्‍पा सयानी हुई।

ओखल में धान के साथ
कूट दी गयी
भूसी के साथ कूड़े पर
फेंक दी गयी।
वहां अमरबेल बनकर उगी।
झरबेरी के सात कंटीले झाड़ों के बीच
चम्‍पा अमरबेल बन सयानी हुई।
फिर से घर आ धमकी।

सात भाइयों के बीच सयानी चम्‍पा
एक दिन घर की छत से
लटकती पायी गयी।
तालाब में जलकुम्‍भी के जालों के बीच
दबा दी गयी।
वहां एक नीलकमल उग आया।
जलकुम्‍भी के जालों से ऊपर उठकर
चम्‍पा फिर घर आ गयी,
देवता पर चढ़ायी गयी
मुरझाने पर मसलकर फेंक दी गयी,
जलायी गयी।
उसकी राख़ बिखेर दी गयी
पूरे गांव में।

रात को बारिश हुई झमड़कर।
अगले ही दिन
हर दरवाजे़ के बाहर
नागफनी के बीहड़ घेरों के बीच
निर्भय-निस्‍संग चम्‍पा
मुस्‍कुराती पायी गयी।
                            -कात्‍यायनी

No comments:

Post a Comment